LIVE

हिंदी समाचार, 3 मई 2024 : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रायबरेली से नामांकन किया दाखिल

Shashank Shekhar MishraUpdated May 3, 2024, 22:28 IST
Follow on Google News
LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 3 मई 2024

हिंदी समाचार, 3 मई 2024 : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रायबरेली से नामांकन किया दाखिल

हिंदी न्यूज़ 3 मई 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली से अपनी मां सोनिया गांधी की राजनीतिक विरासत संभालने जा रहे हैं। सोनिया गांधी ने 2004 से 2024 तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है। हालांकि, इस बार उनके राज्यसभा जाने से यह सीट खाली हो गई थी। प्रत्याशी बनाए जाने के बाद राहुल गांधी ने इस सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के नामांकन की आखिरी तारीख निकल गई। अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। रायबरेली से राहुल गांधी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे तो अमेठी से गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को मैदान में उतारा गया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की सभी खबरों को अपडेट्स...

MI vs KKR Live Score Updates

MAY 03, 2024 22:27 IST

इनस्पेस ने अंतरिक्ष नीति को लागू करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए

अंतरिक्ष नियामक ‘इनस्पेस’ ने शुक्रवार को भारतीय अंतरिक्ष नीति के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए मानदंडों, दिशानिर्देशों और प्रक्रियाओं का अनावरण किया, जिसने इस क्षेत्र को निजी कंपनियों के वास्ते उपग्रहों के निर्माण और प्रक्षेपण से लेकर जमीनी स्टेशन स्थापित करने तथा दूर संवेदी विवरण साझा करने सहित कई गतिविधियों में शामिल होने के लिए खोल दिया है। संबंधित 147 पृष्ठ का दस्तावेज उन अंतरिक्ष गतिविधियों को सूचीबद्ध करता है जिन्हें भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (इनस्पेस) से मंजूरी की आवश्यकता होती है। मानदंड, दिशानिर्देश और प्रक्रियाएं (एनजीपी) भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र में एक पूर्वानुमानित नियामक व्यवस्था, पारदर्शिता और व्यापार करने में सुगमता प्रदान करने में सरकार के प्रयास का पूरक होंगी। एनजीपी दस्तावेज के अनुसार, भारतीय या विदेशी कोई भी कंपनी अगर भारतीय क्षेत्र, इसके विशेष आर्थिक क्षेत्र या इसके अधिकार क्षेत्र से अंतरिक्ष गतिविधियाँ चलाएगी तो उसे इनस्पेस से मंजूरी की आवश्यकता होगी।
MAY 03, 2024 22:26 IST

दिल्ली आबकारी नीति मामले में विनोद चौहान हुए गिरफ्तार

एक अधिकारी ने बताया है कि प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में विनोद चौहान को गिरफ्तार किया, चौहान पर गोवा में आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए कोष स्थानांतरित करने का आरोप है।
MAY 03, 2024 20:49 IST

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर ईडी ने की बड़ी कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय(ईडी), रायपुर ने छत्तीसगढ़ राज्य में शराब घोटाले की चल रही जांच में लगभग 205.49 करोड़ रुपये की 18 चल और 161 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।
MAY 03, 2024 20:48 IST

एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में संजय निरुपम शिवसेना में हुए शामिल

पूर्व कांग्रेस नेता संजय निरुपम अपनी पत्नी और बेटी के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 'यह अंतिम निर्णय है और यह रहेगा। 20 साल बाद मैं फिर से अपने घर आया हूं। यह अच्छी बात है कि मुझे कांग्रेस में रहते हुए बाला साहब के विचारों पर काम करने का मौका मिला। कांग्रेस में लोग सिर्फ टिप्पणी करना जानते हैं। राहुल गांधी जो चाहते हैं, वही कांग्रेस में होता है।' वहीं संजय निरुपम पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि हम संजय निरुपम का पार्टी में स्वागत करते हैं। पहले हमेशा से ही “संजय निरुपम मतलब कांग्रेस” यही समीकरण रहा है। बाला साहब ठाकरे ने निरुपम को दो बार राज्यसभा का मौका दिया। आज संजय निरुपम वापस शिवसेना में आ गए हैं और मैं इससे बहुत खुश हूं। निरुपम को चुनावों को लेकर “क्या मिल रहा है” जैसी कोई भावना नहीं है।
MAY 03, 2024 18:53 IST

पाकिस्तान में विस्फोट में तीन की मौत, आठ घायल

पाकिस्तान में बलूचिस्तान प्रांत के खुजदार जिले में शुक्रवार को एक विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जिले के चामरोक इलाके में दोपहर एक स्थानीय पत्रकार के वाहन को विस्फोटक उपकरण से निशाना बनाया गया। इसमें कहा गया है कि विस्फोट में पत्रकार और दो अन्य लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए, जो घटनास्थल पर मौजूद थे। स्थानीय मीडिया ने बताया कि सभी घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना का वीडियो जारी हुआ है जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने कार में एक उपकरण लगाया जिससे विस्फोट हुआ। अभी तक किसी समूह या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
MAY 03, 2024 18:51 IST

