आज की ताजा खबर, 8 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: दिल्ली में गर्मी का मौसम, 50 साल में मार्च का हफ्ता सबसे गर्म...ईरान-अमेरिका युद्ध से दुनिया भर में हलचल, LPG की कीमतें ₹60 बढ़ीं
आज की ताजा खबर लाइव, 8 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान-अमेरिका युद्ध], [LPG की कीमतें बढ़ीं], [दिल्ली में गर्मी का मौसम] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। वहीं, पिछले हफ्ते इजराइल और US के ईरान पर मिलिट्री हमले शुरू करने के बाद से भारत ने वेस्ट एशिया में 10 मिलियन से ज्यादा भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कदम उठाए हैं। उधर, ईरान-अमेरिका युद्ध से दुनिया भर में हलचल बढ़ गई है और LPG की कीमतें ₹60 बढ़ीं हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा रेट हाइक वेस्ट एशिया में एनर्जी सप्लाई की कमी के कारण हुए असर का कुछ हिस्सा दिखाता है।
आज की ताजा खबर, 8 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: दिल्ली में गर्मी का मौसम, 50 साल में मार्च का हफ्ता सबसे गर्म...ईरान-अमेरिका युद्ध से दुनिया भर में हलचल, LPG की कीमतें ₹60 बढ़ीं
-दिल्ली में गर्मी का मौसम
-ईरान-अमेरिका युद्ध
-LPG की कीमतें ₹60 बढ़ीं
उप्र में बाघ के हमले में किसान की मौत
दुधवा बफर जोन की उपनिदेशक कीर्ति चौधरी ने बताया कि शनिवार को किसान परगट सिंह (50) का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि सिंह शुक्रवार शाम को अपने गन्ने के खेतों से गुज़र रहे थे, तभी खेतों में छिपे एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
चौधरी ने बताया कि सिंह जब देर रात तक घर नहीं लौटे तो उनके परिजन ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि शनिवार को दोबारा तलाश शुरू की गई तो गन्ने के खेत के पास उनकी पगड़ी और चप्पलें मिलीं।
चौधरी ने कहा कि परिजन जब गन्ने के खेत के अंदर गए तो उन्हें परगट सिंह का क्षत-विक्षत शव पाया गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर वन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने इलाके में बाढ़ लगाने और मानव भक्षी हो चुके बाघ को पकड़ने की मांग की। अधिकारियों ने समुचित कार्यवाही का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौधरी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद पीड़ित परिवार के सदस्यों को मुआवजा दिया जाएगा।
पंजाब में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1,000 रुपये, अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये
महिलाओं को 1,000 रुपये की मासिक सहायता देना 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले सत्ताधारी दल का एक प्रमुख चुनावी वादा था।
विधानसभा में वर्ष 2026-27 का राज्य बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने ’मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना’ (मुख्यमंत्री मां-बेटी सत्कार योजना) लागू करने की घोषणा की। इसके तहत सरकार महिलाओं के खातों में सीधे पैसे अंतरित करेगी।
भगवंत मान सरकार ने पंजाब में सत्ता में आने के लगभग चार वर्ष बाद इस नयी योजना की शुरुआत की है। चीमा ने कहा कि एससी समुदाय की महिलाओं के खातों में सरकार हर महीने 1,500 रुपये भेजेगी।
यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर की गई। यह पहली बार है जब राज्य का बजट रविवार को पेश किया गया है। वित्त मंत्री ने इस योजना को महिलाओं के लिए दुनिया की पहली ’सार्वभौमिक नकद अंतरण’ योजना बताया।
जद(यू) में शामिल हुए नीतीश के बेटे निशांत
इंजीनियरिंग में स्नातक निशांत को पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ’ललन’ और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में जद(यू) में शामिल किया गया।
पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा, "मेरे पिता ने राज्यसभा सदस्य बनने का फैसला लिया, यह उनका व्यक्तिगत निर्णय था। हम सभी इसका सम्मान करते हैं। हम उनके मार्गदर्शन में काम करते रहेंगे। मैं संगठन को मजबूत करने के लिए काम करूंगा।"
निशांत ने दावा किया कि बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्ष में राज्य के लिए बहुत कुछ किया।
उन्होंने कहा, "राज्य की जनता कभी भी उनके (नीतीश) द्वारा राज्य के विकास में किए गए योगदान को नहीं भूलेगी।"
