देश

अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के पास मिला लावारिस बच्चा, खंडहर में कूद ऐक्ट्रेस की मेजर बहन ने किया रेस्क्यू

Disha Patani: दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के पास एक इमारत के खंडहर में रविवार सुबह करीब 10 महीने का एक लावारिस शिशु मिला। दिशा की बहन खुशबू ने दीवार लांघकर उस बच्चे को बचाया।

Image

अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन मेजर खुशबू ने बचाई बच्चे की जान

Photo : Twitter

Disha Patani: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के पास एक इमारत के खंडहर में रविवार सुबह करीब 10 महीने का एक लावारिस शिशु मिला। दिशा की बहन खुशबू ने दीवार लांघकर उस बच्चे को बचाया। खुशबू ने उस चोटिल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। उनके इस संवेदनशीलतापूर्ण कार्य की सराहना की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर-1) पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक, अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन खुशबू अपने पिता सेवानिवृत्त पुलिस क्षेत्राधिकारी जगदीश पाटनी के साथ पुरानी पुलिस लाइन इलाके के पास रहती हैं और वह सुबह की सैर पर निकली थीं तथा तभी रास्ते में उन्हें एक खाली पड़ी इमारत के खंडहर से एक बच्चे के रोने की आवाज सुनायी दी।

बच्चे के चेहरे पर थे चोट के निशान- पुलिस

श्रीवास्तव ने बताया कि जिस जगह पर बच्चा पड़ा था, वहां तक पहुंचने के लिये कोई सीधा रास्ता नहीं था, लेकिन खुशबू ने हिम्मत दिखायी और एक दीवार को फांदकर मौके पर पहुंची और जमीन पर पड़े बच्चे को उठाया। उनके मुताबिक, बच्चे के चेहरे पर चोट के निशान थे और वह बच्चे को घर ले आईं और उसका प्राथमिक उपचार किया जिसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। श्रीवास्तव ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता लग सके कि उस बच्चे को वहां किसने छोड़ा था। श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चे को ऐसी हालत में छोड़ने के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के प्रयास चल रहे हैं। दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने कहा कि उन्होंने लावारिस बच्चे के मिलने की खबर पुलिस को फौरन दी थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article