गोवा नाइट क्लब हादसे में 25 की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
- Edited by: अमित कुमार मंडल
- Updated Dec 7, 2025, 01:15 PM IST
गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात सिलेंडर विस्फोट के बाद लगी आग में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है।
गोवा नाइटक्लब आग हादसे में राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख (ANI)
23 Killed in Goa Nightclub Fire: गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात सिलेंडर विस्फोट के बाद लगी आग में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि गोवा के अरपोरा में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने जताया गहरा दुख
इस घटना पर राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, उत्तरी गोवा जिले में हुई दुखद आग की घटना से मुझे गहरा दुःख हुआ है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
दुर्घटना बेहद दुखद, बोले पीएम मोदी
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, गोवा के अरपोरा में हुई आग दुर्घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत जी से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
राहुल गांधी ने बताया प्रशासनिक विफलता
वहीं, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। राहुल ने एक्स पर लिखा- गोवा के अरपोरा में हुई दुखद आग से बेहद दुखी हूं, जिसमें 20 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि सुरक्षा और प्रशासन की एक आपराधिक विफलता है। एक गहन, पारदर्शी जांच से जवाबदेही तय होनी चाहिए और यह सुनिश्चित होना चाहिए कि ऐसी रोकी जा सकने वाली त्रासदियां दोबारा न हों।
आग लगने से लोगों की मौत अत्यंत दुखद: गृह मंत्री शाह
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गोवा के एक नाइट क्लब में आग लगने की घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद है। गृह मंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन बचाव एवं राहत अभियान संचालित कर रहा है और प्रभावितों को आवश्यक देखभाल प्रदान कर रहा है। शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, गोवा के अरपोरा में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु बेहद दुखद है। स्थानीय प्रशासन बचाव एवं राहत अभियान संचालित कर रहा है और प्रभावितों को आवश्यक देखभाल प्रदान कर रहा है। मेरी गहरी संवेदनाएं उन परिवारों के प्रति हैं, जिनके प्रियजनों ने इस हादसे में जान गंवाई है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
क्लब ने अग्नि सुरक्षा मानदंडों का पालन नहीं किया था
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर क्लब के रसोई कर्मचारी थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने बताया कि मरने वालों में तीन से चार पर्यटक भी शामिल थे। मौके पर पहुंचे सीएम सावंत ने पत्रकारों को बताया कि 23 लोगों में से तीन की जलने से और बाकी की दम घुटने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाइट क्लब ने अग्नि सुरक्षा मानदंडों का पालन नहीं किया था। आग आधी रात के बाद रोमियो लेन के पास बर्च में लगी। राज्य की राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरपोरा गाँव में स्थित यह लोकप्रिय पार्टी स्थल पिछले साल खुला था।
सावंत ने कहा, हम क्लब प्रबंधन और उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे जिन्होंने सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन करने के बावजूद इसे संचालित करने की अनुमति दी। सावंत ने कहा, तटीय राज्य में पर्यटन के चरम मौसम के दौरान यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।" उन्होंने आगे कहा, "हम इस घटना की विस्तृत जाँच करेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा, 25 लोगों की हुई मौत
गोवा पुलिस ने कहा, उत्तरी गोवा के अरपोरा में रोमियो लेन के पास बर्च में भीषण आग लग गई, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 4 के पर्यटक होने की पुष्टि हुई है, 14 कर्मचारी थे और 7 की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। छह लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच जारी है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।