आज की ताजा खबर, 6 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़: नेपाल में GEN Z का अगला पीएम जल्द, काउंटिंग जारी
आज की ताजा खबर, 6 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान युद्ध], [इंडियन एयरफोर्स], [नेपाल का नया पीएम] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: इंडियन एयर फोर्स ने कहा है कि गुरुवार शाम असम के जोरहाट से टेकऑफ के बाद लापता हुआ सुखोई-30 MKI फाइटर एयरक्राफ्ट कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हो गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। इसके अलावा नेपाल में अगली सरकार बनाने के लिए वोटों की गिनती आज होगी। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की 275 सीटों के लिए चुनाव होगा। इस बीच, कनाडा के PM मार्क कार्नी अपने तीन देशों के दौरे का आखिरी पड़ाव जापान से शुरू करेंगे। वह जापानी PM साने ताकाइची के साथ बाइलेटरल मीटिंग करेंगे। वहीं, अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद यह युद्ध जारी है और ईरान भी अपनी ताकत दिखा रहा है।
आज की ताजा खबर, 6 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़: नेपाल में GEN Z का अगला पीएम जल्द, काउंटिंग जारी
-संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) का आज से विरोध प्रदर्शन
-खाड़ी क्षेत्र में ईरान की सेना ने तेल टैंकर को निशाना बनाया
-नेपाल में अगली सरकार बनाने के लिए वोटों की गिनती आज
-सुखोई-30 MKI फाइटर एयरक्राफ्ट क्रैश
-ईरान युद्ध
-अमेरिका, इजरायल का ईरान पर हमला
यहूदी समुदाय की जासूसी कर ईरान की मदद करने के संदेह में चार लोग गिरफ्तार : लंदन पुलिस
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि संदिग्धों को एक विदेशी खुफिया सेवा की मदद करने के शक में हिरासत में लिया गया है। संदिग्धों में एक ईरानी और तीन ब्रिटिश-ईरानी दोहरी नागरिकता वाले व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि 22, 40, 52 और 55 वर्ष की आयु के इन पुरुषों को उत्तरी लंदन और उसके आसपास के इलाकों से देर रात गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आसपास की अन्य संपत्तियों की भी तलाशी ली जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पश्चिमी लंदन के हैरो इलाके में छह अन्य पुरुषों को भी एक अपराधी की मदद करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है और उन्हें हिरासत में लिया गया है।
लंदन में आतंकवाद-रोधी पुलिस इकाई की प्रभारी कमांडर हेलेन फ्लैनगन ने कहा, ’’हम यह बात समझते हैं कि आम जनता, विशेष रूप से यहूदी समुदाय इस घटना से चिंतित हो सकता है। हमेशा की तरह मैं उनसे सतर्क रहने का अनुरोध करती हूं और यदि उन्हें कुछ भी संदिग्ध दिखाई दे या सुनाई दे, तो तुरंत हमसे संपर्क करें।’’
ये गिरफ्तारियां ऐसे समय हुई हैं जब अमेरिका और इजराइल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं, जबकि ईरान भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इज़राइल, अमेरिकी सैन्य ठिकानों और पूरे क्षेत्र में हमले जारी रखे हुए है।
कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार फिसला, सेंसेक्स 1,097 अंक लुढ़का
विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बनाया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,097 अंक यानी 1.37 प्रतिशत टूटकर 78,918.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,203.72 अंक लुढ़ककर 78,812.18 अंक तक आ गया था।
इसी तरह, एनएसई का मानक सूचकांक निफ्टी भी 315.45 अंक यानी 1.27 प्रतिशत के नुकसान के साथ 24,450.45 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में से आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
उप्र : सहारनपुर में नीलगाय के एक झुंड की चपेट में आने से ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि की मौत
थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश शर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान पूनम सैनी के पति सतीश सैनी (56) बृहस्पतिवार रात को अपने खेत पर बिजली की मोटर को बंद करने गये थे। वहां से वापस लौटते समय जब वे सलेमपुर बलवंतपुर गांव में पहुंचे तभी मुख्य सड़क पर अचानक नीलगायों का एक झुंड आ गया और सतीश सैनी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे वह नीचे गिर पड़े।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नीलगायों का झुंड सतीश के ऊपर से उन्हें कुचलता हुआ निकल गया जिससे सतीश बुरी तरह घायल हो गये। घायल अवस्था में सतीश ने हादसे की जानकारी अपने परिजनों को फोन पर दी।
