Alliance Air Flight Tyre Burst: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित हवाई अड्डे पर शुक्रवार की सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की एक कमर्शियल फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक उसका टायर फट गया। इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान नियंत्रित रहा और उसमें सवार सभी 41 लोग बाल-बाल बच गए।
पीटीआई भाषा से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है जब एलायंस एयर की फ्लाइट (संख्या 9I613) दिल्ली से उड़ान भरकर बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी। जैसे ही विमान के पहियों ने रनवे को छुआ, तभी उसके बाएं तरफ का टायर अचानक पंक्चर होकर फट गया। इस दौरान रनवे पर एक तेज झटका महसूस किया गया, जिससे प्लेन में बैठे यात्री सहम गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: क्या भाखड़ा बांध के झुकाव से दिल्ली में आएगी बाढ़? PIB फैक्ट चेक में सामने आया वायरल दावे का सच
विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स थे सवार
घटना के वक्त विमान में कुल 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे। हादसे के तुरंत बाद हवाई अड्डे के सुरक्षा कर्मियों और रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाई। विमान को रनवे पर रोककर सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बस के जरिए टर्मिनल भवन तक लाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं आई है।
एयरलाइन कंपनी ने फ्लाइट किया रद्द
इस आपात स्थिति के कारण एयरलाइन कंपनी ने बिलासपुर से आगे जाने वाली अपनी निर्धारित फ्लाइट को फिलहाल रद्द कर दिया है। तकनीकी टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टायर किस वजह से फटा। उड्डयन अधिकारियों द्वारा मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
