ऐसे मदद के लिए आगे आ रही दिल्ली पुलिस, बुजुर्ग दंपत्ति ने किया SHO को फोन, घर पहुंचा जरूरी सामान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 30, 2020, 02:01 PM IST

Lockdown in Delhi: लॉकडाउन के दौरान दिल्ली पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आ रहा है। पुलिस जरूरतमंदों को जरूरी सामान उनके घरों तक पहुंचा रही है।

ऐसे मदद के लिए आगे आ रही दिल्ली पुलिस, बुजुर्ग दंपत्ति ने किया SHO को फोन, घर पहुंचा जरूरी सामान

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लगा हुआ है। ऐसे समय में लोगों के सामने पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। पुलिस जरूरतमंदों के लिए खाने और रहने का तो इंतजाम कर ही रही है, लेकिन जो लोग घरों में ही उनकी भी मदद के लिए आगे आ रही है। 

दिल्ली पुलिस के ग्रेटर कैलाश एसएचओ सोम नाथ परूथी ने एक बुजुर्ग दंपति की मदद की और जरूरी सामान उनके घर तक पहुंचाया। इस दंपति के बच्चे विदेश में रहते हैं। पुलिस ने दोनों वरिष्ठ नागरिकों के लिए खाना, दवाई और जरूरी चीजें घर पहुंचाई। सामान मिलने पर दंपति ने भी ताली बजाकर उनका आभार जताया। 

ग्रेटर कैलाश निवासी आर भसीन ने बताया, 'मेरे बच्चे अमेरिका में रहते हैं। केवल मैं और मेरी पत्नी यहां रहते हैं। हम मधुमेह और बीपी के मरीज हैं, इसलिए हम लॉकडाउन के दौरान बाहर नहीं जाते हैं। चूंकि हमें कुछ आवश्यक वस्तुओं की आवश्यकता थी, इसलिए हमने SHO को फोन किया। इसके तुरंत बाद हमें सामान मिल गया। दिल्ली पुलिस हमें बहुत सपोर्ट कर रही है।' 

DCP साउथ ईस्ट दिल्ली ने ट्वीट किया, 'अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को लॉकडाउन के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। बीट स्टाफ ऐसे बुजुर्गों के पास प्रतिदिन जाकर उन्हें रोजमर्रा के जरूरी सामानों की आपूर्ति में मदद कर रहे हैं।'

इसके अलावा एक ट्विटर यूजर ने ट्वीट कर बताया कि डीसीपी साउथ दिल्ली की टीम को व्हाट्सएप मिला कि जीके दिल्ली में रहने वाले 80 साल के बुजुर्ग दंपति के पास खाने के लिए कुछ नहीं है और उन्हें मदद की जरूरत है। तुरंत एसएचओ जीके वहां पहुंचे और उनकी जरूरत के मुताबिक खाना दिलाने में मदद की। 

End of Article