Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Heatwave in India: पारा 50 छूने को तैयार, घर से इन चीजों के बिना ना निकलें ऑफिस जाने वाले, लू से बचने के लिए बैग में क्या-क्या रखें

हीटवेव यानी लू और तेज गर्मी में ऑफिस जाने वालों को अगर हेल्दी रहना है, तो उनके पास हीटवेव सर्वाइवल किट की होना जरूरी है। डॉक्टर से जानिए ऑफिस बैग में क्या रखें, कौन-सी गलतियों से बचें और डिहाइड्रेशन व लू से खुद को कैसे सुरक्षित रखें।

Image
ऑफिस जाने वाले घर से निकलते समय जरूर देखें ये हीटवेव चेकलिस्ट
Authored by: Vineet
Updated May 23, 2026, 20:35 IST
Follow on Google News

Heatwave Survival Kit For Office Goers: गर्मी इस समय अपने चर्म पर है। आजकल सुबह के 8-9 बजे से ही ऐसा लगता है जैसे दोपहर हो गई हो। जो लोग ऑफिस या घर से बाहर जाकर काम करने को मजबूर हैं, उनके लिए ये समय और भी चुनौतीपूर्ण बन गया है। गर्मी के असर से बचने के लिए लोग जल्दी-जल्दी घर से निकल रहे हैं, लेकिन बाहर कदम रखते ही तेज गर्म हवा चेहरे पर लगती है। घर से निकलने के निकलने के बाद देखने को मिलता है कि मेट्रो स्टेशन के बाहर खड़े होकर पसीना पोंछ रहे हैं। कोई बार-बार पानी पी रहा है, तो कोई छांव ढूंढ रहा है।

ऑफिस पहुंचते-पहुंचते कई लोगों का सिर भारी हो जाता है और उन्हें घर से ऑफिस पहुंचने में ही शरीर थका हुआ महसूस होने लगता है। ऐसे में अगर सेहतमंद रहना है तो ऑफिस जाने वालों के पास हीटवेव सर्वाइवल किट (Heatwave Survival Kit) होना बहुत जरूरी है। जानिए हीटवेव सर्वाइवल गाइड में क्या होता है और ऑफिस जाते समय आपके बैग में कौन-कौन सी चीजें जरूर होनी चाहिए।

हीटवेव सर्वाइवल किट क्यों जरूरी है

गर्मी में ऑफिस जाने वालों के लिए हीटवेव सर्वाइकल किट जरूरी है क्योंकि आजकल की गर्मी सिर्फ आम गर्मी नहीं रह गई है। आजकल चलने वाली लू यानी हीटवेव शरीर पर बुरा असर डाल सकती हैं। खासकर उन लोगों के लिए, जिन्हें रोज ऑफिस के लिए बाहर निकलना पड़ता है। लंबे ट्रैवल, ट्रैफिक, धूप और भागदौड़ की वजह से शरीर जल्दी कमजोर पड़ने लगता है।

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के डायबिटीज विशेषज्ञ और सीनियरल कंसल्टेंट डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी के मुताबिक, हीटवेव के दौरान शरीर में पानी की कमी बहुत तेजी से हो सकती है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो कमजोरी, चक्कर और लू जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए गर्मी के मौसम में ऑफिस जाने वाले हर व्यक्ति को बैग में हीट सर्वाइवल किट रखना बेहद जरूरी हो जाता है।

हीटवेव सर्वाइवल किट चेकलिस्ट में क्या-क्या होता है (Heatwave Survival Kit Checklist)

डॉक्टर सलाह देते हैं कि गर्मी में जब घर से ऑफिस के लिए निकलने वाले हों, तो एक बार हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी चीजों की लिस्ट जरूर चेक कर लें, जिनमें शामिल है..

  1. पानी की बोतल
  2. ORS
  3. छाता या कैप
  4. सनस्क्रीन
  5. हल्का नाश्ता करना
  6. हल्के स्नैक
  7. खीरा या फल साथ लेकर जाना
  8. कॉटन के कपड़े पहनना
  9. धूप का चश्मा यानी सनग्लासेस
  10. छोटा तौलिया

ये छोटी-छोटी चीजें तेज गर्मी में बड़ी परेशानी से बचा सकती हैं। इसलिए ये आपकी हीटवेव चेकलिस्ट और ऑफिस बैग में जरूर होनी चाहिए।

Heatwave Survival Kit Checklist

Heatwave Survival Kit Checklist

हीटवेट किट शरीर को ठंडा रखने में करती है मदद

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के एक अन्य सीनियर कंसल्टेंट डॉ. दिलीप गुडे की मानें तो बहुत लोग सोचते हैं कि सिर्फ AC में बैठने से गर्मी का असर खत्म हो जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है। अगर शरीर के अंदर पानी की कमी हो जाए, तो इंसान को कमजोरी, सिर दर्द और थकान महसूस हो सकती है। इसलिए गर्मी में सिर्फ बाहर से नहीं, शरीर को अंदर से ठंडा रखना भी जरूरी होता है। नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसी चीजें शरीर को राहत देती हैं।

डॉ. बताते हैं कि बहुत ज्यादा चाय, कॉफी और मीठे कोल्ड ड्रिंक शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। इसलिए गर्मी में सादा पानी और घर के बने ड्रिंक्स ज्यादा फायदेमंद रहते हैं।

ऑफिस निकलने से पहले बैग में जरूर रख लें ये चीजें

ऑफिस निकलने से पहले बैग में जरूर रख लें ये चीजें

ऑफिस बैग में क्या-क्या जरूर होना चाहिए

डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी कहते हैं कि गर्मी में ऑफिस बैग सिर्फ लैपटॉप और चार्जर रखने के लिए नहीं होना चाहिए। उसमें कुछ ऐसी चीजें भी होनी चाहिए, जो तेज गर्मी में शरीर को राहत दे सकें। सबसे जरूरी है पानी की बोतल। शरीर में पानी की कमी होने लगे, तो इंसान जल्दी थकने लगता है। इसलिए कोशिश करें कि हर थोड़ी देर में पानी पीते रहें।

