LIVE

ताजा खबर, 13 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज़: मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन, PM मोदी ट्रंप से करेंगे मुलाकात, महाकुंभ में अब तक 48 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

13 फरवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर हैं, जहां पर वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों पर चर्चा हो सकती है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में ट्रंप ने पुतिन के साथ फोन में हुई लंबी बातचीत का जिक्र किया और कहा कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए साथ मिलकर, बहुत निकटता से काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।

Anurag GuptaUpdated Feb 13, 2025, 20:40 IST
Follow on Google News
ताजा खबर, 13 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज़: मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन, PM मोदी ट्रंप से करेंगे मुलाकात, महाकुंभ में अब तक 48 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

ताजा खबर, 13 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज़: मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन, PM मोदी ट्रंप से करेंगे मुलाकात, महाकुंभ में अब तक 48 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

13 फरवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर हैं, जहां पर वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों पर चर्चा हो सकती है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में ट्रंप ने पुतिन के साथ फोन में हुई लंबी बातचीत का जिक्र किया और कहा कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए साथ मिलकर, बहुत निकटता से काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।

FEB 13, 2025 20:40 IST

आतिशी दिल्ली में बिजली कटौती का दावा करते हुए बोलीं- 'ये दिल्ली को UP बना देंगे...'

निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की राजधानी पर पकड़ खत्म होने के तीन दिनों के भीतर दिल्ली में बिजली कटौती की समस्या शुरू हो गई है।आप की वरिष्ठ नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिल्ली को उत्तर प्रदेश बनाना चाहती है, जो घंटों बिजली कटौती के लिए जाना जाता है।
FEB 13, 2025 20:40 IST

मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन, बीरेन सिंह ने सीएम पद से हाल ही में दिया था इस्तीफा

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है। राज्य के सीएम एन बीरेन सिंह ने 9 फरवरी 2025 को इस्तीफा दिया था, जिसके बाद राज्यपाल अजय भल्ला ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की
FEB 13, 2025 16:47 IST

हमास ने कहा, इजराइली बंधकों को समय पर करेंगे रिहा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के तेवरों से हमास बैकफुट पर आ गया है। हमास ने गुरुवार को कहा कि वह योजना के अनुसार इजरायली बंधकों के अगले समूह को रिहा करेगा, जिससे गाजा पट्टी में युद्ध विराम को खतरे में डालने वाले एक बड़े विवाद का हल हो जाएगा। इस आतंकवादी समूह ने कहा कि मिस्र और कतर के मध्यस्थों ने पुष्टि की है कि वे सभी बाधाओं को दूर करने के लिए काम करेंगे, और यह युद्ध विराम समझौते को लागू करेगा।
FEB 13, 2025 16:02 IST

जर्मनी में ड्राइवर ने भीड़ पर चढ़ाई गाड़ी, हमले में कई लोग घायल

Driver Hits group of People in Munich: जर्मनी के म्यूनिख में एक ड्राइवर ने भीड़ पर गाड़ी चढ़ा दी जिसमें कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने तुरंत घायलों की संख्या या घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। पुलिस ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ड्राइवर को पकड़ लिया गया है।
FEB 13, 2025 15:11 IST

महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचे अभिनेता विक्की कौशल

बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचे और उन्होंने कहा कि वह त्रिवेणी संगम में स्नान करने पर भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। विक्की कौशल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'छावा' के प्रचार में व्यस्त हैं। सिनेमाघरों में यह फिल्म शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है। विक्की कौशल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं लंबे समय से इस अवसर का इंतजार कर रहा था कि महाकुंभ का हिस्सा बन सकूं। अब जब मैं यहां हूं, तो बहुत अच्छा और भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।"
FEB 13, 2025 14:48 IST

