आज की ताजा खबर, 18 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मौनी अमावस्या स्नान पर प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई, 21 से 29 जनवरी तक राष्ट्रपति भवन में विजिट बंद रहेगी
आज की ताजा खबर लाइव, 18 जनवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [गणतंत्र दिवस], [मौनी अमावस्या स्नान], [ट्रंप की खबर] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: आज मौनी अमावस्या है। इस कारण भारी संख्या में लोग स्नान करने पहुंचेंगे। इसको देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रयागराज के संगम घाट पर पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। इसके अलावा गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के लिए दिल्ली के कर्तव्य पथ के आसपास की सड़कें सुबह 4 बजे से बंद रहेंगी। पढ़ें- देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबर
आज की ताजा खबर, 18 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मौनी अमावस्या स्नान पर प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई, 21 से 29 जनवरी तक राष्ट्रपति भवन में विजिट बंद रहेगी
-मौनी अमावस्या स्नान पर प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई
-गणतंत्र दिवस: 21 से 29 जनवरी तक राष्ट्रपति भवन में विजिट बंद रहेगी
शीर्ष 10 में तीन कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 75,855 करोड़ रुपये बढ़ा
शेयर बाजार में सुस्त रुझान के बावजूद भारतीय स्टेट बैंक और इंफोसिस के शेयरों में बढ़त हुई। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 5.89 अंक गिरा, जबकि एनएसई निफ्टी 11.05 अंक ऊपर गया।
इस दौरान आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और इंफोसिस लाभ में रहे। दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और लार्सन एंड टुब्रो के मूल्यांकन में कुल 75,549.89 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
दूसरी ओर आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई और इंफोसिस का कुल मूल्यांकन 75,855.43 करोड़ रुपये बढ़ा।
जुबिन मौत मामला: अन्य आरोपी श्यामकानु महंत ने जमानत का अनुरोध किया
कामरूप महानगर जिला एवं सत्र न्यायालय में सुनवाई के बाद बाहर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए गरिमा सैकिया गर्ग ने यह भी कहा कि उनके पति की मौत के समय नौका पर मौजूद सभी लोगों को असम सरकार की जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।
मशहूर गायक की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
जुबिन वहां पूर्वोत्तर भारत महोत्सव (एनईआईएफ) के चौथे संस्करण में भाग लेने गए थे, जिसके मुख्य आयोजक महंत थे।
इराकी सेना ने अमेरिकी बलों की वापसी के बाद एक अहम ‘एयर बेस' का नियंत्रण अपने हाथ में लिया
वाशिंगटन और बगदाद ने 2024 में इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह के खिलाफ लड़ रही अमेरिका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना को सितंबर 2025 तक इराक से चरणबद्ध तरीके से हटाने पर सहमति जताई थी। इसके तहत अमेरिकी बल उन ठिकानों से हटने वाले थे, जहां वे तैनात थे।
हालांकि, इसके बावजूद अमेरिकी सैन्य सलाहकारों और सहायक कर्मियों की एक छोटी टुकड़ी वहां बनी हुई थी। इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने अक्टूबर में पत्रकारों से कहा था कि मूल समझौते के अनुसार सितंबर तक पश्चिमी इराक के ऐन अल-असद एयर बेस से अमेरिकी बलों की पूर्ण वापसी होनी थी, लेकिन उसके बाद ‘‘सीरिया में हुए घटनाक्रम’’ के कारण वहां 250 से 350 के बीच सलाहकारों और सुरक्षा कर्मियों की एक ‘‘छोटी टुकड़ी’’ बनाए रखना जरूरी हो गया।
अब सभी अमेरिकी कर्मी वहां से जा चुके हैं।
सर्बिया में हजारों छात्रों ने रैली निकाली, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया
छात्रों ने पिछले एक साल में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए हैं, जिनसे देश में वुसिक की निरंकुश सरकार हिल गई है।
नोवी साद में प्रदर्शनकारियों ने ‘‘चोर’’ के नारे लगाते हुए सरकार पर व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। उनका मानना है कि भ्रष्टाचार के कारण ही उत्तरी शहर में नवंबर 2024 में रेलवे स्टेशन हादसा हुआ जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई और बदलाव के लिए देशव्यापी आंदोलन शुरू हुआ।
छात्र तत्काल चुनाव कराए जाने की मांग कर रहे हैं जिसे मानने से वुसिक ने इनकार कर दिया है। सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है या सरकार का विरोध करने पर उनकी नौकरी चली गई या उन पर दबाव बनाया गया।
‘काजीरंगा कॉरिडोर' की आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री, दो अमृत भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
