LIVE

हिंदी समाचार, 19 मई 2024: राहुल-अखिलेश की रैली में मची भगदड़; BJP मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे AAP कार्यकर्ताओं पर पुलिस का एक्शन

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 19 मई 2024

हिंदी समाचार, 19 मई 2024: राहुल-अखिलेश की रैली में मची भगदड़; BJP मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे AAP कार्यकर्ताओं पर पुलिस का एक्शन

हिंदी न्यूज़ 19 मई 2024 और बड़ी खबरें: फूलपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य के समर्थन में आयोजित एक संयुक्त रैली के दौरान मंच पर भारी अव्यवस्था की वजह से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिना भाषण दिए ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बैरिकेड तोड़कर मंच पर चढ़ गए जिससे मंच पर जगह ही नहीं बची। वहीं राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के मामले में सीएम केजरीवाल के पूर्व सहयोगी की गिरफ्तारी पर बड़े राजनीतिक टकराव के बीच दिल्ली पुलिस ने रविवार को सत्तारूढ़ पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट के आरोपी व अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार को तीस हजारी कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के सभी अपडेट्स...

SRH vs PBKS Live Score Today Match

MAY 19, 2024 22:00 IST

राजधानी में गर्मी का सितम, आसमान से बरसी आग

देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में रविवार को भीषण गर्मी झेलनी पड़ी। इसी कड़ी में राजधानी के नजफगढ़ इलाके में सबसे अधिक, अधिकतम तापमान 47.8℃ दर्ज किया गया और उसके बाद यूपी के आगरा में 47.7℃ तापमान दर्ज हुआ। यह इस गर्मी के मौसम का सबसे अधिक अधिकतम तापमान है। पढ़ें पूरी खबर
MAY 19, 2024 20:31 IST

आरोपी नाबालिग के पिता और बार के खिलाफ होगा मामला दर्ज

महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक नाबालिग द्वारा चलायी जा रही तेज रफ्तार लग्जरी कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस दुर्घटना के सिलसिले में आरोपी नाबालिग के पिता और नाबालिग को शराब परोसने वाले बार के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक कार चला रहे 17 वर्षीय आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद उसे हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसे किशोर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। पुणे शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने एक बयान में कहा, 'इस दुर्घटना के मामले में आरोपी के पिता और किशोर/अभियुक्त को शराब परोसने वाले बार के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और 77 के तहत कार्रवाई की जा रही है।' किशोर न्याय अधिनियम की धारा-75 के अनुसार, बच्चे पर वास्तविक नियंत्रण या प्रभार रखने वाले व्यक्ति को दंडित किया जा सकता है यदि वह जानबूझकर बच्चे पर हमला करता है, उसे छोड़ देता है या उसकी उपेक्षा करता है और उसके साथ दुर्व्यवहार करता है, जिससे मानसिक या शारीरिक बीमारी होती है। धारा-77 किसी बच्चे को शराब या मादक पदार्थ देने से संबंधित है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करीब सवा तीन बजे कल्याणी नगर में हुई और 17 वर्षीय कार चालक के खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
MAY 19, 2024 20:29 IST

राजस्थान के बारां में परवन नदी में डूबने से दो लोगों की मौत

राजस्थान के बारां के एक गांव में परवन नदी में नहाने गए दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पीड़ितों की पहचान जयपुर के निवासी विशाल मीणा (22) और अनिल उज्जैनिया (22) के रूप में हुई है। अतरू थाने के प्रभारी मुकेश मीणा ने कहा कि विशाल और उज्जैनिया एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए आटोन गांव आए थे। अपराह्न करीब ढाई बजे वे परवन नदी में नहाने गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को निकालकर अस्पताल ले गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए गए हैं।
MAY 19, 2024 20:28 IST

छत्तीसगढ़ में पेड़ से टकराई मोटरसाइकिल, तीन लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के पेड़ से टकरा जाने से उस पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार रात लैलुंगा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्राहन गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान खुले पैकरा (18), विजय सांवरा (18) और लक्ष्मण चौहान (22) के रूप में की गयी है। तीनों एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गेरुपानी गांव जा रहे थे। अधिकारी ने कहा कि मोटरसाइकिल चला रहे पैकरा ने नियंत्रण खो दिया और एक पेड़ से जा टकराया। उन्होंने बताया कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों जिले के सुबरा गांव के रहने वाले थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लैलुंगा के एक अस्पताल में भेज दिया गया है और इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है।
MAY 19, 2024 20:27 IST

