LIVE

आज की ताजा खबर, 23 मई 2024: छठे चरण का चुनाव प्रचार थमा, आठ राज्यों की 58 सीटों पर होगा मतदान, छत्तीसगढ़ में एनकाउंटर में सात नक्सली ढेर

आयुष सिन्हाUpdated May 23, 2024, 22:33 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 23 मई 2024: छठे चरण का चुनाव प्रचार थमा, आठ राज्यों की 58 सीटों पर होगा मतदान, छत्तीसगढ़ में एनकाउंटर में सात नक्सली ढेर

आज की ताजा खबर, 23 मई 2024: छठे चरण का चुनाव प्रचार थमा, आठ राज्यों की 58 सीटों पर होगा मतदान, छत्तीसगढ़ में एनकाउंटर में सात नक्सली ढेर

आज की खबर (Aaj ki Khabar), हिंदी न्यूज़ 23 मई 2024 और बड़ी खबरें : छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सुरक्षाबलों ने गुरुवार को नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया, जिसमें सात नक्सली ढेर हो गए। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण का मतदान 25 मई को होनी है। जिसके लिए आज प्रचार का आखिर दिन है। दिल्ली की सभी 7 सीटों पर इस दिन वोटिंग होगी दिल्ली समेत देशभर की 57 सीटों पर वोटिंग 25 मई को होनी है। जिसके लिए आज सभी पार्टियों के दिग्गज तमाम रैलियों में हुंकार भर रहे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पीलीभीत से निवर्तमान सांसद वरुण गांधी बृहस्पतिवार को सुलतानपुर से पार्टी उम्मीदवार अपनी मां मेनका गांधी के पक्ष में प्रचार करने के लिए यहां पहुंचे। सुलतानपुर सीट पर प्रचार के आखिरी दिन एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए वरुण ने जनता के साथ अपनी मां के आत्मीय रिश्ते का जिक्र किया। यह पहली बार है जब वरुण गांधी इस लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिये उतरे हैं। वह साल 2019 में पीलीभीत से सांसद चुने गये थे लेकिन इस बार भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। उसके बाद से वरुण सार्वजनिक मंच से दूर थे। पार्टी ने इस बार जितिन प्रसाद को पीलीभीत से अपना उम्मीदवार बनाया। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 23 मई 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।

MAY 23, 2024 22:32 IST

महज 10 साल की उम्र में छात्रा ने की खुदकुशी

जबलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जबलपुर के धनवंतरी नगर थाना इलाके के जसूजा सिटी में महज 10 साल की बच्ची ने आत्महत्या कर ली। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 23, 2024 21:40 IST

छठे चरण का चुनाव प्रचार थमा, आठ राज्यों की 58 सीटों पर 25 मई को होगा मतदान

छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 23, 2024 21:10 IST

‘अग्निपथ' योजना की आलोचना का मतलब सशस्त्र बलों की आलोचना नहीं: डी राजा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘अग्निपथ’ योजना की आलोचना करना सशस्त्र बलों का राजनीतिकरण या आलोचना करने जैसा नहीं है तथा इस पर निर्वाचन आयोग का निर्देश गुमराह करने वाला है। राजा ने यह भी कहा कि आयोग को उन भाजपा नेताओं पर ध्यान देना चाहिए जो संविधान को बदलने की खुली मांग कर रहे हैं।
MAY 23, 2024 21:06 IST

CM अरविंद केजरीवाल ने PM मोदी पर साधा निशाना

अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने की रिपोर्ट सामने आने के बाद, आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे अपने बुजुर्ग माता-पिता को अपने झगड़े में शामिल न करें। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 23, 2024 20:24 IST

राजनाथ ने समाजवादी पार्टी को ‘समाप्त पार्टी' करार दिया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी को ‘समाप्त पार्टी’ करार दिया और कहा कि अब उसके दिन लद गए हैं। लालगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के लिए देशभर में यात्रा करने के बाद वह भरोसे के साथ कह सकते हैं कि लोगों ने 400 से अधिक सीट पर जीत सुनिश्चित करके नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। विपक्षी दलों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘सपा, बसपा और कांग्रेस ने लोगों को धोखा दिया। उन्होंने बहुत से वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। लोग अब कह रहे हैं कि समाजवादी पार्टी एक ‘समाप्त पार्टी’ है।
MAY 23, 2024 20:16 IST

