LIVE

आज की ताजा खबर, 2 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: कारगिल में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से लड़के की मौत, भरतपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिला श्रमिकों की मौत; 13 घायल

आज की ताजा खबर लाइव, 2 जुलाई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [राम मंदिर मामला], [दिल्ली बारिश], [रूस-यूक्रेन युद्ध] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: भारत ने पाकिस्तान के फारूकाबाद में 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारे को ढहाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे अल्पसंख्यकों पर निशाना बताया है। वहीं, अयोध्या राम मंदिर दान चोरी विवाद पर VHP ने साफ किया है कि वे चंपत राय पर कोई भी कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद ही करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रिफाइनरियों को पहुंचे नुकसान के बाद रूस ईंधन संकट से निपटने के लिए भारत से गैसोलीन खरीद रहा है, जबकि न्यूयॉर्क की मशहूर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर दो लोगों ने सुरक्षा को ठेंगा दिखाकर एक विशाल 'लव बैनर' फहरा दिया।

Nitin AroraUpdated Jul 2, 2026, 23:02 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 2 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: कारगिल में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से लड़के की मौत, भरतपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिला श्रमिकों की मौत; 13 घायल

आज की ताजा खबर, 2 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: कारगिल में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से लड़के की मौत, भरतपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिला श्रमिकों की मौत; 13 घायल

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [राम मंदिर मामला], [दिल्ली बारिश], [रूस-यूक्रेन युद्ध] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पाकिस्तान के फारूकाबाद में एक 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारे को ढहाए जाने का मामला तूल पकड़ चुका है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए इसे "बेहद निंदनीय और दुखद" करार दिया है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को घेरते हुए कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि वहां अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाने का पैटर्न है। भारत ने पाकिस्तान सरकार से अपने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, अयोध्या राम मंदिर में दान की चोरी के आरोपों के बाद राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में हलचल तेज है। इस बीच, विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि संगठन फिलहाल श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के खिलाफ किसी भी तरह की जल्दबाजी में कार्रवाई नहीं करेगा। VHP पूरी तरह से आधिकारिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा। उधर, यूक्रेन युद्ध के बीच एक बेहद चौंकाने वाला आर्थिक समीकरण सामने आया है। यूक्रेन द्वारा रूसी तेल रिफाइनरियों पर किए गए लगातार ड्रोन हमलों के कारण रूस के भीतर ईंधन (गैसोलीन) की भारी किल्लत हो गई है। अपने घरेलू बाजार को ठप होने से बचाने और शॉर्टेज को दूर करने के लिए दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादकों में से एक रूस को अब भारत से गैसोलीन (पेट्रोल) इम्पोर्ट करना पड़ रहा है।

JUL 02, 2026 23:02 IST

कारगिल में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से लड़के की मौत

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के करगिल जिले में इकबाल पुल के पास पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से एक लड़के की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब लड़का पुल के पास पानी से भरे गड्ढे में दुर्घटनावश गिर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि कारगिल पुलिस, केंद्र शासित प्रदेश आपदा प्रतिक्रिया बल और ’बसीज इमाम यूथ ऑर्गनाइज़ेशन’ के स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे और खोज अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बचाव दलों ने गड्ढे से लड़के का शव बाहर निकाला। अधिकारियों ने बताया कि लड़के को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और डूबने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। उसने हालांकि मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
JUL 02, 2026 21:35 IST

