Amit Shah in Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। आज शाम तीन बजे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी। विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरे का चुनाव होगा। बता दें कि शाह को बंगाल के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। कोलकाता के परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी की गई है। टाइम्स नाउ नवभारत को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक हिंसा का शिकार हुए तमाम कार्यकर्ताओं के परिवार वालों को बुलाया जाएगा और उनकी कट आउट भी लगाई जाएगी।
कोलकाता पहुंचने पर सुवेंदु अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाह का स्वागत किया। कोलकाता पहुंचने पर शाह दक्षिणेश्वर काली मंदिर गए और वहां मां काली के दर्शन किए।
शाह को बताया 'आधुनिक युग का चाणक्य'
X पर अपने एक ट्वीट में अधिकारी ने कहा कि 'नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कोलकाता आगमन पर माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ऐतिहासिक विचारधारा को मिली प्रचंड विजय के बाद यह पहला अवसर है जब 'आधुनिक युग के चाणक्य' पश्चिम बंगाल की पावन धरती पर पधार रहे हैं। आपकी रणनीतिक दूरदृष्टि और सशक्त नेतृत्व इस ऐतिहासिक विजय की आधारशिला रहे हैं।'
पश्चिम बंगाल बनेगा अब ‘सोनार बांग्ला’
उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल की जनता माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ के पुनर्निर्माण और विकास के नए युग का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। लाखों भाजपा कार्यकर्ता, करोड़ों समर्थक और पश्चिम बंगाल की जनता पश्चिम बंगाल में आई भगवा लहर के बाद आपके प्रेरणादायी संबोधन और अमूल्य मार्गदर्शन को सुनने के लिए उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रही है।'
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे PM
भाजपा ने हालांकि मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद की आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन सुवेंदु राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण दो जीत हासिल करने के बाद इस दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। अधिकरी ने नंदीग्राम सीट बरकरार रखी, जहां उन्होंने 2021 में बनर्जी को हराया था और अब उन्होंने वह भवानीपुर सीट भी तृणमूल सुप्रीमो के हाथ से छीन ली है, जिसे लंबे समय से उनका गढ़ माना जाता था। राज्य की पहली भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
