Pulwama एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, जैश का टॉप कमांडर सहित दो आतंकी ढेर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2021, 10:18 AM IST

Pulwama Encounter: जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एक एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने जैश ए मोहम्मद के टॉप कमांडर यासिर पैरी सहित दो आतंकियों को मार गिराया है।

Pulwama एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, जैश का टॉप कमांडर सहित दो आतंकी ढेर

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार तड़के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हो गई जिसमें जैश का एक शीर्ष कमांडर मारा गया है। पुलवामा के कसबयार इलाके में  हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है। कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान अभी भी जारी है और यहां और भी आतंकवादियों के छिपे होने की संभावना है। एनकाउंटर में किसी आम नागरिक और सुरक्षाबलों के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।

टॉप कमांडर ढेर

आईजीपी कश्मीर ने बताया, कि मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का टॉप कमांडर यासिर पारे भी मारा गया है जो आईईडी एक्सपर्ट था। वहीं दूसरे आतंकी की पहचान फुरकान के रूप में हुई है जो पाकिस्तान का रहने वाला है। दोनों ही आतंकवादियों ने आतंक और अपराध की कई घटनाओं को अंजाम दिया था और पुलिस तथा सुरक्षाबल लंबे समय से इनकी तलाशी कर रहे हैं।

आतंक के खिलाफ जारी है अभियान

आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। सोमवार को ही सरकार ने बताया था जम्मू कश्मीर में पिछले तीन साल के दौरान आतंकवादियों के हमलों की 1,033 घटनाएं हुयीं और उनमें से सबसे अधिक 594 घटनाएं 2019 में दर्ज की गयीं। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में पिछले साल 244 आतंकवादी हमले हुए जबकि मौजूदा वर्ष में 15 नवंबर तक ऐसी 196 घटनाएं हुयीं।

End of Article