देश

थम नहीं रहा सांसदों के निलंबन का सिलसिला, लोकसभा से आज भी 49 MP सस्पेंड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 19, 2023, 02:44 PM IST

Lok Sabha MP Suspended: संसद के शीतकालीन सत्र से निलंंबित होने वाले सांसदों की कुल संख्या 141 हो गई है। सोमवार को 78 सांसदों को निलंबित किया गया था। इसके बाद आज 49 सांसदों को लोकसभा से सस्पेंड कर दिया गया।

Image

लोकसभा से 49 अन्य सांसद निलंबित

Photo : ANI

Lok Sabha MPs Suspended: संसद के शीतकालीन सत्र से विपक्षी सांसदों के निलंबन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हंगामे के बाद संसद के दोनों सदनों लोकसभा व राज्यसभा से विपक्षी सांसदों का निलंबन जारी है। मंगलवार को भी लोकसभा से 49 सांसदों को शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।

निलंबित होने वाले सांसदों में मनीष तिवारी, शशि थरूर, सुप्रिया सुले, डिंपल यादव, फारूक अब्दुल्ला, कार्ति चिदंबरम, सुदीप बंदोपाध्याय, दानिश अली, राजीव रंजन सिंह जैसे नाम शामिल हैं। इन सांसदों को मिलाकर कुल 49 लोक सभा सांसदों को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है।

अर्जुन राम मेघवाल ने रखा निलंबन का प्रस्ताव

मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे तीसरी बार लोक सभा की कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन सभापति ने हंगामा कर रहे इन सांसदों को नामित किया, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इन्हें निलंबित करने का प्रस्ताव रखा और सदन की मंजूरी के बाद इन्हें निलंबित कर दिया गया। इसके बाद लोक सभा की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

सोमवार को 78 सांसद हुए थे निलंबित

बता दें, सोमवार को भी राज्य सभा के 45 और लोक सभा के 33 सांसदों सहित कुल 78 सांसदों को निलंबित कर दिया गया था। इससे पहले पिछले सप्ताह लोक सभा के 13 और राज्य सभा के एक सांसद को भी निलंबित किया गया था। दोनों सदनों में अब तक कुल मिलाकर 141 सांसद निलंबित हो चुके हैं।

निलंबित सांसदों के 27 सवाल हटाए गए

लोकसभा में निलंबित विपक्षी सदस्यों की ओर से पूछे गए 27 सवालों को मंगलवार को प्रश्नों की सूची से हटा दिया गया। इसी तरह, विभिन्न मंत्रियों से एक ही सवाल पूछने वाले सदस्यों के समूह से कई निलंबित सांसदों के नाम हटा दिए गए। राजस्थान विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने वाले हनुमान बेनीवाल का नाम भी हटा दिया गया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की अपरूपा पोद्दार और कांग्रेस की राम्या हरिदास द्वारा पूछे गए दो तारांकित प्रश्न हटा दिए गए। इसके अलावा 25 अतारांकित प्रश्न भी सूची से हटाये गये। मंत्री तारांकित प्रश्नों का मौखिक उत्तर देते हैं और अतारांकित प्रश्नों का लिखित उत्तर देते हैं। तेरह दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक मामले पर गृहमंत्री अमित शाह से जवाब की मांग करते हुए तख्तियां दिखाने और नारे लगाने के लिए सोमवार तक लोकसभा के 46 विपक्षी सदस्यों को निलंबित किया जा चुका था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article