हेल्थ

Overnight Weight Gain: रातभर में 2 किलो वजन बढ़ गया और चेहरा भी सूज गया, जानिए ये मोटापा है या शरीर का कोई और संकेत

Overnight Weight Gain: क्या सुबह उठते ही 2 किलो वजन बढ़ गया और चेहरा सूजा हुआ दिख रहा है? यह हमेशा मोटापा नहीं होता। एक्सपर्ट बताते हैं कि कार्ब्स, ग्लाइकोजन और सोडियम की वजह से शरीर में पानी रुक सकता है। जानिए इसके पीछे की पूरी साइंटिफिक वजह।

Image

अचानक वजन बढ़ा और चेहरा गया सूज, क्या है वजह

Overnight Weight Gain: सुबह उठकर अगर आपका वजन अचानक 1-2 किलो बढ़ा हुआ दिखे और चेहरा भी सूजा-सूजा लगे, तो घबराना स्वाभाविक है। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि उनका मोटापा बढ़ गया है। लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। हेल्थ इन्फ्लुएंसर, फिटनेस कोच और न्यूट्रिशनिस्ट अक्षय एस शेट्टी के मुताबिक, एक ही रात में इतना फैट बढ़ना लगभग नामुमकिन है। कई बार इसके पीछे वजह शरीर में कुछ समय के लिए पानी रुक जाना होती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है और कब चिंता करने की जरूरत होती है।

रातभर में फैट नहीं पानी बढ़ सकता है

अगर रात में आपने बिरयानी, चावल, रोटी या दूसरी कार्ब्स वाली चीजें ज्यादा खाई हैं, तो सुबह वजन बढ़ा हुआ दिख सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि शरीर में अचानक मोटापा आ गया है। दरअसल, शरीर इन चीजों से मिली ऊर्जा को कुछ समय के लिए जमा करके रखता है। इस दौरान उसके साथ पानी भी रुक जाता है। यही वजह है कि वजन मशीन पर 1-2 किलो ज्यादा दिख सकता है।

नमकीन खाना भी चेहरे की सूजन बढ़ा सकता है

अगर रात के खाने में चिप्स, अचार, फास्ट फूड या होटल का ज्यादा नमकीन खाना खाया है, तो अगली सुबह चेहरा थोड़ा फूला हुआ लग सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ज्यादा नमक खाने पर शरीर कुछ समय के लिए पानी रोककर रखता है। इसी वजह से चेहरे, हाथों या पैरों में हल्की सूजन भी दिखाई दे सकती है।

वजन बढ़ा दिखे तो घबराएं नहीं

अक्षय एस शेट्टी कहते हैं कि अगर आप नियमित रूप से संतुलित खाना खा रहे हैं और वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो एक दिन का बढ़ा हुआ वजन देखकर परेशान न हों। कई बार यह सिर्फ शरीर में रुका हुआ पानी होता है, जो सामान्य खानपान और रोजमर्रा की दिनचर्या के बाद अपने आप कम हो जाता है।

कब ध्यान देने की जरूरत है

अगर सूजन कई दिनों तक बनी रहे, सांस लेने में दिक्कत हो, पैरों में बहुत ज्यादा सूजन आए या वजन लगातार बढ़ता जाए, तो इसे हल्के में न लें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। लेकिन अगर कभी ज्यादा खाना खाने के अगले दिन वजन थोड़ा बढ़ जाए, तो तुरंत घबराने की जरूरत नहीं है। याद रखें, एक दिन ज्यादा खाने से कोई मोटा नहीं हो जाता। इसलिए वजन मशीन और आईने को देखकर घबराने के बजाय अपनी अच्छी आदतों को बनाए रखें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article