Amit Shah Khammam rally : तेलंगाना में विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने मिशन में जुट गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को खम्मम जिले में किसानों की एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में शाह किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों एवं योजनाओं की जानकारी देंगे। वह किसानों के मुद्दे पर केसीआर सरकार को निशाने पर ले सकते हैं। तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को बताया कि रविवार को खम्मम में केंद्रीय गृह मंत्री शाह की एक बड़ी रैली होगी। इस रैली में वह किसानों से जुड़े सभी मुद्दों को उठाएंगे।
पिछले नौ सालों में किसानों की अनदेखी हुई
केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने कहा कि सीएम केसीआर एवं बीआरएस सरकार के शासन के दौरान पिछले नौ सालों में किसानों की अनदेखी हुई है। बारिश एवं प्राकृतिक आपदाओं के चलते राज्य के किसानों का भारी नुकसान हुआ है। तेलंगाना में किसानों का ऋण माफ नहीं हुआ है। किसानों की इन सभी समस्याओं के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली करने जा रहे हैं।
रैली में लाखों की संख्या में किसान जुटेंगे-भाजपा
भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस रैली में लाखों की संख्या में किसानों के जुटने की उम्मीद है। राज्य में भाजपा की यह किसान रैली गत जून में होनी थी लेकिन चक्रवात बिपरजॉय की वजह से इसे टालना पड़ा। राज्य के अपने इस दौरे के दौरान गृह मंत्री पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेंगे और चुनाव तैयारियों का जायजा लेंगे। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है और इस बार विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को मौका देने के लिए मन बना चुकी है।
'तेलंगाना को डबल इंजन की सरकार की जरूरत'
भाजपा के एक नेता ने कहा, 'कर्मचारी, छात्र एवं किसान सहित समाज के सभी वर्ग राज्य सरकार से नाराज हैं। तेलंगाना के लोग डबल इंजन की सरकार के लिए भाजपा की तरफ देख रहे हैं। लोग वंशवाद की राजनीति एवं भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहते हैं। भाजपा तेलंगाना के लोगों के साथ है और वह लोगों के सपनों एवं आकांक्षाओं को पूरा करेगी।'
इस बार त्रिकोणीय मुकाबले की उम्मीद
विधानसभा चुनाव के लिए बीआरएस ने ज्यादातर सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। माना जाता है कि इस बार बीआरएस, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
