Jammu Kashmir: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में मेंढर के बालाकोट सेक्टर (Balakot Sector) में दो आतंकवादियों (Terrorist) को मार गिराया है। सुरक्षाबल धंगरी हत्याकांड में शामिल आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान चला रहे थे कि इसी दौरान आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी ढेर हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान जारी रखा हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि सेना के जवानों ने एक सीमावर्ती गांव में संदिग्ध गतिविधि देखी और गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें दोनों आतंकवादी ढेर हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों के शव रविवार सुबह तब मिले, जब सेना ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
कर दी थी सात लोगों की हत्या
इस बीच सुरक्षा बलों ने राजौरी के धंगरी गांव में दो आतंकवादी हमलों में शामिल आतंकवादियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है, जिसमें दो दिनों में बच्चों सहित सात नागरिक मारे गए थे। जैश-ए-मोहम्मद के दो संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा 50 मीटर की दूरी पर अलग तीन घरों में गोलीबारी की थी। अगले दिन, जिस घर में फायरिंग हुई थी, वहां एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) विस्फोट में चार और 16 साल के दो बच्चों की मौत हो गई थी।
उपराज्यपाल ने की घायलों से मुलाकात
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी जिले में आतंकी हमले में घायल हुए नागरिकों का हालचाल जानने के लिए शनिवार को यहां के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल का दौरा किया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि सिन्हा ने घायलों के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
