हेल्थ

डेंगू का इलाज करना होगा अब बेहद आसान, भारत में बनाई जा रही Dengue Vaccine, बचेगी लाखों लोगों की जान

कोरोना जैसी महामारी से दुनिया भर को बचाने के बाद भारत ने अब डेंगू जैसी जानलेवा बीमारी का इलाज भी खोज लिया है। भारत में डेंगू की स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण किया जा रहा है, जिसका नाम DengiAll रखा गया है। हालांकि अभी ये टीका अपने क्लीनिकल ट्रायल में है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

Image

first dengue vaccine of india

कोरोना महामारी के खतरनाक दौर से खुद को बचाने के लिए भारत ने बहुत तेजी से स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण किया था। जिसके बाद अब भारत ने एक और खतरनाक बीमारी को मात देने के लिए एक सकारात्मक कदम उठा लिया है। भारत डेंगू से निजात पाने की दिशा में बड़ी कामयाबी की ओर बढ़ रहा है। कोरोना से निजात पाने की तरह ही भारत में डेंगू का इलाज भी एक देसी वैक्सीन से किया जाएगा। इस देसी डेंगू वैक्सीन का नाम DengiAll रखा गया है। जो लाखों लोगों की जिंदगियों बचाने में मदद कर सकती है। हालांकि आपको बता दें कि यह टीका फिलहाल अपने तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल में है और एक्सपर्ट इसकी सफलता के लिए काफी उत्साहित हैं। उम्मीद है कि यदि सब ठीक रहा तो अगले साल हमें डेंगू का पक्का इलाज मिल जाएगा। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

कहां हो रहा वैक्सीन का निर्माण?

आपको बता दें कि ICMR के पूर्व महानिदेशक ने इस कोविड वैक्सीन को बनाने में काफी अहम भूमिका निभाई है। TOI की खबर की मानें तो डॉ. बलराम भार्गव (ICMR के पूर्व महानिदेशक) कोलकाता में एक विज्ञान प्रदर्शनी में बताया कि DengiAll नाम की देसी वैक्सीन पैनेसिया बायोटेक और ICMR के सहयोग से तैयार की जा रही है। अपने पहले और दूसरे के ट्रायल के बाद इस वैक्सीन का तीसरा ट्रायल 10 हजार से ज्यादा लोगों पर किया जा रहा है। जिसमें देश के 18 राज्य और केन्द्रशासित प्रदेशों के लोग शामिल हैं। इस वैक्सीन का ट्रायल देश के कुल 19 केंद्रों पर चल रहा है।

जानलेवा बीमारी है डेंगू

मच्छर से फैलने वाली बीमारी डेंगू लोगों के लिए जानलेवा तक बन जाती है, जिससे आपको बचाव करना बहुत जरूरी होता है। मानसून का मौसम शुरु होते ही देश भर में डेंगू का कहर दिखना भी शुरू हो जाता है। हर साल देश में हजारों लोगों की मौत का कारण डेंगू बनता है। ऐसे में यदि ये वैक्सीन का निर्माण सफलतापूर्वक होता है, तो हजारों जान बचाने में काफी मदद मिल जाएगी। डेंगू के इलाज में ये वैक्सीन एक गेम चेंजर साबित हो सकती है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article