सूचना मिलते ही परिजन तुरन्त घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें रात में ही सहारनपुर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र ले जाने की सलाह दी। रात में ही सतीश सैनी को उपचार के लिये देहरादून मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही सतीश सैनी ने दम तोड़ दिया।
चंद्रबाबू नायडू सात मार्च को दिल्ली में ‘रायसीना डायलॉग 2026' के सत्र को संबोधित करेंगे
मुख्यमंत्री ’प्रौद्योगिकी, शासन और भविष्य’ विषय पर अपनी बात रखेंगे।
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ’’नायडू नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग 2026 में हिस्सा लेंगे और प्रौद्योगिकी आधारित शासन पर एक सत्र को संबोधित करेंगे।’’
’ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन’ द्वारा विदेश मंत्रालय के साथ साझेदारी में आयोजित होने वाले इस संवाद को भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख वैश्विक सम्मेलन माना जाता है।
एक सरकारी सूत्र ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’मुख्यमंत्री शनिवार सुबह करीब 7 बजे अमरावती से रवाना होंगे और उसी दिन शाम तक वापस आ जाएंगे।’’
अरुणाचल सरकार यूपीएससी आकांक्षियों को मुफ्त कोचिंग और प्रोत्साहन प्रदान कर रही : शिक्षा मंत्री
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक वांगलिन लोवांगडोंग के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार सिविल सेवा परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों को एकमुश्त वित्तीय प्रोत्साहन भी प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को दो लाख रुपये और मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने वालों को तीन लाख रुपये की राशि दी जाती है।
सोना ने कहा कि सरकार संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली एनडीए, सीडीएस, भारतीय वन सेवा और भारतीय इंजीनियरिंग सेवा जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों को दो लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।
इंडोनेशिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया जाएगा
हाफ़िद ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा कि उन्होंने अभी-अभी एक सरकारी नियम पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसका मतलब है कि 16 साल से कम उम्र के बच्चे अब यूट्यूब, टिकटॉक, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, बिगो लाइव और रोब्लोक्स जैसे जोखिम भरे डिजिटल मंचों पर अकाउंट नहीं बना सकेंगे।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कोलकाता से सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक बयान में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई, दोहा और अबू धाबी के लिए संचालित होने वाली सात उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
रद्द की गई सेवाओं में एयर अरबिया, एतिहाद एयरवेज, कतर एयरवेज और अमीरात द्वारा संचालित उड़ानें शामिल हैं। ये सभी उड़ानें कोलकाता को खाड़ी क्षेत्र के तीन प्रमुख पारगमन केंद्रों से जोड़ती हैं।
दुबई से कोलकाता और कोलकाता से दुबई आने-जाने वाली अमीरात की उड़ानें रद्द कर दी गईं।
कोलकाता से अबू धाबी जाने वाली एयर अरबिया की उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि अबू धाबी से कोलकाता और कोलकाता से अबू धाबी आने-जाने वाली एतिहाद एयरवेज की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं।
दोहा जा रही कतर एयरवेज की दो उड़ानें भी रद्द कर दी गईं।
साइबर जालसाजों ने बुजुर्ग से 2.25 करोड़ रुपये ठगे, गुजरात से एक गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि एक बुजुर्ग को आतंकवाद से जुड़ी फर्जी जांच में गिरफ्तारी की धमकी देकर 2.25 करोड़ रुपये ठगे गए थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी किशन भावेशभाई मकवाना ने कथित तौर पर साइबर जालसाजों के लिए बैंक खाते खोले थे ताकि वे पीड़ितों से चोरी किए गए धन को वहां रख सकें।
