देश

एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा: लोकसभा में राहुल का गंभीर आरोप, बोले-गृह मंत्री के आदेश पर छात्रों पर चली पैलेट गन

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्रालय धर्मेंद्र प्रधान नहीं आरएसएस चला रहा था। शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस का कब्जा हो चुका है और पेपर प्राइवेट कंपनी चेक करती है। हर विश्वविद्यालय में आरएसएस का वीसी है।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी।

Rahul Gandhi Loksabha speech: लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर जारी चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस सांसद एवं निम्न सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि छात्रों का आंदोलन हिंसा नहीं था। छात्रों का गुस्सा जायज था और छात्र पर हर भारतीय को गर्व है। यहां तक कि भाजपा नेताओं के बच्चे भी इस आंदोलन से सहमत हैं। इस प्रदर्शन में नफरत और गुस्सा नहीं था। राहुल ने कहा कि छात्रों की राय से वह सहमत हैं। छात्रों की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। छात्रों को पता है कि दुनिया बदल रही है। सबको पता है कि बदलाव प्रकृति का नियम है। एनडीए सासंदों के भारी शोर-शराबे के बीच राहुल ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि युवाओं की भावनाओं को देश ने समझा।

राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गृह मंत्री के आदेश से छात्रों पर पैलेट गन चली। इस पर रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि राहुल ने यह बयान किस आधार पर दिया। इसका उन्हें प्रमाण देना होगा। वह प्रमाण नहीं दे सकते तो सदन में उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी। रिजिजू ने कहा कि राहुल ने गृह मंत्री पर निराधार और गंभीर आरोप लगाए हैं। रिजिजू ने कहा कि राहुल को यह बताना होगा फायरिंग की बात उन्हें किसने बताई।

छात्रों के नाम पर असंसदीय भाषा बोल रहे राहुल-रिजिजू

अपने भाषण के दौरान राहुल ने कहा कि 'लोगों की तीन श्रेणियां होती हैं पहला है स्टुडेंट, दूसरा इडियट और तीसरा है अंधभक्त।' कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा सांसदों ने भारी हंगामा किया। हंगामे और शोर शराबे को शांत कराने के लिए केंद्रीय संसदीय मंत्री किरन रिजिजू को खड़ा होकर सदन को शांत रहने का अनुरोध करना पड़ा। साथ ही रिजिजू ने राहुल के भाषण पर आपत्ति जताते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष छात्र के नाम पर असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं और अपने भाषण से लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

मैं जैसे ही बोलता हूं, हंगामा होने लगता है-राहुल

राहुल ने अपने भाषण के दौरान ईवीएम का भी जिक्र किया इस पर भी सत्ता पक्ष के सांसदों ने हंगामा किया। राहुल ने कहा, 'जैसे ही मैं बोलना शुरू करता हूं, सत्ता पक्ष के लोग हंगामा करने लगते हैं।' सदन में राहुल के बयान पर हंगामा बढ़ने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सत्ता पक्ष के सांसदों से शांत रहने और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से राहुल गांधी के असंसदीय शब्दों को सदन की कार्यवाही से निकालने की अपील की।

शिक्षा प्रणाली पर RSS का कब्जा-राहुल

राहुल ने कहा कि उन्होंने कई छात्रों से बात की है, पेपर लीक होने से छात्र काफी दुखी हैं। छात्र मानते हैं कि सरकार अहंकारी है। छात्र सच्चाई से नहीं डरते। मौजूदा शिक्षा व्यवस्था से छात्र परेशान हैं। कांग्रेस सांसद ने दावा करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्रालय धर्मेंद्र प्रधान नहीं आरएसएस चला रहा था। शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस का कब्जा हो चुका है और पेपर प्राइवेट कंपनी चेक करती है। हर विश्वविद्यालय में आरएसएस का वीसी है। छात्रों का असली दुश्मन आरएसएस है। अमीर छात्र पेपर खरीद लेते हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि पूरा परीक्षा सिस्टम वसूली से भरा है। राहुल ने कहा कि गृह मंत्री डरे हुए हैं, इसलिए सदन में नहीं हैं। गृह मंत्री के आदेश पर ही छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article