LIVE

आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 17 मार्च 2023: व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 17 मार्च 2023: व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 17 मार्च 2023: व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 17 मार्च 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 17 मार्च (शुक्रवार ) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार -सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) में अब अग्निवीर रह चुके लोगों को रिजर्वेशन का फायदा मिलेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूर्व अग्निवीरों के लिए सीआईएसएफ में रिक्तियों में 10 फीसदी आरक्षण का ऐलान किया है। भारत में एच3एन2 वायरस के बीच कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक की सरकारों से अपने यहां कोरोना की स्थिति पर ध्यान देने और संक्रमण के बढ़ते मामलों को कंट्रोल करने के लिए कहा गया है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में दिल्ली पुलिस ने उन यौन हिंसा पीड़ितों का ब्योरा मांगा है जिनका जिक्र उन्होंने गत जनवरी में 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान श्रीनगर में किया था।

MAR 17, 2023 23:16 IST

आज की ताजा खबर 17 मार्च 2023 LIVE: फिर विवादों में बागेश्वर धाम वाले बाबा

बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री एक बार फिर से विवादों में घिर गए हैं। इस बार उनके खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोला है, जिसके बाद महाराष्ट्र में होने वाले उनके सत्संग कार्यक्रम पर संकट के बादल घिर गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 22:44 IST

आज की ताजा खबर 17 मार्च 2023 LIVE: मुस्लिम देशों ने भी छोड़ा पाकिस्तान का साथ

पाकिस्तान (Pakistan) में लोग इस समय दाने-दाने के लिए मोहताज हैं। सरकार मदद के लिए कटोरा लेकर भीख मांग रही है, लेकिन उसे मदद नहीं मिल रही है। अब पाकिस्तान को सिर्फ उम्मीद अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से मिलने वाली मदद पर है, लेकिन इसमें भी उसे अरब देशों का साथ चाहिए, जो मिलता नहीं दिख रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 22:12 IST

आज की ताजा खबर 17 मार्च 2023 LIVE: व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

यूक्रेन में युद्ध अपराधों के आरोपों का सामना कर रहे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमनल कोर्ट(ICC) ने अरेस्ट वारंट जारी किया है। आईसीसी ने इसके अलावा रूस में बाल अधिकार की कमिश्नर मारिया अलेक्सेयेवना लावोवा-बेलोवा के खिलाफ भी वारंट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 21:28 IST

आज की ताजा खबर LIVE: नित्यानंद ने लगाया 30 अमेरिकी शहरों को चूना

भारत में भगोड़ा घोषित हो चुके नित्यानंद ने इस बार एक या दो नहीं बल्कि अमेरिका के करीब 30 शहरों को चूना लगाया है। एक मामले में नित्यानंद के खिलाफ पहला मामला भी दर्ज किया गया है। यह मामला अमेरिका के न्यू जर्सी के शहर नेवॉर्क में धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 20:45 IST

आज की ताजा खबर LIVE: राहुल और जडेजा की पारी से जीता भारत

MAR 17, 2023 20:42 IST

आज की ताजा खबर LIVE: बेंगलुरू की यह फर्म सोने के लिए दे रही छुट्टी

बेंगलुरू की एक कंपनी ऐसी है, जो अपने कर्मचारियों को सोने के लिए छुट्टी दे रही है। कंपनी ने यह फैसला वर्ल्ड स्लीप डे ( World Sleep Day 2023) पर किया है। कंपनी का कहना है कि उसे यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि World Sleep Day यानी 17 मार्च 2023 को कर्मचारियों को सोने के लिए वैकल्पिक छुट्टी दी गई है। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 20:04 IST

आज की ताजा खबर LIVE: तीसरे मोर्चे की कवायद से पिछड़ रही कांग्रेस

देश में तीसरे मोर्चो (Third Front) की कवायद अब साफ-साफ दिखने लगी है। कांग्रेस (Congress) के बिना कई विपक्षी पार्टियां यह संकेत दे रही है कि 2024 में वो लोग गठबंधन में चुनाव लड़ सकते हैं। ताजा घटनाक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कुछ ऐसा ही इशारा किया है। अखिलेश यादव ने कहा ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) से मुलाकात के बाद कहा है कि वो टीएमसी के साथ हैं, कांग्रेस के साथ नहीं। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 19:45 IST