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का सितम जारी

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का सितम रविवार को भी जारी रहा। श्रीगंगानगर और अंता बारां में पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम केंद्र के अनुसार इसके आगे भी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को दिन में अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर और अंता बारां में 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, आज अधिकतम तापमान चूरू में 46.6 डिग्री, धौलपुर और जालौर में 46.5 डिग्री, कोटा में 46.2 डिग्री, पिलानी और करौली में 46.1 डिग्री, राजधानी जयपुर में 45.9 डिग्री, बाड़मेर और फलोदी में 45.8 डिग्री, जोधपुर में 45.6 डिग्री, जैसलमेर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में बीती रात का तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस से लेकर 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिन की भीषण गर्मी से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। गांवों-शहरों में दोपहर में सड़कें सूनी हो जाती हैं। लोग बेहद जरूरी काम के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में नगर निकायों द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव भी करवाया जा रहा है ताकि लोगों को कुछ राहत मिले।
MAY 19, 2024 20:27 IST

पीएम मोदी के स्वागत के लिए सुदर्शन पटनायक ने तैयार किया सैंड आर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा जाने वाले हैं। जहां वह जगन्नाथ पुरी में भगवान जगन्नाथ का दर्शन करेंगे। ऐसे में पीएम मोदी के वहां पहुंचने से पहले उनके स्वागत में सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने रेत पर पीएम मोदी की तस्वीर बनाई है, जिसमें पीएम मोदी भगवान जगन्नाथ के सामने हाथ जोड़े खड़े उनका आशीर्वाद ले रहे हैं। वहां पीएम मोदी और भगवान जगन्नाथ की तस्वीर के साथ ही 'स्वागतम' और 'जय जगन्नाथ' भी रेत पर उकेरा गया है। पीएम मोदी के स्वागत के लिए रेत पर उकेरे गए इस आर्ट को लेकर जब सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जगन्नाथ पुरी आने वाले हैं। यहां आकर वह भगवान जगन्नाथ का दर्शन करेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। ऐसे में उनके स्वागत के लिए हमने यह भव्य सैंड आर्ट तैयार किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यहां आना हम सबके लिए खुशी की बात है। पीएम मोदी के स्वागत के लिए जो आर्ट हमने तैयार किया है, उसमें 2,000 के करीब दिए भी लगाए गए हैं। पीएम मोदी की फैन फॉलोइंग बड़ी है। देश ही नहीं दुनिया में उनको देखने के लिए, उनसे मिलने के लिए लोग उनके पीछे भागते रहते हैं। उससे उनके काम और कार्यकाल का पता चलता है। बच्चे, बड़े, बुजुर्ग सभी उनका खूब सम्मान करते हैं।
MAY 19, 2024 20:26 IST

सऊदी किंग 'तेज बुखार' से पीड़ित, सेहत की जांच कराएंगे

सऊदी अरब की अदालत ने कहा कि किंग सलमान 'तेज बुखार और जोड़ों के दर्द' से पीड़ित हैं और रविवार को उनकी चिकित्सा जांच की जाएगी। सऊदी प्रेस एजेंसी के मुताबिक, शाही अदालत ने एक बयान में कहा, 'दो पवित्र मस्जिदों के संरक्षक को तेज बुखार और जोड़ों के दर्द के कारण आज, 19 मई को जेद्दा में अल-सलाम पैलेस के रॉयल क्लिनिक में चिकित्सा जांच से गुजरना होगा। चिकित्सा टीम उनकी स्थिति का निदान करने और उनके स्वास्थ्य की जांच करेगी।' अदालत ने पिछले महीने यह भी घोषणा की थी कि 88 वर्षीय किंग सलमान को "नियमित जांच" के लिए किंग फैसल स्पेशलिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उस दिन बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। एसपीए के अनुसार, 2015 से शासन कर रहे सऊदी किंग को मई 2022 में कोलोनोस्कोपी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह और अन्य जांचों के लिए वहां एक सप्ताह से अधिक समय तक रुके थे।
MAY 19, 2024 19:00 IST

