LIVE

हिंदी समाचार, 30 मई 2024: PM मोदी ने शुरू की ध्यान साधना; तमिलनाडु में भोजनालय में हुए विस्फोट में तीन लोग घायल

Shashank Shekhar MishraUpdated May 30, 2024, 22:34 IST
Follow on Google News
<b>हिंदी समाचार, 30 मई 2024:</b> PM मोदी ने शुरू की ध्यान साधना; तमिलनाडु में भोजनालय में हुए विस्फोट में तीन लोग घायल

हिंदी समाचार, 30 मई 2024: PM मोदी ने शुरू की ध्यान साधना; तमिलनाडु में भोजनालय में हुए विस्फोट में तीन लोग घायल

हिंदी न्यूज़ 30 मई 2024 और बड़ी खबरें: रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार की शाम यहां प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 45 घंटे तक चलने वाली अपनी ध्यान साधना शुरू की। निकटवर्ती तिरुवनंतपुरम से हेलीकॉप्टर द्वारा यहां पहुंचने के बाद मोदी ने भगवती अम्मन मंदिर में पूजा की और नौका सेवा के जरिये रॉक मेमोरियल पहुंचे तथा ध्यान साधना शुरू की। प्रधानमंत्री की ध्यान साधना एक जून तक चलेगी। धोती और सफेद शॉल ओढ़े मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और गर्भगृह की परिक्रमा की।वहीं तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में भोजनालय में सिलेंडर विस्फोट होने से एक लड़के समेत तीन लोग घायल हो गए। विस्फोट शहर के नॉर्थ कार स्ट्रीट में हुआ और घायलों में भोजनालय में काम करने वाला एक व्यक्ति भी शामिल है। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चूंकि घटना उस समय हुई जब आसपास ज्यादा लोग नहीं थे, इसलिए बड़ी दुर्घटना टल गई। सिलेंडर विस्फोट का एक वीडियो वायरल हो गया है। घटना में आसपास की कुछ दुकानों और भोजनालयों को नुकसान हुआ है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

MAY 30, 2024 22:32 IST

राजस्थान के कोटा में व्यक्ति की घर में ही गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

राजस्थान के कोटा शहर में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की घर में सोते समय गला रेत कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घटना रेलवे कॉलोनी इलाके में बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात में हुई। पुलिस उपाधीक्षक राजेश सोनी ने बताया कि शंभू कुमार रेलवे के यांत्रिकी प्रभाग में काम करता था और सात साल के बेटे के साथ सो रहा था तभी आरोपी पीछे के रास्ते से उसके घर में दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कुमार के गले को धारदार हथियार से दो बार काटा। सोनी ने बताया कि कुमार की पत्नी और छोटा बेटा उसी कमरे में सो रहे थे और पत्नी ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वे फरार होने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि कुमार को अस्पताल ले जाया गया लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उनकी मौत हो गई। सोनी ने बताया कि कुमार की पत्नी ने पुलिस को बताया है कि काले कपड़े में आए दो लोगों ने उसके पति की हत्या की है। उन्होंने बताया कि पत्नी के मुताबिक कुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और पिता की मृत्यु होने पर उन्हें अनुकंपा पर रेलवे में नौकरी मिली थी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
MAY 30, 2024 22:31 IST

