Payal Rohatgi पर FIR, महात्‍मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू पर की थी 'आपत्तिजनक' टिप्‍पणी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 1, 2021, 11:57 AM IST

अभिनेत्री पायल रोहतगी के खिलाफ मुंबई में एक शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उन्‍होंने राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को लेकर 'आपत्तिजनक' टिप्‍पणी की।

Payal Rohatgi पर FIR, महात्‍मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू पर की थी 'आपत्तिजनक' टिप्‍पणी
Photo Credit: Instagram

पुणे : अपनी विवादित टिप्‍पण‍ियों को लेकर अक्‍सर सुर्खियों में रहने वाली बॉलीवुड अभिनेतत्री पायल रोहतगी के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर उन्‍होंने राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्‍पणी की है।

पुणे जिला कांग्रेस महासचिव संगीता तिवारी ने शिवाजीनगर थाना में अभिनेत्री पायल रोहतगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने वीडियो बनाने को लेकर पायल रोहतगी के साथ-साथ एक अन्‍य अज्ञात आरोपी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की है।

एक्‍ट्रेस के खिलाफ क्‍या हैं आरोप?

पुलिस को जो शिकायत मिली है, उसमें कहा गया है कि पायल रोहतगी ने राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया। इसमें यह भी कहा गया है कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया गया है, उसमें कई ऐसी बातें हैं, जिससे दो समुदायों के बीच नफरत पैदा हो सकती है।

यहां उल्‍लेखनीय है कि संगीता तिवारी ने पूर्व में साइबर पुलिस के साथ शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर पुलिस ने इस मामले को शिवाजीनगर पुलिस को सौंप दिया।

सोशल मीडिया पर विवादास्‍पद पोस्‍ट

बॉलीवुड एक्‍ट्रेस पायल रोहतगी ने पूर्व में कांग्रेस और नेहरू परिवार की आलोचना की थी। वह सोशल मीडिया पर कई विवादास्‍पद पोस्‍ट को लेकर सुर्खियों में रही हैं। सती प्रथा का समर्थन कर भी एक्‍ट्रेस विवादों में आईं और इसके लिए आलोचना झेलनी पड़ी।

End of Article