देश

Jammu Kashmir: तीर्थयात्रियों की बस पर आतंकी हमला, अमित शाह बोले- बख्शा नहीं जाएगा

Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों की बस पर हुए आतंकी हमले में अब तक नौ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के रियासी में तीर्थयात्रियों पर हुए हमले की घटना से बहुत दुख हुआ, उपराज्यपाल और पुलिस महानिदेशक से बात कर घटना की जानकारी ली।

Image

आतंकी हमले पर क्या बोले अमित शाह?

Photo : Times Now Digital

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार शाम आतंकवादियों ने उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर गोलीबारी की, जिससे बस खाई में जा गिरी। इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। बस शिव खोड़ी मंदिर से कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जा रही थी और इसी दौरान पोनी इलाके के तेरयाथ गांव के पास शाम करीब छह बजकर 15 मिनट पर हमला हुआ और 53 सीटों वाली बस गोलीबारी के बाद गहरी खाई में गिर गई।

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि 'जम्मू-कश्मीर के रियासी में तीर्थयात्रियों पर हुए हमले की घटना से बहुत दुखी हूं। उपराज्यपाल और डीजीपी, जम्मू-कश्मीर से बात की और घटना के बारे में जानकारी ली। इस कायराना हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है। ईश्वर मृतकों के प्रियजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूं।'

राहुल गांधी ने घटना पर जाहिर किया दुख

कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने इस घटना के बारे में दुख जाहिर करते हुए कहा कि 'जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में, शिवखोड़ी मंदिर से तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुआ कायरतापूर्ण आतंकी हमला अत्यंत दुखद है। यह शर्मनाक घटना जम्मू-कश्मीर के चिंताजनक सुरक्षा हालातों की असली तस्वीर है। मैं सभी शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की आशा करता हूं। आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट खड़ा है।'

आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है भारत: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 'जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी एनडीए सरकार शपथ ले रही है और कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष देश में हैं, तब तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर हुए एक कायराना आतंकवादी हमले में कम से कम 10 भारतीयों की जान चली गई। हम अपने लोगों पर हुए इस जघन्य आतंकवादी हमले और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जानबूझकर किए गए इस अपमान की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं।'

खड़गे ने आगे कहा कि 'हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सरकार और अधिकारियों को पीड़ितों को तत्काल सहायता और मुआवजा प्रदान करना चाहिए। अभी तीन सप्ताह पहले ही पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की गई थी और जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवादी घटनाएं लगातार जारी हैं। मोदी (अब एनडीए) सरकार द्वारा शांति और सामान्य स्थिति लाने का सारा प्रचार खोखला साबित हो रहा है। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है।'

पुलिस अधिकारी ने घटना के बारे में क्या कहा?

रियासी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, 'प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों ने घात लगाकर शिव खोड़ी से कटरा के लिए रवाना हुई बस पर गोलीबारी की। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस खाई में गिर गई।' शर्मा ने बताया कि बचाव अभियान पूरा हो गया है और अब तक नौ लोगों की मौत हो गई है तथा 33 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा, 'मृतकों की पहचान नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि वे सभी उत्तर प्रदेश के हैं।'

कैसे बस पर चलाई गईं 25 से 30 गोलियां?

स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों की मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों ने हमले के बारे में भयावह विवरण साझा किए। एक जीवित बचे व्यक्ति ने बताया कि कैसे बस पर 25 से 30 गोलियां चलाई गईं, उसके बाद बस खाई में गिर गई। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने लाल रंग का मफलर पहने एक नकाबपोश हमलावर को बस पर गोलीबारी करते देखा था।

तेरयाथ के अस्पताल में भर्ती बनारस के एक घायल तीर्थयात्री ने बताया, 'हमें शाम चार बजे निकलना था, लेकिन बस शाम साढ़े पांच बजे निकली और अचानक बस पर गोलीबारी की गई।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article