Border Row:असम के CM हेमंत सरमा के खिलाफ मिजोरम में FIR, अधिकारियों के नाम भी शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 31, 2021, 06:44 AM IST

असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ मिजोरम में एफआईआर दर्ज की गई है। 26 जुलाई को दोनों राज्यों की पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में असम के 7 जवान शहीद हो गए थे।

Border Row:असम के CM हेमंत सरमा के खिलाफ मिजोरम में FIR, अधिकारियों के नाम भी शामिल

गुवाहाटी: असम और मिजोरम पुलिस के बीच 26 जुलाई को हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों राज्यों के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। इस बीच मिजोरम सरकार ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला कोलासिब में दर्ज किया गया है। दरअसल दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद को लेकर आरोप और प्रत्यारोप का दौर जारी है। दोनों राज्यों ने एक- दूसरे राज्य के पुलिस अधिकारियों को समन भी जारी किया है।

अधिकारियों के नाम भी शामिल
कोलासिब जिले के  वैरेंगते नगर के बाहरी हिस्से में हुई हिंसा के इस मामले में मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा, राज्य पुलिस के चार वरिष्ठ अधिकारियों सहित दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। इन लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास और आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दायर किया गया है। इसके अलावा असम पुलिस के 200 अज्ञात कर्मियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किये गए हैं।

केंद्रीय बल होंगे तैनात

आपको बता दें कि मिजोरम पुलिस ने असम के अधिकारियों की एक टीम पर सोमवार को गोलीबारी कर दी थी जिसमें में असम पुलिस के पांच कर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक सहित 50 से अधिक अन्य लोग जख्मी हो गए। इस झड़प के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक बैठक में फैसला लिया गया कि असम-मिजोरम की अंशात सीमा पर तटस्थ केंद्रीय बलों को तैनात किया जाएगा।  असम के बराक घाटी के जिले कछार, करीमगंज और हैलाकांडी की मिजोरम के तीन जिलों आइजोल, कोलासिब और मामित के साथ 164 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। 

End of Article