देश

पढ़ें पीएम मोदी की मां की कैसी है तबीयत, अस्पताल ने जारी किया बुलेटिन

  • Authored by: अंकिता पाण्डेय
  • Updated Dec 28, 2022, 04:47 PM IST

PM Modi Mother Heeraben Health News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी को खराब स्वास्थ्य के चलते अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती किया गया है। अस्पताल ने प्रेस रिलीज जारी कर हीराबेन मोदी के स्वास्थ्य को अब पहले से बेहतर बताया है।

Image

पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी को खराब स्वास्थ्य की वजह से बुधवार को अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल ने एक स्टेटमेंट जारी कर बताया कि 99वें वर्षीय हीराबेन मोदी की तबीयत अब पहले से स्थिर है।

अहमदाबाद अस्पताल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, "यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद अस्पताल के प्रवक्ता ने यह सूचित किया है कि माननीय प्रधानमंत्री की मां को यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है।"

प्रधानमंत्री मोदी भी आज दोपहर अपनी बीमार मां से मिलने के लिए गुजरात पहुंच गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमदाबाद एयरपोर्ट एरिया को ड्रोन के लिए नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है और इसके साथ ही सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इससे पहले पीएम मोदी हाल ही में हुए गुजरात चुनाव के प्रचार के दौरान अपनी मां से मिलने गए थे।

इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके मुख्य प्रधान सचिव के कैलाशनाथन हीराबेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की माताजी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं, राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है। मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है। मैं आशा करता हूं आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।

हीराबेन दिसंबर में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में वोट डालते भी देखीं गईं। उन्होंने बीते 18 जून को अपना 99वें जन्मदिन मनाया था। उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनसे मिलने पहुंचे थे। जिसके बाद उन्होंने 'मां' शीर्षक से एक भावनात्मक ब्लॉग भी लिखा था।

अंकिता पांडे
अंकिता पाण्डेयauthor

अंकिता पाण्डेय टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में तीन साल से काम कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से ताल्लुक रखती हैं। माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही फील्ड रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत हुई। फिर जनसत्ता के डिजिटल प्लैटफॉर्म में लगभग 1.5 साल तक काम किया। 2022 में टाइम्स नाउ नवभारत के एजुकेशन टीम का हिस्सा बनीं। करीब चार साल के छोटे से करियर में स्कूली शिक्षा से लेकर रोजगार तक के सभी पहलुओं पर पकड़ बनाई। नए और रोचक विषयों पर स्टोरी बनाने के साथ ही सक्सेस स्टोरी के जरिए युवाओं को प्रोत्साहन देना भी काम का हिस्सा है। जॉब वैकेंसी, स्कूल-कॉलेज, करियर ऑप्शन, एग्जाम टिप्स, करंट अफेयर्स से जड़ी तमाम खबरों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहती हैं।

और पढ़ें
End of Article