पार्टी कार्यकर्ता की हत्या के खिलाफ जम्मू कश्मीर में भाजपा का प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को शोपियां में पार्टी कार्यकर्ता और पूर्व सरपंच ऐजाज अहमद शेख की हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जम्मू-कश्मीर प्रशासन पर आतंकी खतरों का सामना कर रहे कुछ प्रमुख पदाधिकारियों को सुरक्षा देने के उसके अनुरोधों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। भाजपा कार्यकर्ता शोपियां में ‘लघु सचिवालय’ के बाहर एकत्र हुए और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध नहीं कराने के लिए जिला प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिलों में हुए दोहरे आतंकी हमलों में शेख की मौत हो गई और राजस्थान का एक पर्यटक दंपति घायल हो गया। प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा, “हम एक साल से उपायुक्त से हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का अनुरोध कर रहे हैं लेकिन वह देरी करते रहे। अब हमने एक कार्यकर्ता खो दिया है।” पार्टी प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन से किसी न किसी स्तर पर चूक हुई है। उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, “कश्मीर में आतंकवाद को दोबारा सिर उठाने की इजाजत नहीं दी जाएगी, लेकिन प्रशासन की ओर से भी चूक हुई है। ऐजाज की शहादत की जिम्मेदारी उपायुक्त की है।”
MAY 19, 2024 18:59 IST

ओलंपिक चयन ट्रायल में सबसे सफल निशानेबाज रहीं मनु भाकर

ओलंपियन निशानेबाज मनु भाकर राइफल और पिस्टल ओलंपिक चयन ट्रायल (ओएसटी) में सबसे सफल निशानेबाज रहीं, उन्होंने रविवार को यहां अंतिम दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल ओएसटी टी4 मैच में जीत हासिल की। मनु की दो स्पर्धाओं के ट्रायल में यह चौथी जीत रही। उन्होंने महिलाओं की 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल के ट्रायल भी जीते। मनु ने ओएसटी टी4 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में 240.8 का स्कोर बनाया। उन्होंने हांग्झोउ एशियाड की चैम्पियन पलक को 4.4 अंक से पछाड़ा। रिदम सांगवान ने तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले इलावेनिल वलारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल ओएसटी टी4 में 254.3 के स्कोर से जीत दर्ज की। यह स्कोर चीन की हान जियायू के इस महीने बाकू में आईएसएसएफ विश्व कप में बनाये गये 254.0 के मौजूदा विश्व रिकॉर्ड से 0.3 अंक अधिक रहा। रमिता (253.3) और मेहुली घोष (230.3) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। दिव्यांश पंवार ने पुरुषों की एयर राइफल ओएसटी टी4 में 253.3 के स्कोर से जीत दर्ज की। यह स्कोर उनके मौजूदा विश्व रिकॉर्ड से 0.4 कम रहा। अर्जुन बबूता (250.0) और रुद्रांक्ष पाटिल (229.5) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल ओएसटी टी4 फाइनल में रविंदर सिंह 242.2 के स्कोर से विजेता रहे। वरुण तोमर (239.4) दूसरे और सरबजोत सिंह (218.9) तीसरे स्थान पर रहे। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ पेरिस ओलंपिक के लिए टीम चुनने के लिए दिल्ली और भोपाल में पिस्टल और राइफल में चार ट्रायल्स की सीरीज आयोजित कर रहा है। भारतीय निशानेबाज अब म्यूनिख में आईएसएसएफ विश्व कप राइफल और पिस्टल (31 मई से आठ जून) में हिस्सा लेंगे।
MAY 19, 2024 18:58 IST

पुलिस ने सीएम केजरीवाल के घर से ‘सीसीटीवी डीवीआर' किया जब्त

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर चुनाव से पहले पार्टी की छवि खराब करने के लिए कहानियां गढ़ने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि उसने स्वाति मालीवाल पर “हमले” की जांच के सिलसिले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की ‘डीवीआर’ जब्त कर ली है। दिल्ली पुलिस की तरफ से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। आप की राज्यसभा सदस्य मालीवाल ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार ने 13 मई को उन पर तब हमला किया जब वह उनसे मिलने के लिए मुख्यमंत्री के आवास पर गई थीं। आप ने उनके आरोपों को खारिज कर दिया है और दावा किया है कि मालीवाल केजरीवाल को फंसाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रही हैं। कुमार को शनिवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। रविवार को एक संवाददाता सम्मलेन को संबोधित करते हुए आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पुलिस पहले ही सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) जब्त कर चुकी है। उन्होंने दावा किया, “कल (शनिवार) उन्होंने प्रवेश द्वार, चारदीवारी पर लगे कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली और आज (रविवार) उन्होंने घर के अन्य हिस्सों में लगे कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली। पुलिस कहानियां गढ़ रही है कि सीसीटीवी (कैमरा) फुटेज हटा दिया गया है लेकिन उन्होंने इसे पहले ही जब्त कर लिया है।”
MAY 19, 2024 18:57 IST