कर्नाटक में एसडीपीआई के समर्थन से सत्ता में आई कांग्रेस: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बेंगलुरु में हुए बम विस्फोट में ‘सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया’ (एसडीपीआई) से जुड़े "राष्ट्र-विरोधी तत्व" शामिल थे और कांग्रेस इसी एसडीपीआई के समर्थन से कर्नाटक में सत्ता में आई है। उन्होंने सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार ठीक से जांच करने में समर्थ नहीं है तो हुबली की छात्रा नेहा हिरेमथ की हत्या के मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी जाए। वह यहां बेलगावी जिले में चिक्कोडी लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार अन्नासाहेब जोले के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। शाह ने एक मार्च को रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट के संदर्भ में कहा, ‘मोदी जी ने देश से आतंकवाद खत्म किया। मोदी जी ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया। लेकिन कर्नाटक में यह कांग्रेस सरकार एसडीपीआई के समर्थन से सत्ता में आई है। नतीजा देखिए, उनके सत्ता में आने के बाद बेंगलुरु में बम विस्फोट हुआ।’ शाह ने कहा, ‘उन्होंने (कांग्रेस सरकार) पहले कहा कि यह एक सिलेंडर विस्फोट है। यह सिलेंडर विस्फोट नहीं था, यह एसडीपीआई के राष्ट्रविरोधी तत्वों द्वारा किया गया बम विस्फोट था। जब जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपी गई तो ऐसे तत्वों की संलिप्तता के बारे में पता चला।’ उन्होंने कहा, ‘चिंता मत कीजिए, कांग्रेस सरकार को जो मर्जी करने दीजिए...नरेन्द्र मोदी सरकार कर्नाटक को सुरक्षित रखेगी।‘
MAY 03, 2024 18:50 IST

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मतदान केंद्र पर पहचान पत्र लाना भूले

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन देश के स्थानीय चुनावों में मतदान करने के लिए पहचान पत्र (आईडी) लाना भूल गये जिसके बाद उन्हें मतदान केंद्र से वापस लौटना पड़ा। ब्रिटिश मीडिया की खबर के अनुसार बृहस्पतिवार को चुनाव के दौरान जॉनसन पहचान पत्र लाना भूल गये जिसके बाद दक्षिण ऑक्सफोर्डशायर में मतदान केंद्र के कर्मचारियों ने उनसे कहा कि वह पहचान पत्र के बिना मतदान नहीं कर सकते। जॉनसन 2019 से 2022 तक ब्रिटेन के प्रधानंमत्री रहे थे। ‘स्काई न्यूज’ की खबर के अनुसार जॉनसन ने हालांकि बाद में मतदान किया और उन्होंने कंजर्वेटिव पार्टी को वोट दिया। जॉनसन ने ही मतदान करने के लिए फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने संबंधी एक कानून की 2022 में शुरुआत की थी और नया कानून पहली बार पिछले साल स्थानीय चुनावों में लागू किया गया था। निर्वाचन आयोग ने कहा कि ज्यादातर लोग नये कानून का पालन कर रहे हैं लेकिन कुछ लोगों ने इसलिए मतदान नहीं किया क्योंकि उनके पास पहचान पत्र नहीं था।
MAY 03, 2024 17:56 IST

महाराष्ट्र के अकोला में दो कारों की टक्कर में छह की मौत, तीन घायल

महाराष्ट्र के अकोला जिले में शुक्रवार को दो कारों की टक्कर में दो नवजात समेत छह लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पीड़ितों में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) किरण सरनाईक के रिश्तेदार भी शामिल हैं। सरनाईक अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर में पातुर घाट के पास अकोला-वाशिम राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर पर घटी। उन्होंने बताया कि घायलों को अकोला के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शवों को ऑटोप्सी के लिए अकोला ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है।
MAY 03, 2024 17:22 IST

केजरीवाल की जमानत पर विचार कर सकता है सुप्रीम कोर्ट

दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह आगामी चुनावों के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर दलीलें सुनने पर विचार कर सकता है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि ईडी द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल की याचिका पर बहस और उसके बाद उत्पाद नीति मामले में उनकी रिमांड में समय लग सकता है, इसलिए वह केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर दलीलें सुन सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर
MAY 03, 2024 15:59 IST

राहुल गांधी के नामांकन दाखिल करते वक्त कौन-कौन रहा मौजूद?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को रायबरेली से अपना नामांकन किया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और राबर्ट वाड्रा समेत तमाम नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करने के लिए जिले के पार्टी कार्यालय से गए। उनके साथ कई और दिग्गज नेता मौजूद थे। इस दौरान पार्टी कार्यालय पर जबरदस्त भीड़ उमड़ी। राहुल गांधी को कार्यालय से अपनी गाड़ी तक आने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रायबरेली से राहुल गांधी के नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। राहुल गांधी समेत अन्य नेता भी वहां मौजूद थे। कार्यालय के बाहर सपा और कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। उत्साह में कार्यकर्ता राहुल गांधी जिंदाबाद और कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
MAY 03, 2024 15:51 IST

