हेल्थ

मां बनने के बाद कैसे बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर का खतरा, क्या होता है पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन, ये हैं लक्षण और बचाव

What is postpartem hypertension in Hindi: मां बनने के बाद महिलाओं को कई तरह के बदलाव शरीर में महसूस होते हैं। इसमें से एक है पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन यानी प्रेग्नेंसी के बाद बॉडी में ब्लड प्रेशर का बढ़ जाना। जानें क्या होता है पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन, क्या हैं इसके लक्षण और बचाव के तरीके।

Image

High BP after Pregnancy

What is postpartem hypertension in Hindi: मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे खास और भावनात्मक पल होता है। यह वह एहसास है जिसे शब्दों में पूरी तरह बयां नहीं किया जा सकता। कहा भी जाता है कि जब एक महिला मां बनती है, तो वह खुद भी एक नए रूप में जन्म लेती है। लेकिन इस नए जीवन के साथ बहुत सी चुनौतियां भी आती हैं। डिलीवरी के बाद महिला का शरीर थका हुआ होता है, उसमें कमजोरी आ जाती है और हार्मोन में बदलाव होता है। मूड स्विंग्स होने लगते हैं।

कई महिलाओं में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या भी देखने को मिलती है। इसे पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन कहा जाता है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह एक गंभीर स्थिति हो सकती है। आखिर यह है क्या, यह समस्या होती क्यों है और इसका क्या उपचार है, चलिए आपको बताते हैं।

पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन क्या होता है

पिट्सबर्ग विश्वविद्यालय मेडिकल सेंटर के मुताबिक, पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन की समस्या लगभग 15 प्रतिशत महिलाओं को हो सकती है। यह समस्या अचानक नहीं होती है। अगर किसी महिला को गर्भावस्था से पहले या गर्भावस्था के दौरान हाई ब्लड प्रेशर रहा है, तो उसे डिलीवरी के बाद भी यह समस्या दोबारा हो सकती है। हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर एक गंभीर बीमारी है। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार, डिलीवरी के 42 दिन के अंदर होने वाली महिलाओं की मौतों में लगभग 10 प्रतिशत कारण हाई ब्लड प्रेशर होता है। इसलिए इसका समय पर ध्यान और इलाज बहुत जरूरी है।

पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन के लक्षण

प्रेग्नेंसी के बाद अगर किसी महिला को इनमें से कुछ लक्षण महसूस होते हैं तो ब्लड प्रेशर की रेग्युलर मॉनिटरिंग जरूरी है। देखें क्या हो सकते हैं लक्षण -

  • सीने में दर्द
  • बेहोशी आना
  • बहुत तेजी से सांस फूलना
  • आंखों के सामने धुंध
  • चमक या धब्बे दिखना
  • हाथ, पीठ, गर्दन या जबड़े में दर्द
  • पसीना आना या मिचलाना
  • लगातार सूखी खांसी रहना
  • दिल की धड़कन तेज होना
  • अचानक वजन बढ़ना
  • ज्यादा थकावट होना
  • तेज सिरदर्द और पैरों या टखनों में सूजन

पोस्टपार्टम हाइपरटेंशन से कैसे बचें

अगर किसी महिला को डिलीवरी के बाद ये लक्षण हैं, तो उन्हें अपने डॉक्टर से नियमित रूप से मिलते रहना चाहिए ताकि ब्लड प्रेशर और बाकी जरूरी जांच की जा सके। दिन में कम से कम एक या दो बार खुद अपना ब्लड प्रेशर चेक करें। डॉक्टर के अनुसार दवाइयां और डाइट लें। सही निगरानी और इलाज से इस समस्या को कंट्रोल में किया जा सकता है।

इनपुट - आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article