अपनी ही बंदूक की गोली से सीआईएसएफ जवान की मौत

पड़ोसी राज्य कर्नाटक के रहने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक 37 वर्षीय जवान की अपनी ही बंदूक से गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि रवि किरण ने खुद को गोली मारी या शनिवार को कर्नाटक जाने वाली बस में यात्रा करते समय गलती से बंदूक चल गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "रवि किरण कर्नाटक के रहने वाले थे और शनिवार को जब यह घटना हुई तब वे कलपक्कम से अपने गृहनगर बेंगलुरु जा रहे थे।" अधिकारी ने कहा, "हथियार की स्थिति के बारे में रिपोर्ट मिलने के बाद ही हम मौत के कारण का पता लगा पाएंगे।"
MAY 19, 2024 18:56 IST

जम्मू कश्मीर के पुंछ में चुनावी रैली के दौरान चाकू से हमला

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर में रविवार को एक चुनावी रैली में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के तीन कार्यकर्ताओं पर अज्ञात व्यक्तियों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से नेकां उम्मीदवार मियां अल्ताफ के समर्थन में मेंढर में आयोजित रैली में पार्टी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला भी उपस्थित थे। हालांकि, रैली जारी रही। अधिकारियों ने कहा कि रैली के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर दो समूहों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक मामला दर्ज किया है और दोषियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि हरनी के रहने वाले सोहेल अहमद और यासिर अहमद तथा कासबलारी गांव के रहने वाले मोहम्मद इमरान चाकू हमले में घायल हुए हैं तथा उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि सोहेल और यासिर की हालत गंभीर बताई जा रही है तथा उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजौरी स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल भेज दिया गया है। नेकां के वरिष्ठ नेता जावेद अहमद राणा ने घटना को सुरक्षा चूक बताया और दोषियों की फौरन गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर घटना है और इसकी जांच होनी चाहिए। नेकां नेता ने कहा कि कुछ दिन पहले, घायलों में से एक के भाई पर इसी समूह ने हमला किया था और आरोपी के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
MAY 19, 2024 18:55 IST

भदोही में नवविवाहित जोड़े ने मालगाड़ी से कटकर खुदकुशी की

उत्तर प्रदेश के भदोही में प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर परिवार द्वारा शादी स्वीकार नहीं किये जाने से हताश होकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। भदोही रेलवे स्टेशन के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी लालधर प्रसाद ने बताया कि रेलवे फाटक नंबर-32 के पास रेल ट्रैक पर एक युवक और एक युवती के क्षत-विक्षत शव मिले। बाद में दोनों के परिजनों ने उनकी पहचान जितेंद्र कुमार गौतम (25) और ललिता गौतम (22) के रूप में की। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र और ललिता शहर के जलालपुर मोहल्ला की दलित बस्ती में पडोसी थे और दोनों एक साल से प्रेम प्रसंग में थे। प्रसाद ने बताया, 'दोनों ने करीब दो माह पहले घर से भाग कर दिल्ली में शादी कर ली थी और करीब पंद्रह दिन पहले जितेंद्र, ललिता के साथ अपने घर आया था लेकिन इस शादी को दोनों के परिवार ने स्वीकार नहीं किया।' उन्होंने बताया शनिवार देर रात शादी के कपड़े पहन कर दोनों घर से निकल गए और आज ट्रेन के सामने पटरी पर लेट कर खुदकुशी कर ली। प्रसाद ने बताया कि जांच की जा रही है।
MAY 19, 2024 18:54 IST