उन्होंने बताया कि गोरेगांव के 77 वर्षीय एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार, पिछले साल नवंबर में साइबर जालसाजों ने उनसे संपर्क किया और उन पर झूठा आरोप लगाया कि उन्होंने आतंकवादियों के लिए जम्मू कश्मीर में बैंक खाता खोला है और इसके जरिए 70 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त किया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस मुख्यालय का वरिष्ठ अधिकारी आकाश शर्मा बताया और शिकायतकर्ता से पूछताछ के लिए बुलाया। बुजुर्ग के असमर्थता जताने पर फोन एक अन्य व्यक्ति को दे दिया गया, जिसे लखनऊ के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) से बताया गया।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर एक संदेश में फर्जी गिरफ्तारी और कुर्की आदेश की प्रतियां भी भेजी गई थीं।
राष्ट्र की सेवा अत्यंत गौरव का विषय : हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल कवींद्र गुप्ता
जम्मू और कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा, ’’कवींद्र गुप्ता को मेरी तरफ से बधाई। वह एक योग्य व्यक्ति हैं। अब से लोग भी उनकी क्षमताओं को पहचानेंगे।’’
गुप्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में वह संविधान की गरिमा को बनाए रखेंगे तथा समर्पण, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा,’’इस महत्वपूर्ण भूमिका में राष्ट्र की सेवा करना मेरे लिए बहुत गर्व और जिम्मेदारी की बात है।’’
गुप्ता ने लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान निरंतर मार्गदर्शन और पूर्ण समर्थन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को विशेष धन्यवाद दिया।
पश्चिम एशिया संकट से निपटने मे निर्यातकों को मदद के लिए हरसंभव नीतिगत कदम उठाएंगे : गोयल
गोयल ने कहा कि सरकार ने दैनिक आधार पर मुद्दों पर विचार करने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी समूह का गठन किया है।
गोयल ने ’आईआईएफटी वाइस चांसलर कॉन्क्लेव’ के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ’’सरकार हमारे निर्यातकों को समर्थन देने के लिए हर नीतिगत उपाय और निर्यात प्रोत्साहन मिशन का उपयोग करेगी।’’
उन्होंने कहा, ’’हम अपने निर्यातकों को सहूलियत देने के लिए कुछ तरीकों को औपचारिक रूप देंगे।’’
ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा शुरू किए गए संयुक्त हमले के बाद निर्यातकों को पश्चिम एशिया में खेप की आवाजाही के संबंध में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
असम के मुख्यमंत्री ने सुखोई विमान दुर्घटना में वायु सेना के दो पायलट की मौत पर शोक व्यक्त किया
शर्मा ने कहा कि ’’अत्यंत दुख’’ के इस क्षण में पूरा देश शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत हो गई।
सुखोई-30 लड़ाकू विमान बृहस्पतिवार शाम असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भरते समय रडार से ओझल हो गया था।
भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रशिक्षण मिशन पर निकला सुखोई-30एमकेआई विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पश्चिम एशिया की स्थिति पर संसद में अल्पकालिक चर्चा होनी चाहिए : कांग्रेस
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि वर्तमान सरकार बहुत कमजोर है और भारत की वैश्विक साख पहले इतनी कमजोर नहीं रही है जितनी आज है।
रमेश ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’बजट सत्र के दूसरे चरण में कई बेहद महत्वपूर्ण मुद्दे रहने वाले हैं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, रूस से भारत द्वारा तेल खरीद को लेकर अमेरिका का लगातार दबाव, ईरान के सर्वोच्च नेता तथा कई सैन्य नेताओं की लक्षित हत्याएं और पूरे पश्चिम एशिया में फैल चुका संघर्ष महत्वपूर्ण विषय हैं।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर हमले तथा उसके बाद ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर किए गए हमले स्थिति को और गंभीर बना चुके हैं। ’’इस क्षेत्र में लगभग एक करोड़ भारतीय काम करते हैं, जिनकी ज़िंदगी, आजीविका इन हालात में प्रभावित होती है। यह हमारे लिए एक बहुत महत्वपूर्ण आर्थिक मुद्दा भी है, क्योंकि इस क्षेत्र से हर साल लगभग 50-60 अरब डॉलर की राशि भारतीय नागरिक देश में भेजते हैं।’’
रमेश ने कहा कि इन हालात को देखते हुए बजट सत्र के दूसरे चरण में पश्चिम एशिया की स्थिति पर तत्काल चर्चा की मांग की जाएगी।
