Maharashtra:यवतमाल में कोविड-19 केयर सेंटर से फरार हो गए 20 मरीज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 25, 2021, 02:19 PM IST

Yavatmal Corona News: ये सभी 19 मरीज और एक अन्य मरीज शनिवार को सुबह करीब आठ बजे देखभाल केंद्र से फरार हो गए।

Maharashtra:यवतमाल में कोविड-19 केयर सेंटर से फरार हो गए 20 मरीज

यवतमाल: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में एक देखभाल केंद्र से कोविड-19 के 20 मरीज भाग गए।स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय पुरम ने बताया कि यह घटना घाटंजी तालुक में एक छात्रावास में बनाए कोविड-19 देखभाल केंद्र में शनिवार को हुई।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार घाटंजी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत 20 मरीजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुरम ने कहा कि जिले के आमदी गांव में शुक्रवार को कोविड-19 जांच शिविर लगाया गया था।बाद में गांव के 19 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए और उन्हें घाटंजी के एक कोविड-19 देखभाल केंद्र में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने बताया कि ये सभी 19 मरीज और एक अन्य मरीज शनिवार को सुबह करीब आठ बजे देखभाल केंद्र से फरार हो गए।यवतमाल के जिलाधीश अमोल येडगे ने घटना पर चिंता जताई है।

उन्होंने कहा, 'अगर ऐसा ही रवैया रहता है तो जिले में संक्रमण के मामले बढ़ेंगे। फरार होने वाले मरीजों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।'

गौर हो कि हाल ही में विदर्भ के यवतमाल जिले में शराब की तलब मिटाने के लिए 8 लोगों ने सैनिटाइजर पी लिया था जिसके बाद उनकी तबियत बिगड़ गई और शनिवार दोपहर को इनमें से 7 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

End of Article