Droupadi Murmu: द्रौपदी मुर्मू सोमवार को भारत के 15वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी। राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के साथ ही द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति भी बन जाएंगी। वहीं इस बीच ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के एक कलाकार एल ईश्वर राव ने एक कांच की बोतल के अंदर नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का एक लघु चित्र तैयार कर उन्हें अनोखे तरीके से बधाई दी है।
ओडिशा के आर्टिस्ट ने द्रौपदी मुर्मू को दी अनोखे तरीके से बधाई
सोमवार को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी द्रौपदी मुर्मू
समारोह सोमवार को सुबह करीब सवा 10 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा, जहां प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। गृह मंत्रालय ने कहा कि इसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा। समारोह से पहले, निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे।
वहीं उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल होंगे। संसद के केंद्रीय कक्ष में समारोह के समापन पर राष्ट्रपति, ‘राष्ट्रपति भवन’ के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक ‘इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा।
द्रौपदी मुर्मू को यशवंत सिन्हा के 3,80,177 वोटों के मुकाबले 6,76,803 वोट मिले। वह आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति होंगी। साथ ही वह राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं।