वित्त मंत्री ने लोकसभा में आयकर विधेयक, 2025 पेश किया

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में आयकर विधेयक, 2025 पेश किया और लोकसभा अध्यक्ष से इसे सदन की प्रवर समिति को भेजने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सात फरवरी को नये आयकर विधेयक को मंजूरी दी थी, जो छह दशक पुराने आयकर अधिनियम की जगह लेगा। सदन में विधेयक पेश किए जाने का तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय समेत कुछ विपक्षी सदस्यों ने विरोध किया।
वित्त मंत्री ने सदस्यों की आपत्तियों के बीच विधेयक सदन में प्रस्तुत किया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से इसे सदन की प्रवर समिति को भेजने का अनुरोध किया। नया विधेयक प्रत्यक्ष कर कानून को समझने में आसान बनाने और कोई नया कर बोझ नहीं लगाने की एक कवायद है। इसमें प्रावधान और स्पष्टीकरण या कठिन वाक्य नहीं होंगे।
FEB 13, 2025 14:47 IST

धन शोधन मामला: वधावन बंधुओं को जमानत मिली

बंबई उच्च न्यायालय ने 2020 के येस बैंक धन शोधन मामले में दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (डीएचएफएल) के प्रवर्तकों धीरज और कपिल वधावन को लंबे समय तक जेल में रहने और जल्द मुकदमा शुरू होने की संभावना नहीं होने का हवाला देते हुए उन्हें जमानत दे दी। न्यायमूर्ति मिलिंद जाधव की एकल पीठ ने बुधवार को दोनों भाइयों को एक-एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी। पीठ ने कहा कि डीएचएफएल के प्रवर्तक चार साल नौ महीने से हिरासत में हैं और निकट भविष्य में मुकदमा शुरू होने की कोई संभावना नहीं है। उच्च न्यायालय ने कहा, ‘‘किसी विचाराधीन कैदी को इतनी लंबी अवधि तक हिरासत में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 से प्राप्त त्वरित सुनवाई के उसके मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।’’
FEB 13, 2025 14:43 IST

केरल सरकार यूजीसी विनियमों के मसौदे के खिलाफ कानूनी विकल्प तलाशेगी: मंत्री

केरल की उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदु ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार केंद्र द्वारा प्रस्तावित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के विनियमों के मसौदे के खिलाफ उपलब्ध सभी कानूनी विकल्पों पर विचार करेगी। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यूजीसी विनियम-2025 के मसौदे के बारे में माकपा नेता एमवी गोविंदन द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए बिंदु ने कहा कि यूजीसी उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत कम धनराशि आवंटित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए मसौदा विनियमों के खिलाफ कानूनी लड़ाई की संभावना तलाशेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मसौदे के विरोध के तहत उच्च शिक्षा विभाग 20 फरवरी को तिरुवनंतपुरम में एक राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन आयोजित करेगा। अन्य राज्यों के शिक्षा मंत्री भी इसमें भाग लेंगे।’’
FEB 13, 2025 13:30 IST

महाकुंभ में अब तक 48 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

महाकुंभ में 12 फरवरी तक 48 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है। वहीं, 13 फरवरी दिन गुरुवार की सुबह 10 बजे तक 27 लाख से ज्यादा लोगों ने स्नान किया।
FEB 13, 2025 13:28 IST

लोकतंत्र में चुनाव अब स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं रह गए: आदित्य ठाकरे

FEB 13, 2025 12:40 IST

तेजस्वी सूर्या ने एचएएल के स्वदेशी बुनियादी प्रशिक्षण विमान में उड़ान भरी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने यहां जारी ‘एयरो इंडिया-2025’ के दौरान भारत के स्वदेशी बुनियादी प्रशिक्षण विमान एचटीटी-40 में बृहस्पतिवार को उड़ान भरी। सूर्या ने ‘हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड’ (एचएएल) द्वारा डिजाइन और निर्मित विमान में 30 मिनट तक सवारी की। भाजपा सांसद ने मीडिया से बातचीत में एचएएल की सराहना की और इसे बेंगलुरु एवं भारत का गौरव तथा भारत की वैमानिकी प्रगति का प्रतीक बताया।
FEB 13, 2025 11:55 IST

