देश

कमल हासन ने पीएम मोदी से की मुलाकात, 'Keeladi' को लेकर की खास अपील

अभिनेता कमल हासन ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की, पुरातात्विक स्थल कीलाडी (Keeladi) की प्राचीनता को मान्यता देने की मांग की। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने अब तक कीलाडी उत्खनन और उससे प्राप्त निष्कर्षों को औपचारिक मान्यता देने से इनकार कर दिया है, क्योंकि आगे वैज्ञानिक सत्यापन की आवश्यकता है।

Image

अभिनेता कमल हासन ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की (फोटो:X)

Kamal Haasan News: राज्यसभा सांसद और अभिनेता कमल हासन ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कमल हासन ने इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी के समक्ष तमिल सभ्यता की भव्यता और तमिल भाषा के शाश्वत गौरव को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने के लिए सहयोग मांगा। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद पहली बार और कीलाडी (Keeladi) पुरातात्विक निष्कर्षों को मान्यता देने की जोरदार वकालत की, जिसके बारे में तमिलनाडु में कई लोगों का मानना है कि यह तमिल सभ्यता की प्राचीनता की पुष्टि करता है।

कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर की। उन्होंने लिखा, 'आज मुझे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। तमिलनाडु की जनता के प्रतिनिधि और एक कलाकार के रूप में मैंने उनके समक्ष कुछ अनुरोध रखे, जिनमें सबसे प्रमुख 'कीलाडी' की प्राचीनता को मान्यता दिलाने में तेजी लाने का अनुरोध था।'

कमल हासन ने अपने बयान में कहा, 'मैंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वे तमिल लोगों के उन प्रयासों को समर्थन दें जो तमिल सभ्यता की महानता और तमिल भाषा की प्राचीनता को विश्व के सामने लाने का काम कर रहे हैं।'

कीलाडी शिवगंगई जिले में स्थित एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल

कीलाडी तमिलनाडु के शिवगंगई जिले में स्थित एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल है, जिसकी प्राचीनता को मान्यता दिलाने का कमल हासन ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया। फिल्म अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने 25 जुलाई को राज्यसभा में सांसद के रूप में शपथ ली थी। हासन ने तमिल में शपथ लेते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नागरिक प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, 'एक भारतीय होने के नाते, मैं अपना कर्तव्य निभाऊंगा।'

पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में 37 सीटों पर चुनाव लड़ा था

कमल हासन मक्कल नीधि मय्यम के संस्थापक भी हैं। उनकी पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में 37 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसके अलावा, 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में हासन ने खुद कोयंबटूर दक्षिण से चुनाव लड़ा, जहां वे भाजपा की वनथी श्रीनिवासन से मामूली अंतर से हार गए थे। इसके बाद, हासन के राज्यसभा नामांकन का तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने समर्थन किया। उन्हें 12 जून को निर्विरोध निर्वाचित किया गया था।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!