देश

राजा की हत्या से उठेगा परदा, कोर्ट ने सोनम सहित 5 आरोपियों को 8 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा

Honeymoon Murder Case : राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने बुधवार को सोनम सहित सभी पांच आरोपियों को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस आरोपियों को वापस लेकर सदर पुलिस स्टेशन लेकर आई। आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी थी।

Image

कोर्ट में सोनम रघुवंशी की हुई पेशी।

Honeymoon Murder Case : राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने बुधवार को सोनम सहित सभी पांच आरोपियों को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने सभी आरोपियों को आठ दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस आरोपियों को वापस लेकर सदर पुलिस स्टेशन लेकर आई। आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच के लिए मेघालय पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की है। सूत्रों के अनुसार मेघालय पुलिस की एसआईटी ने सोनम रघुवंशी से चार घंटे से ज़्यादा समय तक पूछताछ की।

सोनम को बाकी आरोपियों से अलग रखा

सोनम सहित पांचों आरोपियों को शिलांग के सदर थाने में रखा गया है। सोनम को बाकी आरोपियों से अलग रखा गया है। खासकर सोनम के लॉकअप की निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक सोनम ने किसी से बात नहीं की और न कोई असामान्य व्यवहार दिखाया है। वह बिल्कुल चुप और बेचैन नजर आई। सोनम को खाना दिया गया था जिसे उसने खा लिया। इसके अलावा जरूरत के हिसाब से कपड़े भी मुहैया कराए जाएंगे।

सोनम और राज के बीच कोई बातचीत नहीं हुई

शिलांग लाए जाने के बाद सोनम और राज के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। शिलांग पुलिस इस बात का ध्यान रख रही है कि मौसम की परिस्थिति मध्य प्रदेश से अलग है लिहाजा उनकी तबीयत न बिगड़े। पुलिस के लिए केस सुलझाने के लिए सभी आरोपियों की मानसिक स्थिति ठीक रहे। गुरुवार से उनसे पूछताछ शुरू की जाएगी।

बयान बदल रहे आरोपी

मेघालय पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने बयान बदल रहे हैं। ऐसे में आमने-सामने बिठाकर इनसे पूछताछ की जाएगी। इसके साथ सोनम रघुवंशी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मेघालय पुलिस के अनुसार सोनम रघुवंशी गर्भवती नहीं है। सोनम की प्रेग्नेंसी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

सोनम सहित 5 लोग हैं गिरफ्तार

हत्याकांड की जांच की बिखरी कड़ियां जोड़ने के लिए अगले कुछ दिनों में मेघालय पुलिस इस मामले की प्रमुख आरोपी और रघुवंशी की पत्नी सोनम को उसके गृहनगर इंदौर लेकर आ सकती है जहां इस वारदात की कथित तौर पर साजिश रची गई थी। मध्यप्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मेघालय में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी (29) की हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम (25) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच को 'ऑपरेशन हनीमून' नाम दिया है।

सोनम को अगले कुछ दिन में इंदौर लेकर आएगी पुलिस

मध्यप्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 'ऑपरेशन हनीमून' के तहत अगले कुछ दिन में सोनम को मेघालय पुलिस की हिरासत में इंदौर लाया जा सकता है। उन्होंने बताया, "हमें सोनम के मेघालय से इंदौर आकर 25 से 27 मई के बीच शहर के देवास नाका क्षेत्र में किराये के एक फ्लैट में रहने की सूचना मिली है। संभावना है कि मेघालय पुलिस अगले कुछ दिन में सोनम को इंदौर लाएगी और उसकी निशानदेही पर इस जगह की पहचान और अन्य सबूतों से जुड़ी जांच भी करेगी।"

23 मई को लापता हुआ था कपल

इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने कहा,"अगर मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद सोनम के इंदौर आकर किसी फ्लैट में रुकने और राज कुशवाह से मिलने की बात की तसदीक के लिए कहती है, तो हम इसमें उसकी मदद करेंगे।" दंडोतिया ने यह भी कहा कि राजा रघुवंशी हत्याकांड के पांचों आरोपियों को उन "ठोस सबूतों" के आधार पर गिरफ्तार किया गया है जो उनके इस वारदात में "सीधे तौर पर शामिल होने" की ओर इशारा करते हैं। राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम हनीमून के दौरान मेघालय में 23 मई को लापता हो गए थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article