ईडी ने नरेश गोयल की जमानत याचिका का किया विरोध

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन मामले में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की अंतरिम जमानत याचिका का शुक्रवार को विरोध किया और कहा कि निजी अस्पताल में भर्ती रहने की उनकी अवधि एक महीने के लिए बढ़ाई जा सकती है। गोयल ने खुद और पत्नी के कैंसर से पीड़ित होने का हवाला देते हुए स्वास्थ्य व मानवीयता के आधार पर अंतरिम जमानत मांगी है। शुक्रवार को न्यायमूर्ति एन.जे. जामदार की एकल पीठ ने कहा कि वह छह मई को आदेश पारित करेगी। एक विशेष अदालत ने फरवरी में गोयल की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हालांकि अदालत ने उन्हें उनकी पसंद के किसी निजी अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की अनुमति दे दी थी। गोयल ने पिछले सप्ताह अंतरिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया था। गोयल के वकील हरीश साल्वे ने अदालत से मानवीय आधार पर याचिका पर विचार करने का आग्रह किया, तो वहीं ईडी के वकील हितेन वेनेगांवकर ने जमानत याचिका का जोरदार विरोध करते हुए कहा कि अगर उनके अस्पताल में भर्ती होने की अवधि बढ़ा दी जाती है तो जांच एजेंसी को कोई आपत्ति नहीं है।
MAY 03, 2024 15:50 IST

कांग्रेस ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है: स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कहा कि अमेठी में चुनावी मैदान में गांधी परिवार के किसी सदस्य का नहीं होना, यह संकेत है कि कांग्रेस ने मतदान से पहले ही हार स्वीकार कर ली है। अमेठी से निर्वतमान सांसद ईरानी ने संवाददाताओं से कहा, ‘गांधी परिवार का अमेठी में चुनावी मैदान में नहीं होना, इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस ने सीट पर मतदान से पहले ही अपनी हार मान ली है।’ उन्होंने यह टिप्पणी कांग्रेस के करीबी के.एल. शर्मा द्वारा अमेठी सीट से नामांकन दाखिल किए जाने को लेकर की। गांधी परिवार का जिक्र करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा, ‘अगर उन्हें लगता कि इस सीट पर जीत की कोई उम्मीद है तो वे यहां से चुनाव लड़ते, न कि अपना प्रतिनिधि उतारते।’ उन्होंने कहा, ‘चुनाव में मतदान से पहले यहां एक इतिहास रचा गया है और 20 मई को जब लोग मतदान केंद्र पर जाएंगे तो वे एक बार फिर मोदीजी को अपना आशीर्वाद देंगे। अमेठी में एक नया इतिहास रचा जाएगा।’
MAY 03, 2024 14:50 IST

ईडी ने 205 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने छत्तीसगढ़ में कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, रायपुर के महापौर के बड़े भाई व अन्य व्यक्तियों की 205 करोड़ रुपये मूल्य से अधिक की संपत्ति कुर्क की है।
MAY 03, 2024 14:49 IST

BSF जवानों की बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, 17 जवान घायल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चुनाव ड्यूटी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसफ) के जवानों की बस शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में 17 जवान घायल हो गये। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह 11 बजे जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के चहला गांव के पास की है।
MAY 03, 2024 14:32 IST

अडाणी समूह की छह कंपनियों को सेबी का कारण बताओ नोटिस

अडाणी समूह की कम से कम छह कंपनियों को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से संबंधित पक्ष लेनदेन के कथित उल्लंघन और सूचीबद्धता नियमों का अनुपालन नहीं करने के लिए कारण बताओ नोटिस मिला है। कंपनियों ने शेयर बाजारों को दी गयी सूचना में यह जानकारी दी।
MAY 03, 2024 14:32 IST

पाकिस्तान में बस दुर्घटना में 20 लोगों की मौत

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में शुक्रवार को एक यात्री बस के पहाड़ी रास्ते से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के डायमर जिले में काराकोरम राजमार्ग पर करीब साढ़े पांच बजे हुई। बस रावलपिंडी से हुंजा जा रही थी।
MAY 03, 2024 14:29 IST

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में की पूजा-अर्चना

MAY 03, 2024 14:24 IST

पीएम मोदी ने कहा कि India गठबंधन केवल तुष्टीकरण जानता है

MAY 03, 2024 14:22 IST

रायबरेली से चुनाव लड़ने पर पूर्व कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा, राहुल गांधी हार के डर से अमेठी से भागे

MAY 03, 2024 14:20 IST

रायबरेली से BJP उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी ने रायबरेली के लोगों को दिया धोखा