भाजपा के विकास कार्यों का क्रेडिट लेने की सीएम सुक्खू को लगी बीमारी : अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को साफ कहा कि यह सभी लोग जानते हैं कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भाजपा की देन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू की याददाश्त कमजोर है या उन्हें भाजपा के द्वारा किए गया कामों की क्रेडिट लेने की बीमारी लग गई है।
MAY 23, 2024 19:28 IST

भाजपा-आरएसएस की सोच है कि महिलाएं दोयम दर्जे की नागरिक बनी रहें: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सोच यह है कि महिलाएं दोयम दर्जे की नागरिक बनी रहें। उत्तर-पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार उदित राज के समर्थन में मंगोलपुरी इलाके में एक चुनावी कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक को बहुत धूमधाम से पारित किया, लेकिन बाद में उसने कहा कि यह 10 साल बाद लागू होगा। इससे पहले उन्होंने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को देश के संविधान एवं आरक्षण को खत्म करने का सपना देखना छोड़ देना चाहिए, क्योंकि उनकी पार्टी और देश के करोड़ों लोग ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि यह चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है।
MAY 23, 2024 19:27 IST

न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने अपने उज्बेक समकक्ष से ताशकंद में मुलाकात की

भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी.वाई चंद्रचूड़ ने बृहस्पतिवार को ताशकंद में उज्बेकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश बख्तियार इस्लामोव के साथ द्विपक्षीय बैठक की। एक विज्ञप्ति के मुताबिक, न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने दोनों देशों की शीर्ष अदालतों के बीच द्विपक्षीय सहयोग की संभावना पर चर्चा की। सीजेआई चंद्रचूड़ शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रधान न्यायाधीशों की बैठक के लिए ताशकंद में हैं। एससीओ एक अंतर-सरकारी संगठन है जिसकी स्थापना जून 2001 में शंघाई में हुई थी।
MAY 23, 2024 19:18 IST

देश में चल रही परिवर्तन की बयार, इस बार बदलाव तय : राबड़ी देवी

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी गुरुवार को चुनाव प्रचार में उतरीं। उन्होंने पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी मीसा भारती के लिए प्रचार किया।इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों तथा बेरोजगारी और महंगाई से आमजन परेशान है। 10 वर्षों के कार्यकाल में भाजपा ने गरीबों, शोषितों, वंचितों के हक और अधिकार के लिए कोई काम नहीं किया है। जिस कारण लोग मुद्दों के आधार पर परिवर्तन का मन बना चुके हैं।
MAY 23, 2024 18:24 IST

भारत में मोटोजीपी रेस को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने कदम उठाया

उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत में मोटो ग्रां प्री रेस को बचाने के लिए कदम उठाया है और चैम्पियनशिप अधिकार हासिल करने वाले डोर्ना को आश्वासन दिया है कि इस सप्ताह के अंत तक सभी वित्तीय दायित्वों को पूरा कर दिया जायेगा। इस महीने की शुरुआत में एक प्रमुख मोटरस्पोर्ट पत्रिका ने बताया था कि डोर्ना को आंशिक बकाया राशि का भुगतान नहीं किये जाने के कारण कैलेंडर से भारत में होने वाली रेस को हटाया जाना था लेकिन स्थानीय रेस प्रमोटर फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स ने इसे एक सिरे से खारिज कर दिया।
MAY 23, 2024 16:27 IST

प्रशांत किशोर ने BJP को लेकर किया ये बड़ा दावा

लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर प्रशांत किशोर ने एक बड़ा बयान दिया है। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि इस बार फिर से भाजपा केंद्र की सत्ता पर काबिज होगी। उनके इस बयान की विपक्ष आलोचना कर रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 23, 2024 15:39 IST

ममता बनर्जी का बयान तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित : केशव मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल में 2010 के बाद जारी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रमाण पत्र को रद्द करने के कलकत्ता उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान को तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने बृहस्पतिवार को बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
MAY 23, 2024 14:46 IST

कांग्रेस इस बार 40 सीटें भी नहीं जीतेगी, सपा को चार भी नसीब न होंगी : शाह

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के शुरुआती पांच चरणों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 310 सीटें मिलने का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इस बार कांग्रेस 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पायेगी और समाजवादी पार्टी (सपा) को चार सीटें भी नसीब नहीं होंगी। शाह ने डुमरियागंज से मौजूदा सांसद और भाजपा उम्मीदवार जगदम्बिका पाल के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा में दावा करते हुए कहा कि 'लोकसभा चुनाव के शुरुआती पांच चरणों में मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) 310 सीटें जीत चुके हैं। इंडी गठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया है।' उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस इस बार 40 सीटें भी पार नहीं कर पाएगी और अखिलेश जी (सपा प्रमुख अखिलेश यादव) को चार सीटें भी नसीब नहीं होंगी।
MAY 23, 2024 13:55 IST

