देश

AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार, आज सुबह से ED कर रही थी छापेमारी; जानें क्या है आरोप

AAP Leader Deepak Singla: आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को ईडी (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। दीपक सिंघला पर बैंक फ्रॉड का आरोप है।

Image

आप नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार हो गए हैं। दीपक सिंगला के ठिकानों पर आज सुबह से ईडी की छापेमारी चल रही थी। जिसके बाद दोपहर बाद सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया। दीपक सिंगला पर जनता से ठगी कर करीब 180 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और धन की हेराफेरी के आरोप हैं। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दीपक सिंगला की गिरफ्तारी पर कहा कि दीपक सिंगला को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया कि उसने कोई गलत काम किया है। बल्कि इसलिए गिरफ्तारर किया है क्योंकि वो बीजेपी के खिलाफ काम कर रहा था और उसने बीजेपी में शामिल होने से मना कर दिया। दीपक बहादुर है और देश के लिए लड़ रहा है।

कहां-कहां चल रही थी छापेमारी?

मिली जानकारी के अनुसार दीपक सिंगला के दिल्ली और गोवा के ठिकानों पर रेड चल रही थी। दिल्ली के सुभाष नगर स्थित बाबाजी फाइनेंस ग्रुप के राम सिंह के ठिकानों पर भी ED की छापेमारी़ हुई है। सिंगला ने 2025 और 2020 में AAP के टिकट पर विश्वास नगर विधानसभा से चुनाव लड़ा था। 2024 में, ईडी ने बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में सिंगला के आवास पर तलाशी ली थी।

आतिशी ने बीजेपी पर हमला

दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने ट्वीट कर सिंगला का बचाव करते हुए कहा, “गोवा में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही, भाजपा के वफादार सिपाही, ईडी को यहां भी भेज दिया गया है! आज सुबह से ही AAP के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला के आवास और गोवा में कुछ कार्यकर्ताओं के घरों पर ईडी की छापेमारी जारी है। यह न केवल हमारे कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास है, बल्कि भाजपा के लिए हमारे संगठन से संबंधित सभी जानकारी हासिल करने का भी प्रयास है!”

दीपक सिंगला के सपोर्ट में आप

वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से भी इस रेड पर प्रतिक्रिया सामने आई है। आप ने कहा कि गोवा में ईडी की छापेमारी भी भाजपा को नहीं बचा पाएगी। जब भाजपा की पकड़ कमजोर होती है, तो वे जनता का सामना करने के बजाय कार्यकर्ताओं के घरों पर छापे मारना शुरू कर देते हैं। यह शासन नहीं, बल्कि राजनीतिक धमकियां हैं। डराने-धमकाने की रणनीति से चुनाव नहीं जीते जा सकते। जनता इसका जवाब जरूर देगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article