देश

'पहलगाम हमले में शामिल थे 'ऑपरेशन महादेव' में मारे गए तीनों आतंकी', लोकसभा में अमित शाह का बयान

गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 लोगों की हत्या करने में शामिल तीनों आतंकवादी मार गिराए गए हैं। आतंकियों ने लोगों से धर्म पूछकर उनकी हत्या की थी। गृह मंत्री ने कहा कि बैसरन घाटी में सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में ये तीन आतंकी मारे गए।

Image

लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Amit Shah: गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 लोगों की हत्या करने में शामिल तीनों आतंकवादी मार गिराए गए हैं। आतंकियों ने लोगों से धर्म पूछकर उनकी हत्या की थी। गृह मंत्री ने कहा कि बैसरन घाटी में सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में ये तीन आतंकी मारे गए। मारा गया आतंकी सुलेमान पहलगाम हमले में शामिल था, इसका सबूत एजेंसियों के पास है। मारे गए दोनों आतंकवादी भी A ग्रेड के थे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में कहा, 'हमने आइडेंटिटी पर कोई जल्दबाजी नहीं की। हर जांच की, बैलिस्टिक रिपोर्ट तैयार था। कल आतंकवादी मारे गए, उनके राइफल वहां थे। हमने इन राइफल को चंडीगढ़ पहुंचाया, खोखे का मिलान हुआ, जब नाली और खोखे का मिलान हुआ, तब हमने ये मान लिया।'

चार गवाहों ने आतंकियों के शवों की पहचान की-शाह

शाह ने कहा कि दो (गिरफ्तार) सहित चार गवाहों ने आतंकवादियों के शवों की पहचान की है। फोरेंसिक जांच से पुष्टि हुई है कि मुठभेड़ स्थल पर जब्त किए गए और पहलगाम में इस्तेमाल किए गए हथियार एक ही हैं। गृह मंत्री ने कहा, 'मैं सब बताऊंगा कैसे मारे गाये इनके आका , मुझे अपेक्षा था की ये खबर सुन के खुशी की लहर होगी लेकिन यहां तो अलग है। आतंकवादी मारे गाए लेकिन इन्हें इसका भी आनंद नहीं है।' गृह मंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा कि उन्हें बैठकर उनका जवाब सुनना चाहिए। शाह ने कहा, 'आतंकवादी का धर्म देख के दुखी मत होइए। मैं सोच रहा था कि ये सुनेंगे और खुश होंगे लेकिन यहां तो विपक्ष दुखी हो रहा है।'

आतंकियों का स्केच बनाया-शाह

गृह मंत्री ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों से तीन हजार घंटे से ज्यादा की पूछताछ हुई। आतंकियों का स्केच बनाया गया और फिर पहचान होना शुरू हुआ। शाह ने खुलासा करते हुए कहा कि 21 की रात में आठ बजे तीन आतंकवादी आए, इनके पास राइफल था। इन्होंने खाना खाया और कुछ रसद लेकर चले गए। जिस स्पॉट से खोखा मिला उसकी जांच हुई और तब पुष्टि किया गया।

भारत का पूर्व गृह मंत्री पाक को क्लीन चिट दे रहा है-शाह

पहलगाम हमले पर जानकारी देते हुए गृह मंत्री ने आगे कहा कि चिदंबरम जी ने सवाल उठाया प्रूफ क्या है की ये आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे, उन्होंने यह सवाल तब उठाया जब संसद में इसकी चर्चा होने वाली थी। शाह ने पूछा कि पाकिस्तान को बचा के आपको क्या मिलेगा? चिदंबरम जी को कहना चाहता हूं हमारे पास प्रूफ है। इसे सदन के सामने रखना चाहता हूं। हमारे पास वोटर नंबर भी उपलब्ध हैं, उनके राइफल हैं और पाकिस्तान में बनी चॉकलेट है। ये कहते हैं कि वो पाकिस्तानी नहीं थे, इसका मतलब भारत का एक पूर्व गृह मंत्री पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहा है।

अभी धैर्य रखें अभी शुरू हुआ है-गृह मंत्री

हंगामा कर रहे विपक्ष के सदस्यों को शांत रहने की सलाह देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अभी धैर्य रखें अभी शुरू हुआ है। शाह ने कहा, 'हमले के बाद मैं श्रीनगर निकल गया, रात में ही मीटिंग हुई। यह व्यवस्था की गई कि आतंकी भाग पाएं। अगले दिन 23 अप्रैल को सीसीएस की बैठक हुई। इस बैठक में पहला फैसला सिंधु नदी जल समझौता स्थगित करने पर हुआ। इसके बाद वीजा सस्पेंड करते हुए सभी पाक नागरिकों को वापस भेजा। CCS ने संकल्प लिया कि हमले का जवाब दिया जाएगा।

'भारत की आत्मा पर प्रहार था पहलगाम हमला'

विपक्ष के शोर-शराबे के बीच गृह मंत्री ने कहा कि पहलगाम घटना के वक्त पीएम मोदी देश में नहीं थे लेकिन जैसे ही वह आए CCS की मीटिंग हुई। जनता की भावना के अनुरूप जवाब देना था। 22 अप्रैल का पहलगाम हमला केवल निहत्थे पर्यटकों पर नहीं बल्कि यह भारत की आत्मा पर प्रहार था। पीएम ने जवाबी कार्रवाई करने के लिए सेना को पूर्ण आजादी दी। सात मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' चला और नौ आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए गए। यह एक संयमित हमला था। हमने आतंकी अड्डे समाप्त किए, हमारे हमले में एक भी नागरिक की जान नहीं गई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!