बेंगलुरु के पांच-सितारा होटलों को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी

शहर के तीन पांच-सितारा होटलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली लेकिन जांच के बाद यह फर्जी निकली। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि होटलों को कथित रूप से ईमेल से धमकी मिली है जिसके बाद व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया और धमकी फर्जी साबित हुई। होटलों को धमकी वाला यह ईमेल शहर के रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को हुए बम विस्फोट की पृष्ठभूमि में आया है।
MAY 23, 2024 13:53 IST

उम्मीदवारों को मतदाताओं से जोड़ने के लिए बजाए जा रहे हैं चुनावी गीत

इस लोकसभा चुनाव में हर चुनाव की तरह मतदाताओं से जुड़ने और उम्मीदवारों तथा पार्टियों का गुणगान करने के लिए स्थानीय बोलियों और मुहावरों वाले लोकगीतों और पैरोडी का भरपूर प्रयोग किया जा रहा है। दिल्ली में भी लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए ऐसे गीत सुने जा सकते हैं। इन गीतों में हिंदी और भोजपुरी से लेकर हरियाणवी और पंजाबी तक राष्ट्रीय राजधानी की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता प्रतिबिंबित होती है जहां देश के सभी हिस्सों के लोग रहते हैं। इसी तरह के एक हरियाणवी गीत के बोल हैं, 'फिर से मोदीजी की सरकार देखना चाहूसू।' यह गीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों की रैलियों में खूब बज रहा है। नई दिल्ली संसदीय सीट से भाजपा की उम्मीदवार बांसुरी स्वराज के प्रचार के दौरान भी एक गीत की धुन बजाई जा रही हैं जिसमें उनकी मां और दिवंगत पार्टी नेता सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी गई है और इसमें मतदाताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इस गीत के बोल हैं, 'मोदीजी को जिताना है, बांसुरीजी को लाना है। सुषमाजी की परछाईं को आगे लेकर जाना है।' कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी से है। ऐसा लगता है कि भोजपुरी अभिनेता और गायक तिवारी तथा कुमार के बीच यह चुनावी मुकाबला संगीत के माध्यम से भी लड़ा जा रहा है। लोगों का समर्थन जुटाने का प्रयास करते हुए मनोज तिवारी ने भोजपुरी सहित अन्य भाषाओं में गीत जारी किए हैं। जैसे 'एक बार फिर से मनोज भैया के अपनाई लिहा हो, मोदीजी को जिताई दिया हो|' वहीं कन्हैया कुमार के प्रचार अभियान में फिल्म ‘ओंकारा’ के एक गीत की तर्ज पर ‘‘धम धम धरम धरैया रे, देखो आया कन्हैया रे’’ बज रहा है। दिल्ली के सात संसदीय क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत 25 मई को मतदान होगा और चुनाव प्रचार आज शाम को थम जाएगा।
MAY 23, 2024 13:52 IST

बेटे ने मां को 30 साल बाद दिलवाया इंसाफ: दुष्कर्मी बाप को 10 साल की कैद

शाहजहांपुर जिले में 30 साल पहले एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में एक स्थानीय अदालत ने उसके बेटे द्वारा दर्ज कराये गये मुकदमे में बुधवार को दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 10—10 साल की कैद की सजा सुनायी। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता राजीव अवस्थी ने बृहस्पतिवार को बताया कि वर्ष 1994 में सदर बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली 12 साल की एक किशोरी घर में अकेली थी तभी मोहल्ले के दबंग नकी हसन और उसके भाई गुड्डू ने उसके साथ सामूहिक दुराचार किया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने दो साल के दौरान उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गयी और उसने एक बेटे को जन्म दिया। अवस्थी ने बताया कि पीड़िता ने अपने बेटे को अपने एक रिश्तेदार के घर पर छोड़ दिया था। उसकी शादी हुई लेकिन कुछ समय बाद उसके पति ने उसे छोड़ दिया। अधिवक्ता ने मामले की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि बाद में रिश्तेदार के घर छोड़ा गया बेटा उसके साथ आकर रहने लगा। उसका बेटा जब 17 साल का हुआ तो उसने अपनी मां से अपने पिता का नाम पूछा। उन्होंने बताया कि इसके बाद मां ने अपने बेटे को सारी घटना बता दी और तब बेटे ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इस प्रकार अदालत के आदेश पर 2021 में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज करवायी गयी। अवस्थी ने बताया कि डीएनए परीक्षण के बाद हसन (52) और उसके भाई गुड्डू (52) पर लगे आरोप साबित हो गये। इस पर अपर सत्र न्यायालय के न्यायाधीश लवी सिंह यादव ने बुधवार को दोनों आरोपियों को 10.10 साल की कैद और 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनायी।
MAY 23, 2024 13:15 IST

