हेल्थ

आइस बाथ में चिल करते दिखे जाने माने सिंगर बादशाह, जानें इससे सेहत को होने वाले फायदे

नहाना हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होता है ये हम सभी अच्छी तरह जानते हैं। हमें नहाने के लिए नॉर्मल तापमान के पानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आइस बाथ करने से आपकी सेहत को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

Image

ice bath benefits

मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह आइस बाथ लेते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को देखकर उनके फैंस काफी हैरान भी हैं, क्योंकि ठंडे पानी से भरे टब में बैठना कोई आसान काम नहीं है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आइस बाथ लेने से हमारे शरीर को क्या-क्या फायदे हो सकते हैं? इसे लेकर बॉलीवुड की फेमस फिटनेस कोच यास्मीन कराचीवाला ने विस्तार से बताया। यास्मीन ने हाल ही में आइस बाथ का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, और कैप्शन में इसके फायदे गिनवाए थे। चलिए इन फायदों को विस्तार से समझते हैं।

आइस बाथ के फायदे

यास्मीन दीपिका-कैटरीना के अलावा कई बॉलीवुड एक्ट्रेसेज को फिटनेस ट्रेनिंग देती हैं। यास्मीन के मुताबिक, आइस बाथ मांसपेशियों के दर्द को कम करने में मदद करता है। जब हम ठंडे पानी में बैठते हैं, तो हमारे शरीर की मांसपेशियों में जो सूजन या दर्द होता है, वह कम हो जाता है। यह खासतौर पर तब फायदेमंद होता है जब हम कसरत या दौड़कर आते हैं। आइस बाथ से शरीर को ठंडक मिलती है और मांसपेशियां जल्दी ठीक हो जाती हैं।

आइस बाथ तेजी से रिकवरी करने में काफी मदद करता है। साथ ही ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है। जब हम बर्फ से भरे ठंडे पानी में बैठते हैं, तो शरीर की नसें थोड़ी सिकुड़ जाती हैं। लेकिन पानी से बाहर आने पर शरीर फिर से सामान्य तापमान में आ जाता है, जिससे ये नसें दोबारा फैलने लगती हैं। इस प्रक्रिया से खून का बहाव तेज होता है, जिससे पूरे शरीर में ऑक्सीजन युक्त खून तेजी से पहुंचता है। इससे हमें तरोताजा महसूस होने लगता है। आइस बाथ न सिर्फ मांसपेशियों को राहत देता है, बल्कि शरीर को ठीक से काम करने में भी मदद करता है। इसलिए बहुत से लोग इसे अपनी रोजमर्रा की देखभाल में शामिल करने लगे हैं।

आइस बाथ मानसिक ताकत बढ़ाने का भी एक शानदार तरीका है। ठंडे पानी में बैठना आसान काम नहीं होता। शुरुआत में यह बहुत मुश्किल और असहज लगता है, लेकिन जब कोई इंसान इस चुनौती को स्वीकार करता है और शांत दिमाग से कुछ मिनट तक ठंडे पानी में बैठा रहता है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। यह अनुभव दिमाग को सिखाता है कि मुश्किल हालात में भी शांत रहना और नियंत्रण बनाए रखना कितना जरूरी है। आइस बाथ के दौरान हमारी सहनशक्ति और एकाग्रता भी अच्छी होती है। बार-बार ऐसा करने से इंसान मानसिक रूप से मजबूत बनता है और बाकी मुश्किल हालात का सामना भी बेहतर तरीके से कर पाता है।

इनपुट : आईएएनएस

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article