Ajit Pawar memorial- महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का स्मारक पवार परिवार द्वारा स्थापित बारामती स्थित शिक्षण संस्थान विद्या प्रतिष्ठान के परिसर में बनाया जाएगा। यह जानकारी उनके एक करीबी सहयोगी ने दी है। अजित पवार (66) और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अजित पवार के करीबी सहयोगी और पवार परिवार के विश्वासपात्र किरण गुजर ने रविवार को बताया कि स्मारक विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बनाने की योजना है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
स्मारक के डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा रहा
गुजर ने कहा, आज शरद पवार साहब मुंबई रवाना होने से पहले प्रतिभा पवार के साथ अंतिम संस्कार स्थल पर गए और मुझे और विद्या प्रतिष्ठान के न्यासियों को अजित दादा के स्मारक के लिए एक योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने आगे बताया कि आने वाले दिनों में स्मारक के डिजाइन और संरचना को अंतिम रूप देने के लिए न्यासियों के साथ चर्चा की जाएगी। अजित पवार महाराष्ट्र के एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति थे और उन्होंने बारामती के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसे लंबे समय से पवार परिवार का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है।
विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत
बुधवार 28 जनवरी 2026 की सुबह एक हवाई दुर्घटना में अजित पवार की मौत हो गई थी। महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे के पास उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में दो पायलट कैप्टन सुमित कपूर और को-पायलट शांभवी पाठक भी शामिल थीं। वीएसआर एविएशन द्वारा संचालित यह विमान जिस समय क्रैश हुआ, उस समय इमरजेंसी लैंडिग की कोशिश कर रहा था। लेकिन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें आग लग गई, जिसके कारण सवार पांचों व्यक्तियों की मौत हो गई।
इसके बाद अजित पवार की पत्नी राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सुनेत्रा पवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल सहित कई अन्य नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
