हेल्थ

Heatwave Alert: गर्मी में अचानक लो BP हो सकता है खतरनाक, बचने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स

Heatwave Alert: गर्मी में बार-बार चक्कर आना, कमजोरी और थकान महसूस होना लो ब्लड प्रेशर का संकेत हो सकता है। ऐसे में कुछ आसान आदतें अपनाकर आप शरीर को हेल्दी रख सकते हैं।

Image

Heatwave Alert (फोटो: AI)

Heatwave Alert: भारत के तमाम शहरों में इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बना हुआ है। गर्मी इतनी ज्यादा है कि हीटवेव की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। जिन लोगों को लो ब्लड प्रेशर (Low Blood Pressure) की समस्या रहती है, उनके लिए गर्मी का मौसम बहुत ज्यादा परेशानी वाला बन गया है। तेज गर्मी की वजह से ज्यादा पसीना निकलता है, जिससे ब्लड प्रेशर अचानक से नीचे जा सकता है। इसके कारण चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना, थकान और कभी-कभी बेहोशी जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं।

हीटवेव से बचने के लिए अगर आप अपनी रोजमर्रा की आदतों में थोड़ा बदलाव कर लें, तो बीपी को काफी हद तक कंट्रोल में रखा जा सकता है। यहां 5 आसान और असरदार तरीके बताए गए हैं जो आपके बेहद काम आ सकते हैं।

1- शरीर को हाइड्रेट रखें

दिनभर शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए काफी पानी निकल जाता है। अगर शरीर में पानी की कमी हो जाए तो ब्लड प्रेशर तेजी से गिर सकता है। इसलिए कोशिश करें कि दिनभर में कम से कम 2 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं। अगर ज्यादा धूप में रहते हैं या एक्सरसाइज करते हैं तो पानी की मात्रा और बढ़ा दें। हमेशा अपने साथ पानी की बोतल रखें ताकि शरीर में पानी की कमी ना हो।

2- इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी ना होने दें

आपको ये बात पता होनी चाहिए कि पसीने के साथ सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि शरीर के जरूरी मिनरल्स जैसे सोडियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम भी बाहर निकल जाते हैं। ये सभी ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करते हैं। ऐसे में नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी में थोड़ा नमक डालकर पीते रहें। इसके अलावा तरबूज, खीरा और दही जैसी चीजें भी शरीर को ठंडक देने के साथ इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करती हैं।

इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी ना होने दें (फोटो: canva)

इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी ना होने दें (फोटो: canva)

3- बहुत गर्म पानी से ना नहाएं

गर्मियों में छत पर रखी टंकी आग उगलती है। ऐसे में अगर आप गर्म पानी से नहा रहे हैं तो यह आदत आपकी परेशानी को बढ़ा सकती है। गर्म पानी शरीर की नसों को और ज्यादा फैला देता है, जिससे ब्लड प्रेशर गिर सकता है। इसलिए कोशिश करें कि हल्के ठंडे या गुनगुने पानी से ही नहाएं।

4- अचानक खड़े होने से बचें

अगर लो बीपी है तो इस बात की संभावना काफी ज्यादा है कि अचानक उठने पर आपको चक्कर आने लगेगा। गर्मियों में यह परेशानी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। कोशिश करें कि बिस्तर या कुर्सी से धीरे-धीरे उठें। अगर चक्कर जैसा लगे तो तुरंत बैठ जाएं और पैरों को थोड़ा ऊपर रखें। सुबह उठने से पहले हल्की स्ट्रेचिंग करना भी फायदेमंद हो सकता है।

अचानक खड़े होने से बचें (फोटो: canva)

अचानक खड़े होने से बचें (फोटो: canva)

5- धूप में ज्यादा देर रहने से बचें

तेज धूप में लंबे समय तक रहने से शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो सकता है और बीपी अचानक गिर सकता है। इसलिए दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी या सनग्लास का इस्तेमाल करें और बीच-बीच में पानी पीते रहें।

इसके अलावा कुछ और भी चीजे हैं जैसे- शराब और जरूरत से ज्यादा चाय-कॉफी पीने से आपको बचना चाहिए क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है और लो ब्लड प्रेशर की समस्या और बढ़ सकती है। इसकी जगह फ्रेश जूस, हर्बल टी या डिटॉक्स वॉटर का सेवन आप कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article