देश

कुछ ही पलों में 'द बर्निंग रोड' बन गया जयपुर का भांकरोटा, संभल नहीं पाए लोग, धू-धू कर जलने लगीं गाड़ियां

Bhankrota Fire Accident : इस अग्निकांड की घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वह अस्पताल गए थे। अस्पताल को घायल सभी लोगों का इलाज करने का उन्होंने निर्देश दिया है। सरकार घायलों की हर तरीके से मदद करेगी। हमने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। यह दुखद घटना है। इस हादसे में चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है

Image

हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलसे।

Bhankrota Fire Accident : जयपुर के भांकरोटा में शुक्रवार सुबह भयानक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक एलपीजी ट्रक और सीएनजी ट्रक के भीषण टक्कर होने के बाद यह हादसा हुआ। हादसे के बाद लगी आग ने सड़क पर दूसरे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। गाडियां एक-दूसरे से टकराने लगीं और सड़क पर वाहन जलने लगे। जान बचाने के लिए भगदड़ सी मच गई। रिपोर्टों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि कई लोग जिंदा जल गए। आग में कई लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की खबर है। घायल लोगों का इलाज जयपुर के एसएमएस अस्पताल में किया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में दमकल की करीब 30 गाड़ियों को लगाया गया। जयपुर के कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने बताया कि आग की इस घटना में 40 गाड़ियां जली हैं। पुलिस आयुक्‍त बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया, ‘पांच लोगों की मौत हुई है।’

अस्पताल जाकर घटना का सीएम ने लिया जायजा

इस अग्निकांड की घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वह अस्पताल गए थे। अस्पताल को घायल सभी लोगों का इलाज करने का उन्होंने निर्देश दिया है। सरकार घायलों की हर तरीके से मदद करेगी। हमने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। यह दुखद घटना है। इस हादसे में चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम शर्मा से फोन पर बात की और घटना के बारे में जानकारी ली। घायलों का हाल चाल लेने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी जयपुर के एसएमएस अस्पताल पहुंचे।

बुरी तरह से जल गए कई ट्रक और ट्राली

जयपुर के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि यह दुखद हासदा अजमेर रोड पर हुआ। हादसे के बाद करीब दो दर्जन गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। कई ट्रक और ट्राली बुरी तरह से जल गए। यह घटना भांकरोटा इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास हुई। एसपी ने कहा कि एक के बाद एक गाड़ियों के आपस में टकराने की वजह से यह भयंकर हादसा हुआ। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि यह आग संभवत: गैस टैंकर के दूसरे वाहन से टकराने से लगी। जयपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र सोनी ने बताया कि इस घटना में अभी तक चार लोगों की मौत हुई है, कई लोग घायल भी हैं।

हादसे बाद राजमार्ग पर यातायात रोका गया

इससे पहले भांकरोटा थाना के प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया, ‘आग ने कई ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रकों की सटीक संख्या अभी पता नहीं चल पाई है। कई लोग झुलस गए हैं, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया है।’उन्होंने बताया कि यह घटना पेट्रोल पंप के सामने हुई और मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं तथा आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। गुप्ता ने बताया कि एहतियातन राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है जिससे जाम लग गया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article