देश

संसद में आज गूंजेगा जय श्रीराम, राम मंदिर पर चर्चा के साथ संपन्न होगी 17वीं लोकसभा की कार्यवाही; PM मोदी का भी होगा संबोधन

Parliament Budget Session 2024: बजट सत्र के आखिरी दिन शनिवार को लोकसभा में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर चर्चा होगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल सिंह ऐतिहासिक श्री राम मंदिर के निर्माण और श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा की शुरुआत करेंगे।

Image

संसद में आज गूंजेगा जय श्रीराम

Photo : Times Now Digital

Parliament Budget Session 2024: संसद के बजट सत्र के आखिरी दिन शनिवार को लोकसभा में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर चर्चा होगी। लोकसभा सचिवालय के बुलेटिन के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल सिंह ऐतिहासिक श्री राम मंदिर के निर्माण और श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा की शुरुआत करेंगे। शिवसेना सदस्य श्रीकांत शिंदे ने भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है। माना जा रहा है कि सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्य लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करेंगे। बता दें, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर चर्चा के साथ ही 17वीं लोकसभा की कार्यवाही आज संपन्न हो जाएगी। जानकारी के अनुसार, राज्यसभा में भी राम मंदिर और रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर ही चर्चा की जाएगी। इसके लिए बीजेपी ने शुक्रवार को तीन लाइन का व्हिप भी जारी किया था, जिसमें अपने सांसदों को शनिवार को दोनों सदनों में उपस्थित रहने का निर्देश दिया था।

सूत्रों की माने तो संसद अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए एक प्रस्ताव पारित करेगी। सूत्रों के अनुसार, ‘संकल्प के अलावा, विकसित भारत के लिए अमृत काल में इस सरकार की प्रतिज्ञा और राम राज्य की तरह सुशासन स्थापित करने के संकल्प पर भी चर्चा होगी। इस बात पर भी चर्चा हो सकती है कि हम किस तरह का देश बनाना चाहते हैं और हमारे पास किस तरह का नेतृत्व होना चाहिए।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार, इस हफ्ते की शुरुआत में देश का नाम बदलकर भारत करने की मांग करते हुए सत्यपाल सिंह ने लोकसभा में कहा था कि पीएम मोदी राम राज्य की स्थापना की दिशा में काम कर रहे हैं। बता दें, सत्यपाल सिंह ने कहा था, ‘जब तक राम राज्य स्थापित नहीं हो जाता, हम चैन से नहीं बैठेंगे। आजादी की लड़ाई के दौरान महात्मा गांधी ने राम राज्य स्थापित करने की बात कही थी। पीएम मोदी महात्मा गांधी, महर्षि दयानंद और दीन दयाल उपाध्याय के आदर्शों का पालन कर रहे हैं और देश में राम राज्य स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले 25 जनवरी को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार बैठक की थी, जिसमें पीएम मोदी को राम मंदिर समारोह के लिए बधाई देते हुए एक प्रस्ताव पास किया गया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article