मानहानि मामला: अदालत ने मेधा पाटकर की सजा पर सुनवाई पूरी की

दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को मानहानि के मामले में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर की सजा पर सुनवाई पूरी कर ली। यह मानहानि का मामला दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने उनके खिलाफ दर्ज कराया, जब वह गुजरात में एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के प्रमुख थे। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट राघव शर्मा ने पाटकर को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा के तहत आपराधिक मानहानि का दोषी ठहराया है और दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) से पीड़ित पर प्रभाव रिपोर्ट (वीआईआर) जमा करने को कहा है। रिपोर्ट किसी आरोपी के दोषी ठहराए जाने के बाद पीड़ित को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए तैयार की जाती है। अदालत में बहस के दौरान सक्सेना के वकील ने पाटकर के लिए अधिकतम सजा की मांग करते हुए कहा कि एक नजीर स्थापित करने की जरूरत है। इस अपराध के लिए अधिकतम दो साल तक की साधारण कैद या जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है। सक्सेना के वकील ने कहा कि पाटकर ने 2006 में ‘‘उसी प्रकृति का दोहरा अपराध’’ किया था और उपराज्यपाल द्वारा दायर एक अन्य मानहानि का मामला अदालत में लंबित है। हालांकि, पाटकर के वकील ने दलीलों का विरोध करते हुए कहा कि कोई गंभीर परिस्थिति नहीं थी, न ही कोई ‘‘अपराध दोहराया गया’’ था। उन्होंने कहा कि पाटकर की उम्र 70 वर्ष है और वह कई बीमारियों से ग्रस्त हैं।
MAY 30, 2024 22:30 IST

बेमेतरा विस्फोट: कंपनी के अधिकारी और अन्य पर मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में विस्फोटक निर्माण फैक्टरी में 25 मई को हुए विस्फोट के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जिले के बेरला विकासखंड के पिरदा गांव में स्थित ‘स्पेशल ब्लास्ट्स लिमिटेड’ में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी तथा छह अन्य घायल हो गए थे। जिला प्रशासन ने कहा है कि आठ श्रमिक लापता हैं तथा मलबे में मिले शव के अंगों को डीएनए परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के अधिकारी अवधेश जैन और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 286 (विस्फोटक पदार्थ के संबंध में लापरवाही), 337 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से चोट पहुंचाना) और 304 ए (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के साथ-साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) नवा रायपुर के अधिकारियों की रिपोर्ट और घटना के संबंध में की गई जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
MAY 30, 2024 22:29 IST

तमिलनाडु में भोजनालय में हुए विस्फोट में तीन लोग घायल

तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में भोजनालय में सिलेंडर विस्फोट होने से एक लड़के समेत तीन लोग घायल हो गए। विस्फोट शहर के नॉर्थ कार स्ट्रीट में हुआ और घायलों में भोजनालय में काम करने वाला एक व्यक्ति भी शामिल है। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चूंकि घटना उस समय हुई जब आसपास ज्यादा लोग नहीं थे, इसलिए बड़ी दुर्घटना टल गई। सिलेंडर विस्फोट का एक वीडियो वायरल हो गया है। घटना में आसपास की कुछ दुकानों और भोजनालयों को नुकसान हुआ है।
MAY 30, 2024 22:28 IST

PM मोदी ने कन्याकुमारी विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ध्यान साधना शुरू की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार की शाम यहां प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 45 घंटे तक चलने वाली अपनी ध्यान साधना शुरू की। निकटवर्ती तिरुवनंतपुरम से हेलीकॉप्टर द्वारा यहां पहुंचने के बाद मोदी ने भगवती अम्मन मंदिर में पूजा की और नौका सेवा के जरिये रॉक मेमोरियल पहुंचे तथा ध्यान साधना शुरू की। प्रधानमंत्री की ध्यान साधना एक जून तक चलेगी। धोती और सफेद शॉल ओढ़े मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और गर्भगृह की परिक्रमा की। पुजारियों ने एक विशेष आरती की और उन्हें मंदिर का प्रसाद दिया गया, जिसमें एक शॉल और मंदिर के देवता की फ्रेमयुक्त तस्वीर शामिल थी। बाद में, वह राज्य सरकार के जहाजरानी निगम द्वारा संचालित नौका सेवा के जरिये रॉक मेमोरियल पहुंचे और ‘ध्यान मंडपम’ में ध्यान लगाना शुरू किया। ध्यान लगाना शुरू करने से पहले, मोदी कुछ देर के लिए मंडप की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर खड़े रहे। प्रधानमंत्री एक जून को अपनी रवानगी से पहले स्मारक के पास तमिल कवि तिरुवल्लुवर की प्रतिमा को देखने के लिए भी जा सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने शिवगंगा में पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को पूरी तरह से ‘निजी’ यात्रा बताया। उन्होंने कहा, ‘यह प्रधानमंत्री की निजी यात्रा है।’
MAY 30, 2024 20:48 IST

