देश

स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के तराने, सेना व अर्धसैनिक बलों के बैंड देंगे विशेष प्रस्तुतियां

भारत में सैन्य बैंड की परंपरा काफी पहले से चली आ रही है, जो समय के साथ राष्ट्रीय एकता और गर्व का प्रतीक बन गई। सेना, नौसेना, वायु सेना और तटरक्षक बल के बैंड ने दशकों से राष्ट्रीय समारोहों, सरकारी आयोजनों और राज्य यात्राओं में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से गौरव बढ़ाया है

Image

सेना व अर्धसैनिक बलों के बैंड देंगे विशेष प्रस्तुतियां (फाइल फोटो- PTI)

भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली के कई ऐतिहासिक और प्रमुख स्थलों पर सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, रेलवे सुरक्षा बल और राष्ट्रीय कैडेट कोर के बैंड देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देंगे। इन लाइव संगीत कार्यक्रमों का उद्देश्य आजादी के जश्न को और भव्य व यादगार बनाना है, जिससे नागरिक लय, अनुशासन और उत्साह से भरपूर देशभक्ति का अनुभव कर सकें।

स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम

IANS की रिपोर्ट के अनुसार रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इंडिया गेट पर भारतीय सेना बैंड, सेंट्रल पार्क, सीपी पर भारतीय नौसेना बैंड, कर्तव्य पथ पर भारतीय वायु सेना बैंड, लाल किला पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल बैंड, बुद्धा पार्क नोएडा में भारतीय तटरक्षक बैंड, कुतुब मीनार पर एनसीसी बैंड, विजय चौक पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का बैंड देशभक्ति की धुन प्रस्तुत करेंगे। इनके अलावा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुराना किला, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक व नई दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्थानों पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भारत में सैन्य बैंड की परंपरा

रक्षा के मुताबिक, भारत में सैन्य बैंड की परंपरा काफी पहले से चली आ रही है, जो समय के साथ राष्ट्रीय एकता और गर्व का प्रतीक बन गई। सेना, नौसेना, वायु सेना और तटरक्षक बल के बैंड ने दशकों से राष्ट्रीय समारोहों, सरकारी आयोजनों और राज्य यात्राओं में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से गौरव बढ़ाया है। वहीं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के बैंड ने भी परंपरा और आधुनिकता का सुंदर मेल प्रस्तुत किया है। आरपीएफ बैंड रेलवे सुरक्षा की भावना का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि एनसीसी बैंड युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करता है।

पारंपरिक स्थलों के अलावा भी कई जगह पर होंगी बैंड प्रस्तुतियां

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इस वर्ष बैंड प्रस्तुतियां केवल पारंपरिक स्थलों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि दिल्ली के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और सांस्कृतिक केंद्रों में भी आयोजित होंगी। इन प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीत, सैन्य धुनें और शास्त्रीय संगीत शामिल होगा, जो गर्व और सामूहिकता की भावना को प्रबल करेगा। ये प्रस्तुतियां स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का माध्यम बनेंगी।

सभी राज्यों में बैंड कार्यक्रम

इस अवसर पर 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और 96 शहरों में भी इसी तरह के बैंड कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजधानीवासी शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों में किसी भी स्थल पर पहुंचकर इस अनोखे देशभक्ति के माहौल का आनंद ले सकते हैं। इंडिया गेट से लेकर कर्तव्य पथ तक, इन बैंडों की मधुर धुन स्वतंत्रता का संदेश हर दिल तक पहुंचाएंगी और इस स्वतंत्रता दिवस को अविस्मरणीय बना देंगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article