मोदी ने कहा कि वह नगांव जिले के कालियाबोर में प्रमुख विकास परियोजनाओं के 'भूमि पूजन' के लिए उत्सुक हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज मैं कालियाबोर, असम में काजीरंगा के ऊपर 35 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर समेत प्रमुख विकास कार्यों के भूमि पूजन को लेकर उत्सुक हूं। इससे विशेष रूप से मानसून के दौरान जानवरों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिससे असम के लोगों के लिए रेल संपर्क सुविधा में सुधार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी बंगाल दौरे के दूसरे दिन सिंगूर में जनसभा को संबोधित करेंगे
असम में रातभर ठहरने के बाद इस राज्य में वापसी पर मोदी के कार्यक्रम के अनुसार, वह हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और कुछ परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
इसके अलावा वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे जहां वह पश्चिम बंगाल में औद्योगीकरण को लेकर पार्टी के दृष्टिकोण को संभवत: और धार देंगे।
पर्यवेक्षकों का मानना है कि सिंगूर का चयन इसके प्रतीकात्मक महत्व के कारण किया गया है। करीब दो दशक पहले यहीं तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ भूमि अधिग्रहण विरोधी एक हिंसक आंदोलन हुआ था, जिसकी अगुवाई तब विपक्ष में रहीं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने की थी। इस आंदोलन के कारण रतन टाटा को नैनो परियोजना को बंद करना पड़ा और उसे गुजरात स्थानांतरित करना पड़ा था।
दिल्ली में घना कोहरा, वायु गुणवत्ता की स्थिति ‘गंभीर'
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और सुबह तक कई स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 5.3 डिग्री सेल्सियस, पालम में आठ डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 7.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
2024-25 में एमवे इंडिया का घाटा बढ़कर 74.25 करोड़ रुपये हुआ
कारोबार संबंधी खूफिया जानकारी देने वाले मंच 'टोफलर' से मिले वित्तीय आंकड़ों के अनुसार 31 मार्च, 2025 को समाप्त हुए वित्त वर्ष में कंपनी की कुल आय (जिसमें अन्य आय भी शामिल है) 9.2 प्रतिशत घटकर 1,174.85 करोड़ रुपये रही।
इससे पिछले वित्त वर्ष में एमवे इंडिया एंटरप्राइज ने 53.38 करोड़ रुपये का कुल घाटा दर्ज किया था और परिचालन राजस्व 1,283.75 करोड़ रुपये था।
भारत में प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग पिछले दो वर्षों से सुस्त वृद्धि दर का सामना कर रहा है।
21 से 29 जनवरी तक राष्ट्रपति भवन में विजिट बंद रहेगी
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के लिए दिल्ली के कर्तव्य पथ के आसपास की सड़कें सुबह 4 बजे से बंद रहेंगी।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) ट्रैफिक निशांत गुप्ता के अनुसार, 26 जनवरी को नॉर्थ दिल्ली से साउथ दिल्ली जाने वाले यात्री मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग और मथुरा रोड का रास्ता ले सकते हैं।
DCP ने आगे बताया कि लोगों को गाइड करने के लिए सभी बड़े जंक्शनों और गोल चक्करों पर पुलिस तैनात रहेगी।
गुप्ता ने ANI को बताया, '26 जनवरी को ध्यान में रखते हुए, उस दिन कर्तव्य पथ के आसपास की सड़कें बंद रहेंगी। जिन्हें नॉर्थ दिल्ली से साउथ दिल्ली जाना है, वे या तो मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग या मथुरा रोड से जा सकते हैं... उस दिन सड़कें सुबह 4 बजे से बंद रहेंगी। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि उस दिन घर से निकलने से पहले एडवाइजरी ज़रूर देख लें। लोगों को गाइड करने के लिए सभी ज़रूरी जंक्शनों और गोल चक्करों पर पुलिस तैनात रहेगी।'
इस बीच, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर कम से कम 30 झांकियां निकलेंगी, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की उपलब्धियों की शानदार झलक दिखाएंगी।
मौनी अमावस्या स्नान पर प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई
ANI से बात करते हुए माघ मेला अधिकारी ऋषि राज ने कहा, 'मौनी अमावस्या स्नान के लिए, हमने साढ़े तीन किलोमीटर तक घाट (स्नान क्षेत्र) बनाए हैं। हम सभी सात सेक्टरों के श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि वे नजदीकी घाट पर पहुंचें और पवित्र स्नान करें... हमारे पास पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के जरिए मॉनिटरिंग की व्यवस्था है और हमारा ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू है।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमारी वॉटर पुलिस, पुलिसकर्मी और RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) सभी मौके पर तैनात हैं ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, और भीड़ बढ़ने पर हम कार्रवाई करेंगे... तीन से चार करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है, और जैसे-जैसे ज़्यादा लोग आएंगे, हम आंकड़ों को अपडेट करते रहेंगे।'
DM प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि बहुत उत्साह है, और बड़ी संख्या में लोग आए हैं।