आज की ताजा खबर LIVE: BJP का मिशन साउथ: कर्नाटक-केरल और तेलंगाना पर नजर

2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में बीजेपी जोर शोर से जुट चुकी है, तीन महसचिवों की अगुवाई में एक टीम का गठन भी किया जा चुका है। ये सच है कि बीजेपी दक्षिण भारत में अब तक अपनी वो पहचान और पैठ बनाने में कामयाब नहीं रही है। जो उत्तर भारत में है। कर्नाटक को छोड़ दिया जाए तो बीजेपी की किसी राज्य में कोई सरकार नहीं है। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 19:43 IST

आज की ताजा खबर LIVE: राजस्थान में बनेंगे 19 नए जिले, सीएम गहलोत की बड़ी घोषणा

राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने राज्य में 19 नए जिले बनाने का ऐलान किया है। बता दें, राजस्थान में पहले 33 जिले थे, लेकिन इस घोषणा के बाद अब जिलों की संख्या बढ़कर 52 हो जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...
MAR 17, 2023 15:33 IST

क्या आप जानते हैं कांग्रेस का दुश्मन कौन है

हाल ही में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कैंब्रिज विश्वद्यालय में कहा था कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर की जा रही हैं। उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जाता है,माइक बंद कर दिया जाता है। उनके इस बयान के बाद बीजेपी माफी की मांग कर रही है। गुरुवार को जब लंदन से आने के बाद राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अगर उन्हें बोलने का मौका मिला तो जरूर बोलेंगे। सवाल जवाब के क्रम में जब उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से मैं सांसद हूं तो जयराम रमेश ने समझाया कि वे लोग इस शब्द का मजाक बनाएंगे। जब वो समझा रहे थे तो उस दौरान माइक खुला रह गया था। उस दृश्य को ट्वीट करते हुए असम के सीएम ने बताया कि आखिर कांग्रेस का बड़ा दुश्मन कौन है।
MAR 17, 2023 15:32 IST

इस बीमारी की वजह से चली जाती है आंखों से रोशनी

ग्लूकोमा यानि काला मोतियाबिंद ऐसी स्थिति है, जो आंख के पिछले हिस्से में मौजूद ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचाती है, जिससे कम दिखाई देने लगता है। दुनियाभर में अंधेपन का दूसरा प्रमुख कारण होने के बावजूद अक्सर इसका सही तरह से इलाज नहीं किया जाता। इसे आमतौर पर 'silent thief of sight' कहा जाता है, क्योंकि ज्यादातर मामलों में इसके लक्षण बीमारी बढ़ जाने तक सामने ही नहीं आते। इसके मरीजों में बगल के क्षेत्र का दिखाई नहीं देना यानी पेरिफेरल विजन लॉस और धीरे-धीरे दिखाई देना कम हो जाना यानी ग्रैजुअल विजन लॉस आम लक्षण हैं। इस कारण मरीजों को जब तक इसका आभास होता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
MAR 17, 2023 12:55 IST

कहीं बेमौसम बारिश, तो कहीं बरस रहे ओले

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली। मुंबई सहित कई जगहों पर गरज के साथ बारिश हुई और यहां तक कि ओले भी गिरे। मुंबई और आसपास के इलाकों में भी कुछ बारिश हुई, जिससे चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने कहा कि अभी कुछ दिन और ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं। विभाग ने अगले पांच दिनों तक शहर में आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ बेमौसम बारिश होने का अनुमान जताया है।
MAR 17, 2023 10:58 IST

गोरखपुर में इन तीन गांवों की चर्चा क्यों होती है बार-बार

गोरखपुर की पहचान अब सीएम योगी आदित्यनाथ(cm yogi adityanath) से होती है। इस जिले की पहचान में अब बदमाश नेपथ्य में और विकास आगे है। लेकिन 1980, 1990 की दशक में तस्वीर ऐसी नहीं थी। अपराध के जरिए सियासत में जगह बनाने की तरकीब जब दो खास लोगों के दिमाग कौंधने लगी तो गोरखपुर की गलियां रक्तरंजित हो गईं। उन दोनों चेहरों को कामयाबी भी मिली। लेकिन गोरखपुर के दामन पर खून की छींट धब्बों के शक्ल में नजर आने लगी। यहां पर बात हम उन दो चेहरों के साथ एक और चेहरे की करेंगे जिनका संबंध करीब करीब एक खास जगह से रहा है।
MAR 17, 2023 10:58 IST