गुजरात पुलिस के छह अधिकारियों को आईपीएस कैडर में पदोन्नत किया

गुजरात पुलिस के छह अधिकारियों को पदोन्नत कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) कैडर में शामिल किया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने भारतीय पुलिस सेवा (पदोन्नति द्वारा नियुक्ति) विनियम, 1955 के तहत इन छह अधिकारियों को आईपीएस नियुक्त किया है और उन्हें गुजरात कैडर आवंटित किया है। पदोन्नत किए गए अधिकारियों में राजदीपसिंह नकुम, भरतकुमार राठौड़, प्रफुल्ल वानिया, राजेश कुमार परमार, कल्पेशकुमार चावड़ा और राकेश देसाई शामिल हैं। दो जुलाई को जारी अधिसूचना के अनुसार, ये नियुक्तियां ’चयन सूची-2025’ के माध्यम से की गई हैं। अधिसूचना में कहा गया है कि ये अधिकारी भारतीय पुलिस सेवा (परिवीक्षा) नियम, 1954 के तहत एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रहेंगे। इसके अलावा, उन्हें निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रारंभिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नवनियुक्त अधिकारियों में राजदीपसिंह नकुम वर्तमान में सूरत में विशेष अभियान समूह के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि भरतकुमार राठौड़ अहमदाबाद शहर के जोन-2 में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के रूप में तैनात हैं।
JUL 02, 2026 21:30 IST

भरतपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिला श्रमिकों की मौत, 13 घायल

राजस्थान के भरतपुर जिले में बृहस्पतिवार को खेतिहर मजदूरों को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सड़क किनारे पलट जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा जिले के वैर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास हुआ। थाना प्रभारी धीरेंद्र ने बताया कि महिलाएं रायपुर गांव में कृषि कार्य के लिए खेतों पर जा रही थीं, तभी अचानक एक पशु ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने आ गया। उन्होंने बताया कि पशु को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। धीरेंद्र के मुताबिक, हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 15 महिलाएं सवार थीं, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृत महिलाओं की पहचान 45 वर्षीय मिथलेश और 35 वर्षीय धौरी के रूप में हुई है।
JUL 02, 2026 18:17 IST

झारखंड में दुमका और गोड्डा की दीवानी अदालतों को हमले की चेतावनी

झारखंड में दुमका और गोड्डा की दीवानी अदालतों में बृहस्पतिवार को हमले की चेतावनी देने वाला एक पत्र भेजे जाने के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पत्र कुछ दिन पहले स्पीड पोस्ट के माध्यम से दुमका के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेजा गया था। दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पिताम्बर सिंह खेरवार ने पत्रकारों से कहा, "स्पीड पोस्ट भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड के आधार पर, हमने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के भातर में 55 वर्षीय व्यक्ति का पता लगाया। पूछताछ के दौरान उसने स्पष्ट रूप से इस पत्र को भेजने से इनकार किया और दावा किया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग किए जाने की आशंका है।" दुमका पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। खेरवार ने कहा कि अदालत परिसर के आसपास के क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
एसपी ने कहा, "अदालत परिसर में एक त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और खोजी कुत्तों का दस्ता भी तैनात किया गया है।"
JUL 02, 2026 18:15 IST

बेंगलुरु में ISRO हेडक्वार्टर में मचा हड़कंप

ईमेल से बम की धमकी मिलने के बाद बेंगलुरु में ISRO हेडक्वार्टर खाली करा लिया गया। पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने जगह की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध चीज़ नहीं मिली। ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
JUL 02, 2026 16:41 IST

मुंबई में भारी बारिश के बीच खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत

मुंबई में लगातार भारी बारिश के बीच खुले मैनहोल में गिरकर बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। चांदीवली इलाके में जलभराव के कारण व्यक्ति को खुले मैनहोल का पता नहीं चल सका और वह उसमें गिरकर बह गया। अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन दल और नगर निगम की आपदा प्रबंधन टीम ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चलाया, जिसके बाद बृहस्पतिवार को व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया। उपमहापौर संजय घाडी ने कहा कि इस मामले में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने ठेकेदार को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए इसे "गैर-इरादतन हत्या" का मामला बताया।
JUL 02, 2026 16:39 IST

बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में तीन विधानसभा सीटों के लिए 30 जुलाई को उपचुनाव

निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की। इन सीटों के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। आयोग ने कहा कि बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन के विधायक पद से इस्तीफा देने से बांकीपुर, कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराये जाने के बाद अयोग्य ठहराए जाने से दतिया और भाजपा विधायक योगेशभाई पटेल के निधन के कारण मंझलपुर सीट रिक्त हुई है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए अधिसूचना छह जुलाई को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। नामांकन पत्रों की छानबीन 14 जुलाई को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। मतगणना तीन अगस्त को होगी। आयोग ने कहा कि जिन जिलों में इन विधानसभा क्षेत्रों का पूरा या कोई हिस्सा आता है, वहां आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोग ने इस बात को दोहराया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों और उन्हें टिकट देने वाले राजनीतिक दलों को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ऐसे मामलों का विवरण समाचार पत्रों, टेलीविजन चैनलों और अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा।
JUL 02, 2026 16:38 IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बेंगलुरु खदान हादसे में मजदूरों की मौत पर शोक जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में पत्थर की खदान में हुए हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। बेंगलुरु दक्षिण तालुक में बृहस्पतिवार को पत्थर की एक खदान में विशाल चट्टान गिरने से आठ श्रमिकों की मौत हो गई जिनमें अधिकतर बिहार के निवासी थे। राष्ट्रपति मुर्मू ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’कर्नाटक के बेंगलुरु में पत्थर की खदान में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।’’
JUL 02, 2026 15:53 IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की

JUL 02, 2026 13:08 IST

महबूबा मुफ्ती जाएंगी ईरान

महबूबा मुफ्ती ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। वह ईरान जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगी और ईरान की जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करेंगी।
JUL 02, 2026 13:07 IST

मानसून की तैयारियों की समीक्षा: गुजरात DGP जी.एस. मलिक ने की बैठक, SDRF की 11 कंपनियों के 1,036 जवान पहले से तैनात

अहमदाबाद: मानसून के मद्देनजर गुजरात पुलिस ने आपदा प्रबंधन और पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए पुलिस भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्यव्यापी बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता गुजरात के पुलिस महानिदेशक (DGP) जी.एस. मलिक ने की। इसमें राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आर्म्ड यूनिट के अधिकारी और सभी जिलों के एसपी ऑनलाइन शामिल हुए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि भारी बारिश के दौरान मोबाइल नेटवर्क बाधित होने की स्थिति को देखते हुए सभी पुलिस स्टेशनों में वायरलेस कम्युनिकेशन नेटवर्क पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। साथ ही, जनरेटर सेट के संचालन के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल का स्टॉक पुलिस स्टेशन स्तर पर उपलब्ध रखा जाए।

राज्य में पूर्व योजना के तहत 28 जून से ही SDRF की 11 कंपनियों के कुल 1,036 जवानों को संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर तैनात कर दिया गया है। सभी जिला पुलिस प्रमुखों को SDRF प्लाटून कमांडरों के साथ बैठक कर उनके संसाधनों, तैनाती और संचार व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
JUL 02, 2026 10:59 IST

राजा रघुवंशी हत्याकांड सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

राजा रघुवंशी हत्याकांड सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, सॉलिसिटर जनरल ने की तत्काल सुनवाई की मांग। सुप्रीम कोर्ट में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने राजा रघुवंशी हत्याकांड का मेंशन करते हुए मामले की कल ही सुनवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट सुनवाई के लिए हुआ तैयार, कल ही करेगा सुनवाई।

मेघालय सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट से कहा, 'एक महिला अपने पति को मेघालय ले गई थी, जहां उसने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंक दिया। इस मामले में दो बार उसकी जमानत यह कहते हुए खारिज की गई थी कि उसके फरार होने की आशंका है। लेकिन अब उसे इस आधार पर जमानत दे दी गई है कि गिरफ्तारी के समय उसे गिरफ्तारी के आधार (Grounds of Arrest) पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जबकि कमी केवल एक धारा में टाइपिंग की गलती की थी। कृपया इस पर जल्द सुनवाई हो।'

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सोनम के फरार होने की आशंका जताई है। ऐसे में कल ही इस मामले की सुनवाई हो।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, अब तो आदेश के अनुसार आपको उसे रिहा करना होगा? इस पर सॉलिसिटर जनरल ने जवाब दिया, 'जी हां, लेकिन कुछ शर्तें लगाई जा सकती हैं।'
JUL 02, 2026 08:20 IST