जद(यू) कार्यालय में आगमन पर निशांत का जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर जमा हुए और पार्टी का झंडा लहराते हुए ढोल बजाते दिखे।
इस बीच, अटकलें हैं कि निशांत को नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
अगले सप्ताह लगभग 40 लाख लाभार्थियों में से प्रत्येक को 9,000 रुपये मिलेंगे: मुख्यमंत्री हिमंत
उन्होंने दावा किया कि चार महीनों के अनुदान के साथ-साथ अतिरिक्त राशि का समेकित भुगतान मंगलवार को किया जाएगा, जो किसी सरकारी योजना के तहत एक ही दिन में 3,600 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड बैंक अंतरण के बराबर है।
महिला लाभार्थियों को एक ही दिन में यह राशि ऐसे समय में दी जा रही है, जब राज्य में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाला हैं। इस चुनाव में भाजपा नीत सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता अपने पास बरकरार रखना चाहती है।
शर्मा ने ’फेसबुक लाइव’ में कहा, "10 मार्च को पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे, ओरुनोदोई योजना के तहत लाभान्वित होने वाले 40 लाख परिवारों में से प्रत्येक परिवार को 9,000 रुपये मिलेंगे।"
ईडी अल फलाह चेयरमैन को दी गई अंतरिम जमानत को चुनौती देगी
ईडी ने कहा है कि मामले के कई अन्य पहलुओं की जांच अब भी जारी है ऐसे में सिद्दीकी जांच को प्रभावित कर सकते हैं।
दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को 61 वर्षीय सिद्दीकी को धन शोधन के मामले में दो सप्ताह की अंतरिम जमानत दी थी।
सिद्दीकी पर फरीदाबाद स्थित शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा दी गई फीस से अवैध धन जुटाने और कॉलेजों की मान्यता व प्रमाणन के बारे में गलत जानकारी देने का आरोप है।
ईडी ने सिद्दीकी को नवंबर 2025 में गिरफ्तार किया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं।
सिद्दीकी ने अपनी पत्नी की देखभाल के लिए अंतरिम जमानत के लिए अर्जी दी थी।
सिद्दीकी की पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं और 12 मार्च को उनकी कीमोथेरेपी होनी है।
ईडी के अधिकारियों ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एजेंसी जल्द दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानीय अदालत के आदेश को चुनौती देगी।
ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र टेस्ट में भारत को 10 विकेट से हराया
भारत टीम अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105 रन से आगे खेलते हुए 149 रन पर सिमट गई जिसमें प्रतिका रावल ने 137 गेंद में 63 रन की पारी खेली।
भारत की टीम दूसरी पारी में 48.2 ओवर में सिमट गई। एशले गार्डनर (आठ रन पर दो विकेट) ने कल की दोनों नाबाद बल्लेबाजों स्नेहा राणा (30) और प्रतिका को आउट किया। एलेना किंग ने भी 23 रन देकर दो विकेट चटकाए।
ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज लूसी हैमिल्टन रहीं जिन्होंने 32 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि एनाबेल सदरलैंड ने भी 15 रन पर दो विकेट हासिल किए।
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 25 रन की दरकार थी और सलामी बल्लेबाजों जॉर्जिया वोल (नाबाद 16) और फोबे लिचफील्ड (नाबाद 11) ने 4.3 ओवर में ही बिना विकेट खोए 28 रन बनाकर मेजबान टीम को जीत दिला दी।
इससे पूर्व भारत ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एनाबेल सदरलैंड के 129 रन की मदद से 323 रन बनाकर मेजबान टीम को पहली पारी में अहम बढ़त दिलाई थी।
एलपीजी के दाम बढ़ने के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
विरोध मार्च कोलकाता के सुबोध मलिक चौराहे से शुरू हुआ, जिसमें राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, शशि पांजा, पार्टी सांसद माला रॉय और अन्य महिला नेताओं एवं पार्षदों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने काले कपड़े पहन रखे थे।
शनिवार को घरेलू रसोई गैस की कीमत में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की भारी वृद्धि की गई थी। साल में दूसरी बार यह वृद्धि हुई है।
तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवारों के लिए दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
शशि पांजा ने कहा, "रसोई का प्रबंधन मुख्य रूप से महिलाएं करती हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पहले, रसोई गैस की कीमत लगभग ’’1,000 प्रति सिलेंडर कर दी गई है। परिवार खाना कैसे पकाएंगे और अपने सदस्यों को भोजन कैसे देंगे?"
