India US Relations: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान, दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न वैश्विक चुनौतियों से मिलकर निपटने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में दोनों देशों के बीच सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। खासतौर पर आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी और सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।
किन मुद्दों पर हुई बात?
गृह मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत के दौरान आतंकवाद के खिलाफ खुफिया जानकारी साझा करने और संयुक्त अभियान चलाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, अवैध ड्रग्स और नार्कोटिक्स तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एक मजबूत सहयोगी तंत्र विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।
इस बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच सुरक्षा सहयोग को और सशक्त बनाने, विशेष रूप से आतंकवाद-रोधी और नार्कोटिक्स विरोधी प्रयासों को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के बाद क्या बोले सर्जियो गोर?
वहीं, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी 'एक्स' पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि दोनों पक्षों ने लोगों को नशीले पदार्थों और अवैध ड्रग्स के खतरे से बचाने तथा सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के विषय पर सार्थक बातचीत की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PM मोदी ने ट्रंप के समक्ष नाविकों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा, अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- अगर भारत पर हमला हुआ तो...; बड़ी बातें
G7 शिखर सम्मेलन के बाद भारत पहुंचे गोर
सर्जियो गोर हाल ही में फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन से भारत वापस लौटे हैं। उन्होंने 'एक्स' पर पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ की एक तस्वीर भी साझा की और कहा कि भारत और अमेरिका के बीच कई अहम बातचीत हुई।
PM मोदी ने उठाया नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा
पीएम मोदी ने ट्रंप के साथ बातचीत के दौरान समुद्री नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था और कहा था कि अमेरिका तथा ईरान के बीच प्रस्तावित शांति समझौते में उनके संरक्षण के लिए प्रावधान होने चाहिए। दोनों नेताओं ने पिछले एक साल में तनावपूर्ण रहे द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए कदम उठाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