ईटीपीएल की फ्रेंचाइजी खरीदेंगे द्रविड़ और अश्विन
बीबीसी स्पोर्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार गर्मियों में होने वाले छह टीमों के टूर्नामेंट में ग्लासगो स्थित फ्रेंचाइजी को खरीदने के लिए इस समूह ने एक समझौते पर सहमति जताई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ईटीपीएल नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित अपनी फ्रेंचाइजी को भी दक्षिण अफ्रीका के निवेशकों के एक समूह को बेचने की तैयारी में है। इस समूह में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी फाफ डुप्लेसी, हेनरिक क्लासेन और जोंटी रोड्स भी शामिल हैं।
संभावना है कि इस महीने के आखिर में एक कार्यक्रम में दोनों फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
एम्स्टर्डम, बेलफास्ट और एडिनबर्ग में स्थित ईटीपीएल फ्रेंचाइजी को जनवरी में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के निवेशकों को बेच दिया गया था।
अभी यह पता नहीं चल पाया है कि अश्विन ईटीपीएल में खेलेंगे या नहीं।
इस 39 वर्षीय खिलाड़ी ने दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास ले लिया था। अब वह वैश्विक फ्रेंचाइजी लीग में खेलने के लिए स्वतंत्र हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, ’’अश्विन की भागीदारी बेहद दिलचस्प है। इससे उनके ईटीपीएल में खेलने की संभावना बन गई है, जो आयोजकों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।’’
अश्विन ने भारत के लिए 106 टेस्ट, 116 वनडे और 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और कुल 765 विकेट लिए।
द्रविड़ पूर्व में स्कॉटलैंड की क्रिकेट से जुड़े रहे हैं और माना जा रहा है कि यही कारण है कि उन्होंने ग्लासगो स्थित फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने का फैसला किया। स्कॉटलैंड जब इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में भाग लेता था तब द्रविड़ 2003 में उसके लिए खेले थे।
भारत के दिग्गज बल्लेबाज द्रविड़ ने नेशनल क्रिकेट लीग में 11 मैच खेले, जिसमें उन्होंने तीन शतकों सहित 600 रन बनाए।
द्रविड़ ने भारत के लिए 164 टेस्ट और 344 वनडे मैच खेले। उन्होंने इनमें 48 शतकों सहित 24,000 से अधिक रन बनाए। वह नवंबर 2021 से जून 2024 तक भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच भी रहे।
उप्र : महिला की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी मनदीप पासवान के दाहिने घुटने में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि दो मार्च को जिले के एक गांव में 18 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि पासवान ने पहले युवती के साथ छेड़छाड़ की थी और बाद में उसे गोली मार दी। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
तमिलनाडु: बिजली का झटका लगने से हाथी की मौत
जानकारी के अनुसार, वन कर्मियों की एक टीम ने बृहस्पतिवार को एसटीआर के कदंबूर वन रेंज के भीतर कडागनल्ली वन गांव में एक निजी क्षेत्र का दौरा किया और वहां एक नर हाथी को मृत पाया।
मौके पर बुलाई गई वन विभाग की पशु चिकित्सा टीम ने करंट लग जाने से हाथी की मौत होने की पुष्टि की।
घटना को देखते हुए और पशु चिकित्सक के बयान को दर्ज करते हुए वन कर्मियों तथा कदंबूर पुलिस ने जमीन के मालिक पुट्टुसामी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
ईरान के अगले सर्वोच्च नेता की चयन प्रक्रिया में अमेरिका को शामिल किया जाना चाहिए : ट्रंप
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले लगातार जारी हैं तथा इन हमलों के जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में इजराइल एवं अमेरिकी ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं।
ट्रंप ने कहा कि ईरान पर हमलों में मारे गए अयातुल्ला अली खामेनेई के स्थान पर उनके बेटे मोजतबा खामेनेई का सर्वोच्च नेता के तौर पर चयन ’’अस्वीकार्य’’ होगा।
ईरान पर हमलों को रोकने के लिए युद्ध शक्तियों से संबंधित प्रस्ताव अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में खारिज
मतों का यह अंतर संसद के भीतर बढ़ती असहजता का शुरुआती संकेत माना जा रहा है, क्योंकि तेजी से फैल रहा इस युद्ध का दायरा अमेरिका की घरेलू और वैश्विक प्राथमिकताओं को बदल रहा है।
पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा प्रस्ताव है जो असफल हुआ है। इससे पहले सीनेट ने ऐसे ही एक प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। सांसदों के सामने जान-माल के नुकसान, भारी खर्च और अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों की परीक्षा समेत युद्ध के कारण पैदा हुई स्थिति से चिंतित अमेरिकी जनता का प्रतिनिधित्व करने की चुनौती है।
प्रतिनिधि सभा में यह प्रस्ताव 212 के मुकाबले 219 मतों से खारिज हो गया। इस नतीजे ने अमेरिका-इजराइल सैन्य अभियान और ट्रंप द्वारा संसद को दरकिनार करने के फैसले के समर्थन और विरोध की स्थिति को स्पष्ट कर दिया। अमेरिकी संविधान के अनुसार युद्ध घोषित करने का अधिकार केवल संसद को है।
सदन की विदेश मामलों की समिति में शीर्ष डेमोक्रेट सांसद ग्रेगोरी मीक्स ने कहा, ’’डोनाल्ड ट्रंप कोई राजा नहीं हैं और यदि उन्हें लगता है कि ईरान के साथ युद्ध राष्ट्रीय हित में है तो उन्हें संसद के सामने आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।’’
भारत के पास हर नंबर पर बेहतरीन बल्लेबाज, बुमराह इस समय सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं: ब्रूक
बुमराह ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल के आखिरी ओवरों में सटीक यॉर्करों की बौछार से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को हतप्रभ कर दिया। भारत ने यह मैच सात रन से जीता।
मौजूदा चैंपियन भारत ने संजू सैमसन की 42 गेंदों में खेली गई शानदार 89 रन की पारी की बदौलत सात विकेट पर 253 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड ने सात विकेट पर 246 रन बनाए।
ब्रूक ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ’’उनको हराना आसान नहीं है। उनके पास हर नंबर पर बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। उनके पास कुछ बेहद अच्छे बल्लेबाज हैं और वे सटीक शॉट लगाते हैं। अगर आप थोड़ा सा भी चूक जाते हैं, तो छक्का या चौका लग जाता है।’’
उन्होंने कहा, ’’दुर्भाग्य से हमने उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जितना हम कर सकते थे और कुछ कैच छूटने से हमें थोड़ा नुकसान हुआ।’’
भारतीय पारी के तीसरे ओवर में ब्रुक ने तब सैमसन का आसान कैच छोड़ दिया, जब वह 15 रन पर थे। इसकी इंग्लैंड को भारी कीमत चुकानी पड़ी। इंग्लैंड ने हालांकि आखिर तक हार नहीं मानी। एक समय उसे 18 गेंद पर 45 रन की जरूरत थी और जैकब बेथेल (105) क्रीज पर थे।
लेकिन बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 18वें ओवर में केवल छह रन दिए और अपनी सटीक यॉर्कर की जिससे इंग्लैंड के सामने अंतिम दो ओवरों में 39 रन बनाने का असंभव लक्ष्य आ गया।
भारतीय वायु सेना का सुखोई-30 एमकेआई विमान दुर्घटनाग्रस्त
वायुसेना ने बताया कि विमान की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है।
विमान के चालकों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रशिक्षण मिशन पर निकला सुखोई-30एमकेआई विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तलाश अभियान जारी है।
ईरान युद्ध के बीच अमेरिका ने भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिन की छूट दी
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बृहस्पतिवार को कहा, ’’राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऊर्जा एजेंडे के कारण तेल और गैस का उत्पादन अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया है। वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति जारी रखने के लिए वित्त मंत्रालय भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए अस्थायी रूप से 30 दिन की छूट दे रहा है।’’
उन्होंने कहा कि यह ’’सोच-समझकर उठाया गया अल्पकालिक कदम’’ है और इससे रूसी सरकार को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा, क्योंकि यह केवल तेल के उन लेनदेन को अधिकृत करता है जो पहले से समुद्र में फंसे हुए तेल से जुड़े हैं।
बेसेंट ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’भारत, अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साझेदार है और हमें पूरी उम्मीद है कि नयी दिल्ली अमेरिकी तेल की खरीद बढ़ाएगा। यह अस्थायी कदम ईरान द्वारा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को अवरुद्ध करने की कोशिश से पैदा हुए दबाव को कम करेगा।’’