उन्होंने कहा कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक कीमतों की बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया जाता।
कांग्रेस ने बढ़ते प्रदूषण को लेकर साधा सरकार पर निशाना, एनएएक्यूएस की समीक्षा पर दिया जोर
कांग्रेस के संचार मामलों के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, "पीएम 56 इंच का पर्दाफाश हो गया है, पीएम 2.5 अब सच है।"
रमेश ने ’एक्स’ पर लिखा, "पीएम2.5, यानी 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम व्यास वाला कण पदार्थ पूरे देश में गंभीर पर्यावरण-स्वास्थ्य संकट का कारण बन चुका है।’’
उन्होंने दिसंबर 2024 में ’द लैंसेट प्लेनेटरी हेल्थ’ में प्रकाशित एक अध्ययन का हवाला दिया, जिसमें 2009-2019 के बीच 655 जिलों के आंकड़ों के आधार पर यह पाया गया कि पीएम2.5 सांद्रता में हर 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के इजाफे से मृत्युदर में 8.6 प्रतिशत की वृद्धि होती है।
उन्होंने कहा कि 2025 के ’लैंसेट काउंटडाउन’ के अनुमान के अनुसार, हर साल लगभग 17.2 लाख भारतीयों की पीएम 2.5 के संपर्क में आने से मौत हो जाती है, जो 2010 की तुलना में 38 प्रतिशत अधिक है।
रमेश ने यह भी कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 2024, 2025 और 2026 में संसद को यह बताया था कि वायु प्रदूषण के कारण होने वाली मौतों का कोई सटीक आंकड़ा प्राप्त नहीं किया जा सकता।
अजीब है कि कुछ टीम का असर अन्य से अधिक है: डिकॉक, मिलर ने ICC की आलोचना की
बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में भारत से शिकस्त झेलने वाला इंग्लैंड शनिवार शाम को मुंबई से लंदन के लिए सीधी चार्टर्ड उड़ान से रवाना हुआ। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम हालांकि अब भी भारत में ही हैं।
पिछले रविवार को ईडन गार्डन्स में भारत से पांच विकेट से हारने के बाद वेस्टइंडीज टी20 विश्व कप से बाहर हो गया जबकि बुधवार को कोलकाता में पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के साथ दक्षिण अफ्रीका का अभियान भी खत्म हो गया।
दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज दोनों के कोलकाता से एक और चार्टर्ड उड़ान से एक साथ यात्रा करने की उम्मीद है। उड़ान के समय की अभी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इसके रविवार को रवाना होने की संभावना है।
डिकॉक ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ’’मजेदार है कि आईसीसी ने हमें कुछ नहीं बताया। इस बीच इंग्लैंड किसी तरह से हमारे से पहले कैसे जा रहा है? वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका तो बस अंधेरे में हैं। अजीब है कि अलग-अलग टीम का दूसरों से अधिक असर होता है।’’
टीम के डिकॉक के साथी मिलर ने भी निराशा जताई।
मिलर ने ’ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा, ’’मजेदार बात यह है कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बाद इंग्लैंड बाहर हुआ और आज रात चार्टर्ड उड़ान से स्वदेश वापस लौट गया जबकि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका अब भी कोलकाता में जवाब का इंतजार कर रहे हैं।’’
दो बार विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच डेरेन सैमी ने भी इस मामले पर अपनी राय दी।
सैमी ने लिखा, ’’डेविड मिलर पीछे बैठे लोगों को सुनाने के लिए थोड़ा जोर से बोलो।’’
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका से पहले इंग्लैंड को स्वदेश भेजने के आईसीसी के फैसले पर सवाल उठाया।
वॉन ने ’एक्स’ पर लिखा, ’’तो इंग्लैंड बृहस्पतिवार को बाहर हो गया। आज चार्टर्ड उड़ान से स्वदेश रवाना। वेस्टइंडीज पिछले रविवार को बाहर हो गया और अब भी कोलकाता में है.. दक्षिण अफ्रीका की भी यही स्थिति है। यहीं पर ताकत पूरी तरह से गलत है।’’
उन्होंने कहा, ’’इस स्थिति में सभी टीम के साथ एक जैसा व्यवहार किया जाना चाहिए। सिर्फ इसलिए कि आप आईसीसी में अधिक ताकतवर हैं इसका फायदा नहीं मिलना चाहिए।’’
रूस के ईरान को खुफिया जानकारी देने संबंधी खबरों को ट्रंप ने तवज्जो नहीं दी
अमेरिकी और इजराइल द्वारा ईरान पर युद्ध शुरू करने के एक दिन बाद कुवैत में ड्रोन हमले में मारे गए सेना के छह सैनिकों के राजकीय सम्मान से हुए अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने सूचना साझा करने संबंधी इस तरह की खबरों को खारिज कर दिया।