स्कूल और कॉलेज में आज छुट्टी का ऐलान

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के सभी स्कूल और कॉलेज में आज छुट्टी का ऐलान किया गया। जिलाधिकारी ने भारी बारिश की चेतावनी के चलते लिया फैसला। मौसम विभाग ने आज रायगढ़ और कोंकण इलाके के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले पालघर जिले में भी आज भारी बारिश के red alert के चलते छुट्टी का कल ही ऐलान किया गया था।
JUL 02, 2026 07:52 IST

पाकिस्तान में 125 साल पुराना गुरुद्वारा ढहाने पर भारत सख्त

पाकिस्तान के फारूकाबाद में स्थित 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारे को जमींदोज किए जाने पर भारत सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई है।

विदेश मंत्रालय ने इस घटना को बेहद निंदनीय और दुखद बताया है। भारत ने साफ कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। भारत ने पाकिस्तान से अल्पसंख्यकों और उनके पवित्र स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
JUL 02, 2026 07:51 IST

न्यूयॉर्क की 'एम्पायर स्टेट बिल्डिंग' पर चढ़ा कपल

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की सबसे मशहूर और ऊंची इमारतों में से एक 'एम्पायर स्टेट बिल्डिंग' की छत पर दो लोग बिना अनुमति के चढ़ गए। इन लोगों ने इमारत के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर एक बहुत बड़ा बैनर लहराया, जिस पर लिखा था जब प्रेम की ताकत, सत्ता के प्रेम पर भारी पड़ती है, तभी दुनिया में शांति आती है।'इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं।

यह रूसी कपल था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है, इन्होंने ऊपर प्रपोज किया। बैनर लगाने के बाद इवान ने घुटनों के बल बैठकर एंजेला को अंगूठी पहनाकर प्रपोज किया। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और किस किया। यह पूरा घटनाक्रम बिल्डिंग की 1,454 फीट (443 मीटर) ऊंची चोटी पर चला। यह कपल दुनिया की कई ऊंची इमारतों पर इसी तरह के खतरनाक स्टंट कर चुका है।
JUL 02, 2026 07:48 IST

यूक्रेन के हमलों से परेशान रूस; ईंधन की कमी दूर करने के लिए भारत से खरीद रहा गैसोलीन

रूस ने अपनी रिफाइनरियों पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों के कारण देश भर में ईंधन की कमी से निपटने के लिए भारत से समुद्री रास्ते से पेट्रोल का आयात शुरू कर दिया है। बुधवार को इंडस्ट्री के दो सूत्रों ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी। साथ ही, अलग-अलग शिप ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि भारतीय रिफाइनरियों ने जून में रूस से रिकॉर्ड 2.70 मिलियन बैरल प्रति दिन कच्चा तेल खरीदा।

एक सूत्र ने बताया कि भारत से रूस को कम से कम 60,000 मीट्रिक टन पेट्रोल भेजा गया है। एक और सूत्र ने बताया कि यह मात्रा दो टैंकरों के बराबर है, जिनमें से हर एक में 30,000 से 40,000 टन पेट्रोल था।

एक तीसरे सूत्र ने बताया कि रूस कमी को पूरा करने के लिए कई देशों से हर महीने 400,000 टन पेट्रोल आयात करना चाहता है। इनमें बेलारूस भी शामिल है, जो पहले से ही कई महीनों से रेल के ज़रिए रूस को ईंधन भेज रहा है।
JUL 02, 2026 07:47 IST

चंपत राय पर एक्शन को लेकर VHP का बड़ा बयान

अयोध्या के राम मंदिर में दान की चोरी (Donation Theft) के आरोपों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अपनी स्थिति साफ की है। वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि संगठन इस पूरे मामले में चल रही जांच (Probe) के नतीजों का इंतजार करेगा। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई या विचार किया जाएगा।

VHP के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट आलोक कुमार ने HT को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में दान की चोरी के लिए विश्व हिंदू परिषद (VHP) जिम्मेदार नहीं है। VHP प्रमुख आलोक कुमार ने माना कि राम मंदिर चंदे के मामले में चंपत राय 'लापरवाही के दोषी हो सकते हैं'।