पूर्व खालिस्तानी नेता ने पीएम की तारीफ की

पूर्व खालिस्तान समर्थक नेता जसवंत सिंह ठकेदार ने कहा कि कुछ पश्चिमी देशों में आयोजित किया जा रहा खालिस्तान जनमत संग्रह पाकिस्तान की आईएसआई का काम है और इसका भारत में सिखों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार के लिए कुछ सिख एक उपकरण के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख समुदाय की प्रमुख मांगों पर ध्यान दिया है।
MAR 17, 2023 10:57 IST

ममता से मिलेंगे अखिलेश

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार से कोलकाता में रहेंगे। कोलकाता में 18 और 19 मार्च को सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। अखिलेश इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। कोलकाता में अखिलेश की मुलाकात तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से होगी। समझा जाता है अखिलेश केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर होंगे। साथ ही चुनावी रणनीतिकारों का मानना है कि इस बैठक में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट भी हो सकती है।
MAR 17, 2023 07:06 IST

आज की ताजा खबर 17 मार्च 2023 LIVE: राहुल गांधी को नोटिस

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक नई मुसीबत में फंसते दिख रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता को नोटिस जारी किया है। अपने इस नोटिस में दिल्ली पुलिस ने राहुल से उन यौन शोषण पीड़ितों का ब्योरा मांगा है जिनका जिक्र उन्होंने गत जनवरी में अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान श्रीनगर में किया था। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट्स का संज्ञान लेते हुए उन्हें सवाल भेजे हैं।
MAR 17, 2023 06:26 IST

आज की ताजा खबर 17 मार्च 2023 LIVE: दिल्ली सरकार ने मध्यस्थकारों का मानदेय बढ़ाया

दिल्ली सरकार ने मध्यस्थकारों का मानदेय तीन हजार रुपये प्रति मामला से बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने की मंजूरी दे दी है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को यहां जारी विज्ञप्ति में दी गई। बयान में कहा गया कि बढ़ा हुआ मानदेय मध्यस्थकारों को विवाह संबंधी, हिरासत, संरक्षण, परिवीक्षा आदि मामलों में पेशी के लिए दिया जाएगा। दिल्ली के कानून मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यह फैसला मध्यस्थता के जरिये विवादों को सुलझाने में मध्यस्थकारों की अहम भूमिका को संज्ञान में लेकर किया गया है।
MAR 17, 2023 06:25 IST

केंद्र के सहयोग से जोशीमठ संकट से कुशलतापूर्वक निपटा गया : धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा में कहा कि जोशीमठ में भूधंसाव सरकार के लिए एक चुनौती थी लेकिन केंद्र के सक्रिय सहयोग से इससे कुशलतापूर्वक निपट लिया गया। यहां चल रहे बजट सत्र में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जोशीमठ एक चुनौती थी लेकिन हमें इस कार्य में केंद्र सरकार का सक्रिय सहयोग मिला। प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी की और नियमित रूप से जानकारी लेते रहे।’
MAR 17, 2023 06:25 IST

आप ने सक्सेना को भीड़ को उकसाते दिखाने वाला वीडियो जारी किया

आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना अहमदाबाद में 2002 के साबरमती आश्रम हमले के दौरान भीड़ को कथित तौर पर उकसाते हुए दिख रहे हैं। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उपराज्यपाल को उनके ‘अपराधों’के लिए जवाबदेह ठहराया जाए। अभी इस घटना में सक्सेना की भूमिका को लेकर उपराज्यपाल कार्यालय से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। यह घटना महात्मा गांधी द्वारा स्थापित आश्रम में हुई थी, जहां सैकड़ों पत्रकार और कार्यकर्ता 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड के मद्देनजर शांति का आह्वान करने के लिए एकत्रित हुए थे।
MAR 17, 2023 06:24 IST

मौजूदा बजट सत्र में लाया जाएगा पत्रकार सुरक्षा विधेयक : बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र में पत्रकारों की सुरक्षा से संबंधित विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2022-23 के वार्षिक बजट के तहत अपने विभागों के लिए अनुदान मांगों पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए यह घोषणा की। उन्होंने सरकारी अधिकारियों और सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के नेताओं के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय और आयकर द्वारा की गई छापेमारी को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कार्रवाई का इरादा जांच करना नहीं है बल्कि उनकी सरकार को बदनाम करना है।