Narendra Modi Message before Pran Pratishtha: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से ठीक 11 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को बड़ा संदेश दिया है। प्रधाननमंत्री ने कहा है कि सौभाग्य है कि वह इस पुण्य अवसर के साक्षी बनेंगे। प्रभु ने उन्हें प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सभी भारतवासियों का प्रतिनिधित्व करने का निमित्त बनाया है। इसलिए वे आज से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 'मैं आप सभी जनता-जनार्दन से आशीर्वाद का आकांक्षी हूं। इस समय, अपनी भावनाओं को शब्दों में कह पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैंने अपनी तरफ से एक प्रयास किया है।'
अयोध्या में चल रही जोर-शोर से तैयारी
22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए अयोध्या में इस समय जोर-शोर से तैयारी चल रही है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अलग-अलग क्षेत्रों की करीब 7000 दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर देश भर में जबर्दस्त उत्साह है।
दुल्हन की तरह सजी अयोध्या
मंदिरों में भगवान राम पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पूजा पाठ हो रहे हैं। 22 जनवरी के बाद अयोध्या में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस समारोह के लिए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। यही नहीं, श्रद्धालुओं एवं राम भक्तों को ठहराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
छिंदवाड़ा से भेजे जाएंगे राम लिखे कागज
कांग्रेस सांसद नकुलनाथ ने कहा कि राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठता के उपलक्ष्य में सामूहिक रूप से 4.31 करोड़ बार 'राम' लिखे कागज 22 जनवरी को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से दो बसों में उत्तर प्रदेश के अयोध्या भेजे जाएंगे। कोरे कागजों पर भगवान राम का नाम लिखने की यह पहल सिमरिया धाम में आयोजित किए जा रहे 'श्री राम महोत्सव' का हिस्सा है और इसका आयोजन मारुति नंदन सेवा समिति द्वारा किया जाता है जो हनुमान मंदिर का प्रबंधन देखती है।