ट्रंप ने ’एसोसिएटेड प्रेस’ और अन्य समाचार संस्थाओं की उन रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का मानना है कि रूस ने ईरान को खुफिया जानकारी साझा की जिसके कारण ईरान ने अमेरिकी लक्ष्यों को निशाना बनाया।
राष्ट्रपति इस तरह की खबरों को तूल नहीं देते हुए कहा कि अगर रूस इस तरह की जानकारी दे भी रहा है तो ईरान को इससे कुछ खास फायदा नहीं होगा।
ट्रंप ने मियामी जाते समय ’एयर फोर्स वन’ में पत्रकारों से कहा, ’’पिछले हफ्ते ईरान के साथ जो हुआ है अगर आप उस पर नजर डालें तो उससे उन्हें ज्यादा मदद होती नहीं दिख रही।’’
इजराइल की चेतावनी के बीच ईरान में रात भर हमले जारी
इजराइल की सेना ने पुष्टि की कि उसने तेहरान में ईंधन भंडारण केंद्रों पर हमला किया।
ऐसा प्रतीत होता है कि युद्ध में पहली बार किसी असैन्य औद्योगिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाया गया है। सरकारी मीडिया ने राजधानी और उत्तर में पड़ोसी प्रांतों को आपूर्ति करने वाले इस केंद्र पर हमलों के लिए ’’अमेरिका और यहूदी शासन’’ को जिम्मेदार ठहराया।
नेतन्याहू ने शनिवार रात कहा कि ईरान में युद्ध के अगले चरण के लिए इजराइल के पास ’’कई आश्चर्यजनक कदमों की एक सुनियोजित योजना’’ है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य ईरान में शासन को अस्थिर करना और परिवर्तन को संभव बनाना है।
इससे पहले, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पड़ोसी देशों पर हमलों के लिए शनिवार को माफी मांगी जबकि इस बीच उनके देश ने खाड़ी अरब देशों पर मिसाइल और ड्रोन दागना जारी रखा। ईरान के कट्टरपंथियों ने जोर देकर कहा कि तेहरान की युद्ध रणनीति नहीं बदलेगी।
युद्ध में तनाव कम करने की कोशिश करने वाले नेताओं और अमेरिका एवं इजराइल से लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध अन्य कट्टरपंथियों के बीच मतभेद किसी भी कूटनीतिक प्रयास को जटिल बना सकते हैं। युद्ध के दौरान शुरुआती हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद से ईरान की निगरानी कर रही नेतृत्व परिषद के तीन सदस्यों में से दो की ओर से परस्पर विरोधी बयान आए।
पेजेश्कियान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग खारिज कर दी।
पेजेश्कियान ने कहा, ’’यह एक ऐसा सपना है, जिसे उन लोगों को अपने साथ कब्र में ले जाना चाहिए।’’
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
मौसम विभाग ने आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 249 दर्ज किया गया जो ’खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ माना जाता है।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तीन तलाक देने का आरोप, पति समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
पुलिस ने रविवार को बताया कि जन्नत बानो (21) नामक महिला ने शनिवार शाम को शहर कोतवाली में अपने पति डॉक्टर जैनुल आबिदीन और ससुराल के सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है।
कोतवाली निरीक्षक सच्चिदान्द पांडेय ने रविवार को बताया कि मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के निवासी उस्मान अली की बेटी जन्नत की शादी 21 दिसंबर 2024 को भदोही शहर के मखदूमपुर के रहने वाले आबिदीन से हुई थी।
उन्होंने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि शादी होने से पहले आबिदीन ने एक अस्पताल खोलने और पैथोलॉजी लैब की मशीन खरीदने को जन्नत से परिजन से 10 लाख रुपये लिये थे।
पांडेय ने बताया कि आरोपी ने कुछ दिन बाद सरकारी नौकरी के लिए रिश्वत देने के नाम पर जन्नत के परिजन से 25 लाख रुपये और लिये।
उन्होंने कहा कि शिकायत के अनुसार आरोपी ने शादी के दिन भी एक लाख रुपये लिये और शादी में वर पक्ष की तरफ से दिये जाने वाले जेवरात के नाम पर सोने के नकली जेवर दिए।
प्रयागराज में पांच वर्षीय बच्चे का अपहरण
पुलिस ने बताया कि बच्चे का पता लगाने के लिए पुलिस की आठ टीम गठित की गई हैं।
अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चे के परिजनों से बात की। उन्होंने बताया कि बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस की आठ टीम काम कर रही हैं।
पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि शनिवार को मांडा थाना को सूचना मिली कि सराय कलां गांव में प्रतीक का उसके घर के सामने से कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया।
भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां गौरव का स्रोत हैं: प्रधानमंत्री मोदी
मोदी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण उनकी सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं पहलों का मूल आधार है और सरकार ऐसे अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है जिनसे प्रत्येक महिला अपनी पूरी क्षमता का एहसास कर सके और भारत के विकास की यात्रा में योगदान दे सके।
उन्होंने एक संदेश में कहा, ’’अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं हमारी समूची नारी शक्ति को शुभकामनाएं देता हूं। हर क्षेत्र में महिलाएं संकल्प, रचनात्मकता और बेजोड़ उत्साह के साथ भारत की प्रगति को आकार दे रही हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं और विकसित भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत करती हैं।’’
मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ेगा, महिलाओं की आकांक्षाएं और उनका योगदान एक मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र की दिशा में देश की सामूहिक यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
उन्होंने कहा, ’’भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां गर्व का स्रोत हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी परिवर्तनकारी भूमिका की सशक्त तरीके से याद दिलाती हैं।’’
‘‘राष्ट्रपति बंगाल चुनावों से पहले भाजपा के इशारे पर बोल रही हैं'' : ममता
उत्तर बंगाल की यात्रा के दौरान मुर्मू द्वारा की गई टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए राष्ट्रपति कार्यालय का दुरुपयोग कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता में एक धरना स्थल पर कहा, ’’भाजपा इतना नीचे गिर गई है कि वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का इस्तेमाल राज्य को बदनाम करने के लिए कर रही है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम में राज्य प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति के बारे में उन्हें दी गई जानकारी गलत थी।
बनर्जी ने कहा कि चुनाव से पहले ऐसे कार्यक्रमों में हमेशा शामिल होना उनके लिए संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि राज्य सरकार ने मुर्मू के कार्यक्रम में प्रतिनिधि नहीं भेजे थे और दावा किया कि राष्ट्रपति को दी गई जानकारी गलत थी।
शाम को ’एक्स’ पर एक पोस्ट में, बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति सचिवालय को जिला अधिकारियों द्वारा सूचित किया गया था कि आयोजक ठीक तरीके से तैयार नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति सचिवालय की टीम ने पांच मार्च को दौरा किया था, उन्हें व्यवस्थाओं की कमी से अवगत कराया गया था, फिर भी कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा।"
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सिलीगुड़ी के महापौर गौतम देब उस कार्यक्रम में मौजूद थे, जो बंगाल सरकार द्वारा आयोजित नहीं किया गया था।
उन्होंने कहा, ’’अगर आप साल में एक बार आती हैं तो मैं आपका स्वागत कर सकती हूं, लेकिन अगर आप चुनाव के दौरान आती हैं, तो मेरे लिए आपके कार्यक्रमों में शामिल होना संभव नहीं होगा क्योंकि मैं लोगों के अधिकारों के लिए काम कर रही हूं।’’
इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने सिलीगुड़ी के पास बिधाननगर में आदिवासियों की एक सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी को अपनी ’छोटी बहन’ बताया और हैरानी जताई कि क्या पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री किसी बात को लेकर ’नाराज’ हैं, क्योंकि उत्तर बंगाल दौरे के दौरान उनका स्वागत करने के लिए न तो मुख्यमंत्री आईं और न ही कोई अन्य मंत्री मौजूद था।
मुर्मू ने आदिवासी समुदाय के वार्षिक कार्यक्रम के आयोजन स्थल को बिधाननगर से गोशाईपुर स्थानांतरित किए जाने पर भी सवाल उठाया, जहां कथित तौर पर उपस्थिति कम रही।
पेंच की ‘लंगड़ी' बाघिन की वृद्धावस्था के चलते मृत्यु
पेंच बाघ अभयारण्य के उपनिदेशक पुनीत गोयल ने बताया कि वर्ष 2008 में जन्मी इस बाघिन की पहचान पीएन-20 (टी-20) के रूप में की गई थी और उसकी उम्र लगभग 18 वर्ष थी। उन्होंने बताया कि वह अभयारण्य की सबसे उम्रदराज बाघिनों में से एक थी।
