Air India Flight: दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान सात घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद गुरुवार शाम को परिचालन संबंधी समस्या के कारण दिल्ली लौट आई। एयर इंडिया ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। हालांकि, कंपनी की ओर से ज्यादा कोई विशिष्ट जानकारी नहीं दी गई।
चीनी एयरस्पेस में दाखिल होने के बाद लौटा विमान
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बोइंग 777-200 एलआर विमान करीब सात घंटे से अधिक समय तक हवा में रहा। उड़ानों पर निगरानी रखने वाली वेबसाइट फ्लाइरडार 24 डॉट कॉम पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विमान चीन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद दिल्ली लौट आया।
एयर इंडिया ने बयान में बताया, "19 मार्च को दिल्ली से वैंकूवर जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 185 परिचालन संबंधी समस्या के कारण और निर्धारित मानक प्रक्रियाओं के अनुरूप दिल्ली लौट आई। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए।"
एक सूत्र ने बताया कि विमान के परिचालन में प्रशासनिक समस्या हो सकती है, जिसके कारण दिल्ली लौटने का निर्णय लिया गया। वापसी का कारण और विमान में सवार यात्रियों की संख्या जैसी अन्य जानकारियां अब तक प्राप्त नहीं हो सकी हैं। इस बीच, एयर इंडिया ने यह भी बताया कि विमान शुक्रवार सुबह यात्रियों को लेकर वैंकूवर के लिए रवाना हो गया।
छह साल बाद फिर उड़ा विमान
इससे पहले, एयर इंडिया के पुराने बोइंग 777-300ईआर विमान ने छह साल से अधिक समय तक सेवा से बाहर रहने के बाद फिर से उड़ान भरना शुरू किया। एयरलाइन ने मंगलवार को बताया था कि विमान वीटी-एएलएल को फिर से उड़ान के लायक बनाने के लिए 3,000 से अधिक नए प्रमुख पुर्जे लगाए गए और 4,000 से ज्यादा मरम्मत कार्य पूरे किए गए। ये सभी काम एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) के नागपुर स्थित मरम्मत एवं रखरखाव (एमआरओ) केंद्र में हुए।