मोदी सरकार के 'अन्याय काल' का सामना कर रहा है लद्दाख: जयराम रमेश

कांग्रेस ने लद्दाख लोकसभा सीट पर मतदान से एक दिन पहले रविवार को आरोप लगाया कि यह केंद्र शासित प्रदेश पिछले 10 वर्षों से मोदी सरकार के 'दुर्भावनापूर्ण और सौतेले व्यवहार' का सामना कर रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि लद्दाखवासी भीषण ठंड के बीच अपनी जमीन और पानी पर नियंत्रण की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'विरोध प्रदर्शन महीनों से चल रहा है, जिसमें सभी 8 जनजातियां और 30,000 से अधिक लोग भूख हड़ताल और विशाल मार्च के लिए एकसाथ आये हैं।' रमेश ने दावा किया कि मोदी सरकार की एकमात्र प्रतिक्रिया लगातार चुप्पी और उदासीनता रही है। कांग्रेस महासचिव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 20 मई को, लद्दाख में चुनाव होंगे, और 'पिछले 10 वर्षों से, लद्दाख मोदी सरकार के अन्यायकाल-पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण और सौतेले व्यवहार- का सामना कर रहा है।' उन्होंने कहा, 'अगस्त 2019 में, मोदी सरकार ने लद्दाख को बिना विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेश में तब्दील करके वहां के लोगों का सारा प्रतिनिधित्व छीन लिया।'
MAY 19, 2024 15:52 IST

बीजू जनता दल के विधायक समीर दाश भाजपा में शामिल

बीजू जनता दल के निमापारा से विधायक समीर रंजन दाश रविवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल, पार्टी के ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर और अन्य नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में दाश का स्वागत किया। दाश ने सुबह क्षेत्रीय दल से इस्तीफा दे दिया था। तीन बार के विधायक 2024 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। दाश ने संवाददाताओं से कहा, 'बीजू जनता दल के नेतृत्व में विश्वास खोने के बाद मैं भाजपा में शामिल हो गया हूं। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि भाजपा उम्मीदवार प्रावती परिदा निमापारा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतें।' दाश ने बीजू जनता दल के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के अपने फैसले से भी उन्हें अवगत कराया। एक वीडियो में दाश ने कहा कि उन्होंने 2006 से बीजू जनता दल के लिए ईमानदारी से काम किया लेकिन अब लगता है कि नेतृत्व का उन पर से भरोसा उठ गया है। उन्होंने कहा, 'इसलिए, मैंने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।' दाश जगतसिंहपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले निमापारा विधानसभा क्षेत्र से बीजू जनता दल के टिकट पर 2009, 2014 और 2019 में तीन बार विधायक चुने गए। उन्होंने नवीन पटनायक के मंत्रिमंडल में स्कूल और जन शिक्षा मंत्री के रूप में भी काम किया था। क्षेत्रीय पार्टी ने हालांकि इस बार उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया और दिलीप नायक को उम्मीदवार बनाया, जो हाल में भाजपा से आए थे। इससे पहले बीजू जनता दल विधायक-परशुराम ढाडा, रमेश चंद्र साई, अरबिंद धाली, प्रेमानंद नायक और सिमरानी नायक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। दो निवर्तमान सांसदों- भर्तृहरि महताब और अनुभव मोहंती ने भी बीजू जनता दल से इस्तीफा दे दिया है।
MAY 19, 2024 15:48 IST

राहुल और अखिलेश फूलपुर में नहीं दे सके भाषण, मच गई भगदड़

फूलपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य के समर्थन में आयोजित एक संयुक्त रैली के दौरान मंच पर भारी अव्यवस्था की वजह से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिना भाषण दिए ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बैरिकेड तोड़कर मंच पर चढ़ गए जिससे मंच पर जगह ही नहीं बची। उन्होंने कहा कि फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में पड़िला महादेव में आयोजित इस रैली में अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनों मौजूद थे, लेकिन दोनों ने ही सभा को संबोधित नहीं किया। इस वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि अब दोनों नेता यमुनापार के मुंगारी में संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। ‘इंडिया’ गठबंधन ने इलाहाबाद सीट कांग्रेस को दी है जहां से उज्ज्वल रमण सिंह प्रत्याशी हैं। वहीं फूलपुर सीट से समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य को मैदान में उतारा है। ‘इंडिया’ गठबंधन की रविवार को दो रैलियां प्रस्तावित थीं।
MAY 19, 2024 15:46 IST

