Today History: आज ही के दिन 12 वर्ष पहले जब सीरियल धमाकों से दहल गई थी दिल्ली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2020, 06:09 AM IST

Aaj Ka Itihas,13 September: आज ही के दिन 12 साल पहले 2008 में आतंकियों ने राजधानी दिल्ली को दहला दिया था। जानें आज का इतिहास।

Today History: आज ही के दिन 12 वर्ष पहले जब सीरियल धमाकों से दहल गई थी दिल्ली

नयी दिल्ली। साल के नौवें महीने का यह 13वां दिन दरअसल वर्ष का 256वॉ दिन है और साल पूरा होने में अभी 109 दिन बाकी हैं। 13 सितंबर का यह दिन देश के इतिहास में आतंकवाद की एक बड़ी घटना के साथ दर्ज है जब आतंकवादियों ने 2008 में शनिवार के दिन देश की अति सुरक्षित मानी जाने वाली राजधानी में 30 मिनट के अंतराल पर व्यस्त स्थानों पर चार बम विस्फोट किए थे। कई स्थानों से समय रहते बम बरामद करके जानमाल के नुकसान को बढ़ने से रोका गया।
आतंकियों ने दिल्ली का दिल माने जाने वाले कनाट प्लेस में धमाका किया और करोल बाग की व्यस्त गफ्फार मार्केट के साथ ही भीडभाड़ वाले ग्रेटर कैलाश-1 में भी बम विस्फोट किए गए।

देश दुनिया के इतिहास में 13 सितंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-

1500 : पेड्रो अल्वरेज कैबरल कालीकट पहुंचा और भारत में पहली यूरोपीय :पुर्तगाली: फैक्टरी स्थापित की।
1922 : लिबिया के एल अज़िज़िया में 136.4 डिग्री फेरनहाइट (58 डिग्री सेल्सियस) तापमान दर्ज किया गया। इसे उस समय तक का धरती का सबसे अधिक तापमान करार दिया गया।
1923 : स्पेन में सैन्य तख्ता पलट। मिगेल डे प्रिमो रिवेरा ने सत्ता संभाली और तानाशाह सरकार की स्थापना की।
1929 : जतिन्द्र नाथ दास ने अपनी भूख हड़ताल के 63वें दिन लाहौर सेंट्रल जेल में दम तोड़ा।
1948 : उप प्रधानमंत्री वल्लभ भाई पटेल ने सेना को हैदराबाद में घुस कर कार्रवाई करने और उसे भारतीय संघ के साथ एकीकृत करने का आदेश दिया।
1968 : अल्बानिया वारसॉ संधि से अलग हुआ।
1997 : हिंदी फिल्मों के मशहूर गीतकार, शायर अंजान का निधन।
2000 : भारत के विश्वनाथन आनन्द ने शेनयांन में पहला फ़िडे शतरंज विश्व कप जीता।
2001 : ओसामा बिन लादेन को पकड़ने के लिए अमेरिका ने पाकिस्तान पर दबाव बनाया।
2002 : इस्रायल ने फलस्तीन अधिकृत गाजा पट्टी पर हमला किया।
2006 : इब्सा (भारत-ब्राजील-साउथ अफ़्रीका त्रिगुटीय संगठन) का पहला शिखर सम्मेलन ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में शुरू।
2007 : नेशनल एरोनॉटिक्‍स स्‍पेस एडमिनिस्‍ट्रेशन (नासा) के वैज्ञानिकों ने बृहस्‍पति से तीन गुना बड़े ग्रह का पता लगाया।
2008 : दिल्ली में 30 मिनट पर तीन स्थानों पर चार बम विस्फोट। 19 लोगों की मौत और 90 से अधिक घायल।
2009 : चन्द्रमा पर बर्फ़ खोजने का इसरो-नासा का अभियान असफल हुआ।
2013 : तालिबान आतंकवादियों ने अफ़ग़ानिस्तान के हेरात शहर में अमेरिका के वाणिज्य दूतावास पर हमला किया।


















End of Article