बम की अफवाह वाली इंडिगो उड़ान के छह चालक दल सदस्य ड्यूटी से हटाए गए

विमानन सेवा इंडिगो ने दिल्ली-वाराणसी उड़ान में बम की अफवाह के बाद 176 यात्रियों को विमान से निकाले जाने के मामले में दो पायलटों समेत छह चालक दल सदस्यों को ड्यूटी से हटा दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी उड़ान में 28 मई को बम की धमकी मिली थी जो जांच में झूठी पाई गई। हालांकि, सभी यात्रियों को दिल्ली हवाईअड्डे पर विमान से आपात स्लाइड के जरिये निकाल लिया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो क्लिप में एक पायलट सामान के साथ आपात स्लाइड के जरिये विमान से बाहर आते हुए देखा गया था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत यात्री और चालक दल निकासी के समय अपना सामान नहीं ले सकते हैं क्योंकि इससे निकासी का समय बढ़ जाएगा। एक सूत्र ने कहा कि पट्टे पर विमान मुहैया कराने वाली कंपनी के दो पायलटों और इंडिगो के चार चालक दल सदस्यों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक सूत्र ने चालक दल को ड्यूटी से हटाए जाने की पुष्टि की। आमतौर पर वेट लीज व्यवस्था के तहत चालक दल, बीमा और विमान से संबंधित अन्य चीजों का ख्याल पट्टा देने वाली कंपनी द्वारा रखा जाता है। इस बीच, इंडिगो के प्रवक्ता ने सुरक्षा को मुख्य चिंता बताते हुए कहा कि चालक दल ने ग्राहकों की सुरक्षा के सर्वोत्तम हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि उड़ान सुरक्षा टीम इस घटना की भी समीक्षा करेगी।
MAY 30, 2024 17:29 IST

कुपवाड़ा पुलिस थाना घटना: तीन लेफ्टिनेंट कर्नल सहित 16 के खिलाफ मामला दर्ज

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा पुलिस थाने पर हमले में संलिप्तता के आरोप में सेना के तीन लेफ्टिनेंट कर्नल और 13 अन्य के खिलाफ हत्या और डकैती की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में यह बात सामने आई है। यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को हुई, जब कथित तौर पर मादक पदार्थ मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा प्रादेशिक सेना के एक जवान से पूछताछ की गई। घटना के एक वीडियो में 160 प्रादेशिक सेना के सशस्त्र और वर्दीधारी जवानों के एक समूह को पुलिस थाने पर धावा बोलते देखा गया। उनके साथ भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी थे। प्रादेशिक सेना एक सैन्य रिजर्व बल है। अंशकालिक स्वयंसेवक इसके कर्मी हैं और ये भारतीय सेना को सहायता सेवाएं प्रदान करते हैं। प्राथमिकी के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल अंकित सूद, राजीव चौहान और निखिल के नेतृत्व में हथियारबंद समूह जबरन पुलिस थाने के परिसर में घुस गया। उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर बिना किसी उकसावे के राइफल के हत्थे, डंडों से हमला किया। प्राथमिकी के अनुसार, स्थिति तब और बिगड़ गई, जब सेना के जवानों ने अपने हथियार लहराए, घायल पुलिस अधिकारियों से मोबाइल फोन छीन लिए और घटनास्थल से जाने से पहले एक पुलिस कांस्टेबल को अगवा भी कर लिया।
MAY 30, 2024 17:29 IST

उत्तरी दिल्ली में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के 'मालखाना' में लगी आग

उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के 'मालखाना' में बृहस्पतिवार को आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। डीएफएस के अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, 'हमें 30 मई, बृहस्पतिवार को अपराह्न दो बजकर 37 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की कुल 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।' उन्होंने कहा, 'पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए घटना की जांच कर रही है।'
MAY 30, 2024 15:43 IST

