विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता से बदसलूकी, श्रीनिवास बीवी के बाल खींचते दिखा दिल्ली पुलिस का जवान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 26, 2022, 03:52 PM IST

Srinivas BV: मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने ईडी की इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष की भावना से की गई कार्रवाई करार दिया और कहा कि सत्य ही इस तानाशाही का अंत करेगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता से बदसलूकी, श्रीनिवास बीवी के बाल खींचते दिखा दिल्ली पुलिस का जवान
Photo Credit: ANI

Srinivas BV: राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सांसदों ने नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली समेत पूरे देश में प्रदर्शन किया। राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य सांसदों ने संसद भवन से मार्च निकाला तथा वे राष्ट्रपति भवन की तरफ बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें विजय चौक पर रोक दिया। इसके बाद इन नेताओं ने वहां धरना दिया। कुछ देर बाद पुलिस ने राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।

श्रीनिवास बीवी के बाल खींचते दिखा दिल्ली पुलिस का जवान

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने ईडी की इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष की भावना से की गई कार्रवाई करार दिया और कहा कि सत्य ही इस तानाशाही का अंत करेगा। वहीं दिल्ली में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस का एक जवान भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी का बाल खींचता नजर आया।  

हिरासत में लिए जाने से पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी जी राजा हैं और भारत में पुलिस राज है। बाद में राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि तानाशाही देखिए, शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं कर सकते, महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा नहीं कर सकते। पुलिस और एजेंसियों का दुरूपयोग करके, हमें गिरफ्तार करके भी, कभी चुप नहीं करा पाओगे। 'सत्य' ही इस तानाशाही का अंत करेगा।

दूसरे दौर की पूछताछ के लिए मंगलवार को ईडी के सामने पेश हुईं सोनिया गांधी

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को दूसरे दौर की पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश हुईं। ईडी ने इससे पहले ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पिछले गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष से दो घंटे तक पूछताछ की थी। कांग्रेस ने इसके विरोध में पूरे देश में प्रदर्शन करने के साथ पार्टी के कई नेताओं ने गिरफ्तारियां दी थीं।
 

End of Article