टिकट कटने के बाद पहली बार प्रचार में उतरे वरुण गांधी

यह पहली बार है जब वरुण गांधी इस लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिये उतरे हैं। वह साल 2019 में पीलीभीत से सांसद चुने गये थे लेकिन इस बार भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। उसके बाद से वरुण सार्वजनिक मंच से दूर थे। पार्टी ने इस बार जितिन प्रसाद को पीलीभीत से अपना उम्मीदवार बनाया। पीलीभीत में पहले चरण में मतदान हुआ था। वरुण वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में सुलतानपुर से सांसद चुने गये थे। मगर 2019 में उन्हें उनकी मां मेनका गांधी की जगह पीलीभीत से टिकट दिया गया था, जबकि मेनका को सुलतानपुर से मैदान में उतारा गया था। इन दोनों ने ही अपनी-अपनी सीटों पर जीत दर्ज की थी। सुलतानपुर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। इस चरण का चुनाव प्रचार आज शाम छह बजे खत्म हो जाएगा। सुलतानपुर में मेनका गांधी का मुकाबला समाजवादी पार्टी के राम बहादुर निषाद और बहुजन समाज पार्टी के उदय राज वर्मा से है।
MAY 23, 2024 13:12 IST

प्रियंका ने हरियाणा के सिरसा में कुमारी शैलजा के लिए किया रोड शो

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने हरियाणा में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में सिरसा से पार्टी उम्मीदवार कुमारी शैलजा के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए बृहस्पतिवार को एक रोड शो किया। यह रोड शो लगभग एक घंटे तक चला। इस दौरान प्रियंका ने शैलजा और हरियाणा की पूर्व मंत्री किरण चौधरी के साथ एक खुले वाहन में खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। यह हरियाणा में उनका पहला ऐसा चुनावी कार्यक्रम था। पार्टी के झंडे लेकर चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद' के नारे लगाए और प्रियंका पर फूलों की वर्षा की। यह रोड शो लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार समाप्त होने से कुछ घंटे पहले हुआ। शैलजा हरियाणा में कांग्रेस का प्रमुख दलित चेहरा हैं और उनका मुकाबला भाजपा के अशोक तंवर से है। शैलजा की तरह तंवर भी कांग्रेस में रहते हुए हरियाणा इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं।
MAY 23, 2024 12:19 IST

पुणे में नाव पलटने से डूबे पांच लोगों के शव मिले, एक की खोज जारी

महाराष्ट्र के पुणे जिले में उजनी बांध के पास एक नौका के पलट जाने से डूब गए छह लोगों में से पांच के शव बृहस्पतिवार सुबह निकाल लिये गये‍। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम को तेज हवा और बारिश के दौरान कुगाव से कलाशी गांव की ओर जा रही नाव दुर्घटना का शिकार हो गई थी। नाव में कुल सात लोग सवार थे। इंदापुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, 'हमने पांच शव निकाल लिए हैं जो दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चों के हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल(एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की एक टीम छठे लापता व्यक्ति को ढूंढ़ने का प्रयास कर रही है।' उन्होंने कहा कि सहायक पुलिस निरीक्षक स्तर का एक अधिकारी भी नाव पर सवार सात लोगों में शामिल था जो घटना के बाद तैरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया था।
MAY 23, 2024 12:19 IST

राजस्थान के अनेक जिलों में भीषण गर्मी का 'रेड अलर्ट'

लगभग पूरा राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है जहां अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अनेक जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी यानी 'रेड अलर्ट' जारी किया हुआ है। राज्य में पड़ रही गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते चौबीस घंटे में फलोदी में न्यूनतम तापमान ही 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जालौर में 34.2 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 33.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 33.3 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस, जयपुर व बाड़मेर में 32.2 डिग्री सेल्सियस और भीलवाड़ा में 31.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान में बुधवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के लोगों को इस भीषण गर्मी से तत्काल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। इसके अनुसार आगामी 72 घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन राज्य के अनेक स्थानों पर ‘हीटवेव’ से ‘तीव्र हीटवेव’ व कहीं-कहीं उष्ण रात्रि का दौर जारी रहेगा। विभाग ने इसके लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।