पूर्व कांग्रेस सांसद प्रतापराव भोसले का निधन, पटोले ने जताया शोक

कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रतापराव भोसले का रविवार सुबह सतारा जिले में उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। पार्टी ने यह जानकारी दी। वे महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके थे। पार्टी ने बताया कि भोसले ने भुइंज गांव में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भोसले के निधन पर दुख जताया और कहा कि पार्टी ने एक समर्पित वफादार खो दिया है। भोसले की राजनीतिक यात्रा भुइंज गांव के सरपंच के रूप में शुरू हुई थी। वे सतारा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन बार लोकसभा के सदस्य रहे। इससे पहले वे 1967 से 1985 तक वाई खंड (सतारा जिले में) से महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य थे और राज्य के कैबिनेट मंत्री भी रहे। भोसले 1997 में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख बने। 1999 में जब शरद पवार सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर पार्टी से अलग हुए तब वे राज्य कांग्रेस के प्रमुख थे। पार्टी में दो-फाड़ होने के बावजूद भोसले के नेतृत्व में कांग्रेस ने 75 सीट जीतीं और राज्य विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। पटोले ने कहा कि भोसले जीवन भर कांग्रेस की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहे। पटोले ने एक बयान में कहा, "पार्टी ने एक प्रतिबद्ध वफादार और सुसंस्कृत नेता खो दिया है।"
MAY 19, 2024 15:45 IST

पहले रामभक्तों पर गोली चलती थी, आज होती है आवभगत: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पूर्ववर्ती सरकारों से मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की तुलना करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं, मगर आज अयोध्या में राम भक्तों की आवभगत होती है। योगी ने रविवार को मेहनगर में आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी दिनेश लाल 'निरहुआ' और जौनपुर में भाजपा उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह के समर्थन में आयोजित अलग-अलग चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। दिनेश लाल भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता हैं। उन्होंने कहा, 'पहले आजमगढ़ की पहचान आतंक के गढ़ की बना दी गई थी, देश में कहीं भी आतंकी धमाके होते थे तो आजमगढ़ का नाम आता था, मगर बीते 10 साल में कहीं कोई आतंकी घटना नहीं हुई। आज तो पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमें आजमगढ़ को अभी बहुत कुछ देना है, इसे एक औद्योगिक सिटी बनाना है। यह फिल्म सिटी का केंद्र बनेगा जहां से ढेर सारे ‘निरहुआ’ और आम्रपाली दुबे (अभिनेत्री) जैसे कलाकार निकलेंगे।' उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, 'वो लोग यहां पिकनिक मनाने आ रहे हैं और चुनाव बाद घूमने के लिए ब्रिटेन चले जाएंगे, क्योंकि वो बड़े लोग हैं।' योगी ने मतदाताओं से अपील की कि आपको अपने बीच का जनप्रतिनिधि चुनना होगा।
MAY 19, 2024 15:41 IST

छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन पर लोहे का खंभा गिरने से तीन यात्री घायल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बाहरी इलाके में रविवार को एक चलती ट्रेन के डब्बे पर पटरी के पास स्थित लोहे का खंभा गिर गया, जिससे इस घटना में कम से कम तीन यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई, जब लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस रायपुर के निकट उरकुरा रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पटरी के किनारे स्थित लोहे का खंभा चलती ट्रेन पर गिर गया, जिससे ट्रेन के वातानुकूलित डिब्बे की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए । उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन यात्री घायल हो गये। अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के रायपुर स्टेशन पहुंचने के बाद घायल यात्रियों का प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि घायलों को बाद में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि ट्रेन दोपहर करीब 12 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि पटरी के पास लगे खंभे की उपयोगिता का अभी पता नहीं चल पाया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
MAY 19, 2024 15:40 IST

मकान का बरामदा ढह जाने से महिला और उसकी बेटी की मौत

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाना क्षेत्र में बीती रात एक मकान का बरामदा ढह जाने से मलबे में दबी एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई जबकि एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस उपनिरीक्षक सिद्धार्थ प्रजापत ने रविवार को बताया कि एक मकान का बरामदे के शनिवार देर रात अचानक ढह जाने से मलबे में दबी राधा (40) और उसकी बेटी सपना (13) की मौत हो गई जबकि आठ वर्षीय छोटी बेटी हादसे में घायल हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के समय महिला का पति वहां मौजूद नहीं था। घायल बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मृग दर्ज कर जांच की जा रही है।