आजम खान को डूंगरपुर मामले में अदालत ने सुनाई 10 साल की सजा

जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को एक और झटका लगा है। अदालत ने उन्हें 10 साल की कैद और 14 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। उनके अलावा बरकत अली ठेकेदार को भी सजा सुनाई गई है। रामपुर की MP-MLA कोर्ट ने डूंगरपुर मामले में ये सजा सुनाई है। पढ़ें पूरी खबर
MAY 30, 2024 15:03 IST

गैंगस्टर छोटा राजन मुंबई की होटल व्यवसायी की हत्या के मामले में दोषी करार

मुंबई की एक विशेष अदालत ने होटल व्यवसायी जया शेट्टी की हत्या के मामले में गैंगस्टर छोटा राजन को बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया। जया शेट्टी की चार मई 2001 को उनके होटल में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामलों के विशेष न्यायाधीश एएम पाटिल ने राजन को हत्या के लिए भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया। अदालत आज दिन में राजन की सजा तय कर सकती है। जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन थीं। छोटा राजन गिरोह की ओर से जबरन वसूली की धमकियों का सामना कर रहीं जया शेट्टी को गिरोह के दो कथित सदस्यों ने 4 मई 2001 को होटल की पहली मंजिल पर गोली मार दी थी। छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली की धमकी मिलने की सूचना के बाद होटल व्यवसायी को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी। लेकिन हमले से दो महीने पहले शेट्टी के अनुरोध पर उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी।
MAY 30, 2024 15:03 IST

जनता चार जून को वैकल्पिक सरकार का जनादेश देगी: मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश की जनता चार जून को वैकल्पिक सरकार का जनादेश देगी और 'इंडिया' गठबंधन नयी सरकार का गठन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने विपक्ष एवं कांग्रेस की इस बात पर मुहर लगा दी है कि अगर मोदी सरकार फिर से आई तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। खड़गे ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा ने बांटने की कोशिश की लेकिन लोगों ने असली मुद्दों को चुना। उनका कहना था, "हमें विश्वास है कि जनता चार जून को वैकल्पिक सरकार का जनादेश देगी और 'इंडिया' गठबंधन नयी सरकार बनाएगा।" लोकसभा चुनाव के नतीजे चार जून को घोषित होंगे। उन्होंने महात्मा गांधी के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि या तो प्रधानमंत्री अनजान है या फिर उन्होंने पढ़ा नहीं है।
MAY 30, 2024 15:02 IST

मनमोहन सिंह ने पीएम मोदी पर लगाया पद की गरिमा को गिराने का आरोप

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर चुनाव प्रचार के दौरान ‘द्वेषपूर्ण भाषण’ देकर सार्वजनिक संवाद के साथ ही प्रधानमंत्री पद की गरिमा को भी कम करने का आरोप लगाया। सिंह ने लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत एक जून को होने वाले मतदान से पहले पंजाब के मतदाताओं से अपील करते हुए दावा किया कि केवल कांग्रेस ही है जो ऐसा विकासोन्मुख प्रगतिशील भविष्य सुनिश्चित कर सकती है, जहां लोकतंत्र और संविधान की रक्षा होगी। पंजाब के मतदाताओं को लिखे एक पत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सशस्त्र बलों पर अग्निवीर योजना थोपने का भी आरोप लगाया और कहा, 'भाजपा सोचती है कि देशभक्ति, शौर्य और सेवा का मूल्य केवल चार साल है। यह उनके नकली राष्ट्रवाद को दर्शाता है।' पढ़ें पूरी खबर
MAY 30, 2024 13:52 IST

14 दिनों की ईडी रिमांड के बाद जेल भेजे गए झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम

झारखंड के टेंडर कमीशन घोटाले में राज्य सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को गुरुवार को पीएमएलए कोर्ट में पेश किए जाने के बाद रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया। ईडी ने उन्हें 15 मई की शाम को गिरफ्तार किया था। जेल भेजे जाने के बावजूद आलमगीर आलम मंत्री पद पर बने हुए हैं। न तो उन्होंने इस्तीफा दिया है, न ही उन्हें मुख्यमंत्री ने उनके पद से हटाया है।
MAY 30, 2024 13:45 IST

कृषि मंत्री विदेश में और किसान झेल रहे सूखे की मार : वडेट्टीवार

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे विदेश यात्रा पर हैं जबकि राज्य के किसान सूखे की मार झेल रहे हैं। सूखे की स्थिति की समीक्षा के लिए जालना रवाना होने से पहले संवाददाताओं से बातचीत में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया कि पिछले तीन महीने में मराठवाड़ा क्षेत्र में 267 किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने मांग की कि किसानों का ऋण माफ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "कृषि मंत्री को इस महीने बीज, फसल, उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करनी चाहिए थी। लेकिन वे किसानों को सूखे की मार झेलते हुए छोड़कर विदेश चले गए हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी स्थिति में वे कैसे जा सकते हैं?"
MAY 30, 2024 13:17 IST

केजरीवाल ने आबकारी घोटाला मामले में नियमित जमानत के लिए अदालत का रुख किया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में नियमित जमानत के लिए बृहस्पतिवार को यहां एक अदालत का रुख किया। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा आज ही, बाद में मामले की सुनवाई कर सकती हैं। उच्चतम न्यायालय ने केजरीवाल को एक जून तक अंतरिम जमानत प्रदान की है।
MAY 30, 2024 11:44 IST

अपने PA की गिरफ्तारी पर शशि थरूर रह हए हैरान, बोले- कानून को करना चाहिए अपना काम

सोने की तस्करी के आरोप में शशि थरूर के PA शिव कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक शिव कुमार के कब्जे से 500 ग्राम सोना बरामद किया गया। शिव कुमार की गिरफ्तारी पर शशि थरूर ने कहा कि मैं इस मामले की जांच के लिए कोई भी आवश्यक कार्रवाई करने के अधिकारियों के प्रयासों में उनका पूरा समर्थन करता हूं। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 30, 2024 11:03 IST

दिल्ली सरकार जल संकट पर आपात बैठक करेगी

दिल्ली सरकार बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी के बीच राजधानी में पैदा हुए जल संकट के संबंध में एक आपात बैठक करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर को होने वाली इस बैठक में जल संसाधन मंत्री आतिशी, स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
MAY 30, 2024 11:02 IST

‘इंडिया' गठबंधन 48 घंटे के भीतर करेगा प्रधानमंत्री का चयन: जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन ‘‘स्पष्ट एवं निर्णायक जनादेश’’ हासिल करेगा और नतीजों के 48 घंटे के भीतर प्रधानमंत्री का चयन कर लिया जाएगा।लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण के मतदान से पहले, प्रचार के आखिरी दिन ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षत्कार में रमेश ने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन में जिस पार्टी को सबसे अधिक सीट मिलेंगी, वही पार्टी अगली सरकार के नेतृत्व के लिए ‘स्वाभाविक दावेदार’ होगी।
MAY 30, 2024 11:01 IST

मणिपुर में बाढ़ से तीन लोगों की मौत, हजारों प्रभावित

मणिपुर की इंफाल घाटी में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को सेनापति जिले के थोंगलांग रोड पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। वहीं 83 वर्षीय एक महिला उफनती सेनापति नदी में डूब गई।
MAY 30, 2024 09:58 IST

राहुल गांधी का ऐलान, इंडी गठबंधन सरकार बनते ही माफ करेंगे किसानों का कर्ज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में आती है, तो वे ' किसान कर्ज़ माफ़ी आयोग लाएंगे और किसानों के ऋण को जितनी बार ज़रूरत होगी उतनी बार माफ़ करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर

संबंधित खबरें