MiG-21 crash: राजस्‍थान के जैसलमेर में वायुसेना का MiG-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्‍त, विंग कमांडर पायलट ने गंवाई जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 24, 2021, 10:10 PM IST

राजस्‍थान के जैसलमेर में भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग-21 हादसे का शिकार हो गया। इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर पायलट की जान चली गई।

MiG-21 crash: राजस्‍थान के जैसलमेर में वायुसेना का MiG-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्‍त, विंग कमांडर पायलट ने गंवाई जान
Photo Credit: BCCL

जैसलमेर : राजस्‍थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें विंग कमांडर पायलट की जान चली गई। पुलिस अधीक्षक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान आज (शुक्रवार, 24 दिसंबर) शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, वायुसेना के मिग-21 लड़ाकू विमान के क्रैश होने की घटना जैसलमेर जिले के गांगा गांव के पास Desert National Park (DNP) इलाके में हुई। घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद वहां पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। वायुसेना ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

IAF ने जारी किया बयान

इस संबंध में भारतीय वायुसेना की ओर से भी बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि आज रात करीब 8:30 बजे MiG-21 विमान उस वक्‍त हादसे का शिकार हो गया, जब यह पश्चिमी सेक्‍टर में एक प्रशिक्षण अभ्‍यास पर था। इस मामले में विस्‍तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है और जांच के आदेश दिए गए हैं।

इससे पहले जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने विमान दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि लड़ाकू विमान सम के रेतीले धोरों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। सम थाने के थानाधिकारी दलपत सिंह ने कहा, विमान सुदासरी के निकट रेतीले टीलों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

End of Article