उन्होंने बताया, "बाघिन शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अभयारण्य के करमाझिरी कोर क्षेत्र में मृत पाई गई। उसके एक अगले पंजे में जन्मजात विकृति थी, जिसके कारण वह हल्की लंगड़कर चलती थी और इसी वजह से पर्यटकों के बीच ’लंगड़ी’ के नाम से लोकप्रिय थी।"
गोयल ने बताया कि ’लंगड़ी’ पेंच की मशहूर ’कॉलरवाली’ बाघिन की बहन थी और करमाझिरी रेंज में उसकी अच्छी मौजूदगी रहती थी।
वन अधिकारियों के अनुसार, इस बाघिन ने अपने जीवनकाल में 10 शावकों को जन्म दिया, जिससे अभयारण्य और आसपास के क्षेत्रों में बाघों की संख्या बढ़ाने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था के कारण वह हाल के महीनों में शारीरिक रूप से कमजोर हो गई थी और अपने दम पर शिकार करने में असमर्थ हो गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के दिशा-निर्देशों के अनुसार पशु चिकित्सकों की टीम ने बाघिन के शव का पोस्टमार्टम किया।पेंच की ‘लंगड़ी' बाघिन की वृद्धावस्था के चलते मृत्यु
मप्र: चार नकाबपोश व्यक्तियों ने 90 साल की महिला से दुष्कर्म किया; एसआईटी जांच शुरु
पुलिस के अनुसार घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि महिला को यौन हमले के दौरान लगी चोटों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गई है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता बृहस्पतिवार रात अपने गांव में खेत में बनी झोपड़ी में अकेली थी, तभी चार नकाबपोश लोग वहां पहुंचे और उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक महिला ने घटना के बारे में अगली सुबह दूसरे गांव में रहने वाली अपनी बेटी को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इसके बाद महिला की बेटी उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गई।
मप्र : भारतीय सेना की ‘सागर ट्रेल रन' में 800 लोगों ने लिया हिस्सा
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि सेना की शाहबाज डिवीजन द्वारा ’शौर्य रन 2026’ विषय के तहत आयोजित इस दौड़ का उद्देश्य तंदुरुस्ती, एकता और देशभक्ति को बढ़ावा देना था।
विज्ञप्ति के अनुसार इस दौड़ का मार्ग विंध्याचल पर्वत श्रृंखला और सैन्य स्टेशन के प्रशिक्षण मैदानों से होकर गुजरा। इसके अनुसार पांच किलोमीटर महिला वर्ग में अंजिली अहिरवार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिलाओं की 12 किलोमीटर दौड़ में शीतल कुशवाहा विजेता रहीं।
विज्ञप्ति के अनुसार पुरुष वर्ग (35 वर्ष से कम) की 12 किलोमीटर दौड़ में सनी प्रजापति पहले स्थान पर रहे, जबकि 35 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लिए 12 किलोमीटर की दौड़ में एस. सेहजाद रजा ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इसके अनुसार नागरिक वर्ग में 50 वर्ष से अधिक आयु श्रेणी में सुरेंद्र ने पहला स्थान हासिल किया।
विज्ञप्ति में बताया गया कि कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विज्ञप्ति में बताया गया कि यह दौड़ अब हर वर्ष नवंबर-दिसंबर के दौरान आयोजित की जाएगी।
दिल्ली के नांगलोई में अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उसके बेटे की मौत
विनिर्माण इकाई एक आवासीय इमारत के भूतल से संचालित होती थी, जबकि इसके 60 वर्षीय मालिक अनिल अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि फैक्टरी में करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं थे, जहां अचार बनाकर रखा जाता था।
एक अधिकारी ने कहा, "शनिवार को, एक मजदूर काम के लिए एक कुएं में उतरा था, लेकिन कथित तौर पर दम घुटने के कारण बेहोश हो गया।"
अधिकारी ने बताया कि मजदूर को गिरते देख फैक्टरी मालिक और 32 साल और 28 साल के उनके दो बेटे नीरज और संदीप भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। अधिकारी ने कहा, हालांकि, ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश हो गए।
अधिकारी ने बताया कि शोर-शराबा होने पर अनिल के भाई सुभाष और अन्य स्थानीय लोग पहुंचे और सभी को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि मजदूर और संदीप को होश आ गया, जबकि अनिल और उनके बेटे नीरज को होश नहीं आया और उन्हें संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दम घुटने के सही कारण और फैक्टरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है।
