क्या महाराष्ट्र की तरह तमिलनाडु में भी होगा सत्ता परिवर्तन, भाजपा नेता का दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 6, 2022, 03:38 PM IST

Tamilnadu Politics: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने महाराष्ट्र की तरह तमिलनाडु में जल्द ही महाराष्ट्र की तरह सत्ता परिवर्तन होने का दावा किया है।

क्या महाराष्ट्र की तरह तमिलनाडु में भी होगा सत्ता परिवर्तन, भाजपा नेता का दावा

Tamilnadu Politics: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने तमिलनाडु में जल्द ही महाराष्ट्र की तरह सत्ता परिवर्तन होने का दावा किया है। हालांकि, सत्तारूढ़ पार्टी द्रमुक ने उनके दावे को खारिज किया है।द्रमुक के वरिष्ठ नेता आर. एस. भारती ने अन्नामलाई की टिप्पणियों को ‘‘बेकार’’ करार देते हुए कहा कि ‘‘पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं ले रही है।’’

भाजपा नेता का क्या है दावा

प्रदेश अध्यक्ष के.अन्नामलाई ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु की राजनीतिक परिस्थितियों की तुलना करते हुए कहा कि दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के सबसे बड़े बेटे बिंदुमाधव और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के बेटे एम. के. मुत्थु की फिल्मी पारी एक जैसी रही है।‘‘दोनों फिल्मों में काम करना चाहते थे, लेकिन उनकी फिल्मों ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया।’’

उन्होंने कहा कि इसी तरह ठाकरे के दूसरे बेटे जयदेव और करुणानिधि के दूसरे बेटे एम. के. अलागिरि दोनों ही परिवार से दूर हैं। अन्नामलाई ने मंगलवार को शहर में भाजपा की एक प्रदर्शन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि तमिलनाडु में मंत्रिमंडल में फेरबदल होने वाला है। यहां भी एक एकनाथ शिंदे सामने आएगा।’’उन्होंने कहा कि ढाई साल पहले तीन दलों ने महाराष्ट्र में गठबंधन बनाने के लिए हाथ मिलाया था, जैसे द्रमुक ने यहां कांग्रेस और वाम दलों के साथ गठबंधन किया था।

डीएमके ने दावों को किया खारिज

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कई भाजपा समर्थकों को प्रताड़ित किया। फिर एकनाथ शिंदे आए। वह सूरत गए। यही राजधर्म है।यह महाराष्ट्र में हुआ और आप इसे तमिलनाडु में भी होते देखेंगे।’’ हालांकि, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने भाजपा नेता के बयान को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी में विद्रोह की कोई आशंका नहीं है। द्रमुक नेता भारती ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वह (अन्नामलाई) काफी दिनों से बेमतलब की बातें कर रहे हैं। जहां तक मेरी बात है, मैं उन्हें बिलकुल गंभीरता से नहीं ले रहा हूं।’’

End of Article