Punjab: भगवंत मान का ऐलान- 35,000 संविदा कर्मचारियों की सेवाएं होंगी नियमित, हर वादा होगा पूरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 22, 2022, 05:22 PM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आज AAP पंजाब सरकार ने एक और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 35,000 संविदा सरकारी कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हम यहां चुनाव से पहले लोगों से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए हैं। हम व्यवस्था बदलने आए हैं।

Punjab: भगवंत मान का ऐलान- 35,000 संविदा कर्मचारियों की सेवाएं होंगी नियमित, हर वादा होगा पूरा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार 35,000 संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करेगी। मान ने एक वीडियो संदेश में कहा कि ग्रुप सी और डी के 35,000 संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया गया है। यह एक ऐतिहासिक फैसला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनकी पार्टी ने वादा किया था कि वह सत्ता में आने के बाद संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करेगी। मान ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव को इस संबंध में अगले विधानसभा सत्र से पहले एक मसौदा विधेयक लाने का निर्देश दिया है ताकि इसे विधानसभा में मंजूरी मिल सके और फिर इसे लागू किया जा सके। उन्होंने मुख्य सचिव को भर्ती के लिए संविदा और आउटसोर्सिंग प्रणाली को खत्म करने का निर्देश दिया है। आने वाले दिनों में और भी फैसले लिए जाएंगे। 

मान सरकार के फैसले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पुरानी पंजाब सरकारों ने हर बार चुनाव पहले कर्मचारियों को झूठ बोला कि उन्हें पक्का करेंगे। लेकिन नहीं किया हमारी सरकार ने सबसे पहले ये निर्णय लिया। देश भर में सारी सरकारें नौकरियां कच्ची कर रही हैं, हमने हवा की दिशा बदली है। हम कर्मचारियों के साथ खड़े हैं। हम उन्हें पक्का करेंगे।

हाल ही में मान ने सरकारी विभागों में 25,000 पदों को भरने की घोषणा की थी। मान ने तब कहा था कि पंजाब पुलिस विभाग में 10,000 नौकरियां दी जाएंगी और बाकी अन्य विभागों, बोर्डों और निगमों में दी जाएंगी।

End of Article