देश

'चुनावी है BJP का हिंदुत्व, लोगों को बांटती है भगवा पार्टी', BMC चुनाव से पहले आदित्य ठाकरे का बड़ा हमला

भाजपा के इस आरोप पर कि बीएमसी को लूटने के लिए दोनों भाई उद्धव ठाकरे एवं राज ठाकरे एक साथ आए हैं, आदित्य ने कहा कि 'कोई भी इंसान या दो भाई साथ आते हैं तो किसी को इसकी तकलीफ नहीं होनी चाहिए लेकिन भाजपा को इससे परेशानी है। भाजपा तोड़ने और बांटने में विश्वास करती है। वह हर परिवार को तोड़ने में लगी हुई है।

Image

शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे।

Aditya Thackeray Interview: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के लिए चुनाव प्रचार आज शाम थम जाएगा। लंब से समय से बीएमसी में काबिज शिवसेना उद्धव गुट को यहां से बाहर करने के लिए भाजपा और शिंदे गुट ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। तुष्टिकरण करने और हिंदुत्व से मुंह फेरने के भाजपा के आरोपों का शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने जवाब दिया है। टाइम्स नाउ के साथ बातचीत में आदित्य ने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व चुनावी है और वह विभाजन की राजनीति करती है। इस चुनाव में उनकी पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतेगी।

दो भाई साथ आते हैं तो भाजपा को तकलीफ होती है-आदित्य

भाजपा के इस आरोप पर कि बीएमसी को लूटने के लिए दोनों भाई उद्धव ठाकरे एवं राज ठाकरे एक साथ आए हैं, आदित्य ने कहा कि 'कोई भी इंसान या दो भाई साथ आते हैं तो किसी को इसकी तकलीफ नहीं होनी चाहिए लेकिन भाजपा को इससे परेशानी है। भाजपा तोड़ने और बांटने में विश्वास करती है। वह हर परिवार को तोड़ने में लगी हुई है। भाजपा राजनीति और काराबोर से जुड़े परिवारों में विभाजन लाती है।' आदित्य ने पूछा कि महाराष्ट्र में यदि हमारा वोट बैंक नहीं तो भाजपा को तकलीफ क्यों हो रही है?

'भाजपा का हिंदुत्व चुनावी है'

हिंदुत्व छोड़ने के भाजपा के आरोप पर आदित्य ने कहा कि अगर कांग्रेस के साथ जाने से हमने हिंदुत्व छोड़ा तो जब भाजपा, कांग्रेस के साथ गई तो उसने क्या छोड़ा? भाजपा हिंदुत्व भी नकली है। भाजपा एक तरफ गोमांस के धंधे पर रोक लगाने की बात कहती है तो दूसरी तरफ उसके कुछ नेता चोरी-छिपकर इसे जारी रखने की बात कहते हैं।' शिवसेना यूबीटी के नेता ने पूछा कि गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा इस पर रोक क्यों नहीं लगाती। भाजपा का हिंदुत्व चुनावी है। हमारा हिंदुत्व स्पष्ट है, 'हृदय में राम, हाथ को काम।' हमारा हिंदुत्व हो या भूमिपुत्र का विषय हो, यह किसी के खिलाफ नहीं बल्कि अपने हक के लिए है।

16 जनवरी को आएगा चुनाव रिजल्ट

महाराष्ट्र में BMC समेत 29 नगर निगमों के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होनी है। चुनाव में 15 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। अकेले BMC में कुल 227 वार्ड हैं, जहां 1700 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग का रिजल्ट 16 जनवरी को आएगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article