महाकुंभ से श्रद्धालुओं को ले जा रही बस ने ट्रक को टक्कर मारी, 3 की मौत

महाकुंभ में भाग लेने वाले 57 तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस बृहस्पतिवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में भाग लेने के बाद मध्य प्रदेश के मंदसौर लौट रहे थे। सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हरिराज सिंह ने बताया कि बस ने सुबह करीब साढ़े छह बजे कोटा जिले के करोदिया गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी।
FEB 13, 2025 11:47 IST

कांग्रेस पर बरसे लोकसभा अध्यक्ष, बोले- वे सदस्यों का छीनना चाहते हैं अधिकार

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को सदन में नारेबाजी कर रहे कांग्रेस सदस्यों से कहा कि उनकी पार्टी ने देश में लंबे समय शासन किया और अब वे ‘‘नियोजित तरीके से’’ हंगामा करके सदस्यों का अधिकार छीनना चाहते हैं। कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्य अदाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर सदन में हंगामा कर रहे थे।
FEB 13, 2025 10:54 IST

महाराष्ट्र के ठाणे में 22 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 22.28 लाख रुपये मूल्य का ‘हाइब्रिड’ गांजा जब्त करने के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शहाड इलाके में एक स्थान पर निगरानी रखी और मंगलवार शाम को दो व्यक्तियों को संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। उल्हासनगर थाने के अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस ने उनके पास से 1.114 किलोग्राम ‘हाइब्रिड’ गांजा जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि उपेंद्रसिंह उर्फ ​​गोली कमलेशसिंह ठाकुर (24) और विशाल हरेश मखीजा (34) नामक दोनों आरोपियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया ।
FEB 13, 2025 10:53 IST

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत तापमान से 1.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को तेज हवाएं चलने तथा अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे के करीब 129 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
FEB 13, 2025 10:14 IST

उत्तर प्रदेश सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौत

लखीमपुर खीरी जिले के निघासन कोतवाली क्षेत्र में रकेहटी कस्बे के पास एक कार के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा जाने से चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान निघासन कोतवाली क्षेत्र के चौधरीपुरवा गांव निवासी संजय (24), रजनीश (19), लवकुश (23) और साइकिल ‘मैकेनिक’ अंसार के रूप में हुई है। उसने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल भी हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान दिग्विजय, अरुण और रवि के रूप में की गई है।
FEB 13, 2025 09:44 IST

ठाणे में पानी की टंकी में डूबने से तीन साल के बच्चे की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक आवासीय परिसर में खेलते समय गलती से पानी की टंकी में गिर जाने के कारण तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर घोडबंदर रोड स्थित आवासीय परिसर में हुई। कासरवडावली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चा अपनी मां के साथ एक रिश्तेदार के घर गया था जहां वह खेलते समय फिसलकर पानी की टंकी में गिर गया।
FEB 13, 2025 09:30 IST

अमेरिका ने मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदला: ‘व्हाइट हाउस'

फ्लोरिडा से टेक्सास होते हुए मेक्सिको तक फैले जल निकाय का नाम अमेरिका ने ‘मेक्सिको की खाड़ी’ से बदलकर ‘अमेरिका की खाड़ी’ रखने का फैसला किया है और वह अन्य देशों पर भी ऐसा ही करने का दबाव बना रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बुधवार को कहा, ‘‘यह सच है कि लुइसियाना के तट के पास के जल निकाय को ‘अमेरिका की खाड़ी’ कहा जाएगा। यह इस प्रशासन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है कि हम इसे (खाड़ी के नाम को) न केवल यहां के लोगों के लिए, बल्कि दुनिया के बाकी हिस्सों के लिए भी बदलें।’’
FEB 13, 2025 08:13 IST

महाकुंभ में विष्णु देव साय पूरी कैबिनेट और विधायकों के साथ लगाएंगे आस्था की डुबकी

FEB 13, 2025 06:57 IST

PM मोदी ने अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से की मुलाकात