इसके अलावा ORS का छोटा पैकेट रखना भी अच्छा माना जाता है। ज्यादा पसीना आने पर शरीर से जरूरी नमक और पानी निकल जाता है। ORS इस कमी को पूरा करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा बैग में ये चीजें रखना भी फायदेमंद हो सकता है:

  • छाता या कैप
  • सनग्लासेस
  • छोटा तौलिया या वेट वाइप्स
  • सनस्क्रीन
  • हल्का स्नैक या ड्राई फ्रूट्स

लंबे समय तक धूप में रहने वालों को शरीर को बार-बार हाइड्रेट रखना चाहिए, क्योंकि गर्मी में शरीर ज्यादा पसीना छोड़ता है।

ऑफिस जा रहे हैं तो गर्मी में कैसे कपड़े पहनें

हीटवेव में का चुनाव भी बहुत जरूरी होता है। कई लोग ऑफिस के लिए टाइट फिटिंग या सिंथेटिक कपड़े पहन लेते हैं, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस होती है। डॉ. दिलीप गुडे की मानें तो गर्मी में हमेशा हल्के रंग और ढीले-ढाले कपड़े पहनने चाहिए। कॉटन के कपड़े शरीर को हवा लेने देते हैं, जिससे पसीना जल्दी सूखता है और शरीर को थोड़ी राहत मिलती है।

वहीं नायलॉन और बहुत टाइट कपड़े गर्मी को शरीर में रोक सकते हैं। इससे ज्यादा पसीना, बेचैनी और स्किन पर दाने जैसी दिक्कत हो सकती है। ऐसे में कोशिश करें कि:

  • कॉटन के कपड़े पहनें
  • हल्के रंग चुनें
  • ढीले-ढाले कपड़े पहनें
  • नायलॉन और टाइट फिटिंग कपड़ों से बचें
Heatwave Survival guide Clothes

Heatwave Survival guide Clothes

गर्मी में घर से खाली पेट बिल्कुल न निकलें

ऑफिस की जल्दी में कई लोग बिना कुछ खाए ही घर से निकल जाते हैं। लेकिन तेज गर्मी में ऐसा करना शरीर पर भारी पड़ सकता है। डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी बताते हैं कि खाली पेट बाहर निकलने से शरीर जल्दी कमजोर महसूस कर सकता है। इससे चक्कर आना, सिर भारी लगना और थकान जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। घर से निकलने से पहले हल्का नाश्ता जरूर करें जैसे:

  • पोहा
  • दलिया
  • दही
  • फल
  • उपमा
  • पराठा और दही

इससे शरीर को दिनभर काम करने की ताकत मिलती है।

गर्मी में ऑफिस जाने वाले बाहर का खाने से क्यों बचें

गर्मी के मौसम में बाहर रखा खाना जल्दी खराब हो सकता है। खासकर सड़क किनारे मिलने वाला खाना कई बार पेट खराब कर सकता है। डॉ. दिलीप गुडे के मुताबिक, गर्मियों में फूड पॉइजनिंग और पेट से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं। इसलिए कोशिश करें कि घर का ताजा खाना खाएं। बहुत भारी और ऑयली लंच करने से भी शरीर सुस्त महसूस कर सकता है। ऐसे में हल्का खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है। इसके अलावा इन बातों का भी रखें ध्यान:

  • बाहर का कटा हुआ फल खाने से बचें
  • ज्यादा देर बाहर रखा खाना न खाएं
  • बहुत मसालेदार खाना कम खाएं
  • बैग में खीरा या सलाद रखें

धूप में निकलने से पहले ये गलतियां न करें

ऑफिस जाने की जल्दी में लोग कई बार ऐसी गलतियां कर देते हैं, जो बाद में परेशानी बढ़ा सकती हैं।

खाली पेट बाहर निकलना

खाली पेट बाहर निकलने से शरीर जल्दी कमजोर महसूस कर सकता है। हल्का नाश्ता करके निकलना बेहतर माना जाता है।

गहरे रंग के कपड़े पहनना

डार्क कपड़े गर्मी ज्यादा सोखते हैं। ऐसे में हल्के रंग के कॉटन कपड़े ज्यादा आरामदायक रहते हैं।

पानी साथ न रखना

कई लोग सोचते हैं कि रास्ते में पानी मिल जाएगा, लेकिन तेज गर्मी में शरीर को बार-बार पानी की जरूरत पड़ सकती है।

धूप से आकर तुरंत बर्फ वाला पानी पीना

बहुत ठंडा पानी तुरंत पीने से कुछ लोगों को सिर दर्द या गले में परेशानी महसूस हो सकती है।

ऑफिस जाते समय क्या पीना ज्यादा फायदेमंद है

डॉक्टर का मानना है कि गर्मी में सिर्फ ठंडी चीजें पीना जरूरी नहीं है, बल्कि ऐसी चीजें पीना जरूरी है जो शरीर में पानी की कमी न होने दें। ऐसे में इन चीजों को अपनी दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है:

  • नारियल पानी
  • छाछ
  • नींबू पानी
  • आम पन्ना
  • बेल का शरबत
  • ORS
  • सादा पानी

डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी के मुताबिक, हीटवेव के दौरान शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स तेजी से कम हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ प्यास लगने पर पानी पीना काफी नहीं है।

गर्मी में ऑफिस सफर के दौरान खुद को कैसे बचाएं

हीटवेव में डॉक्टर सलाह देते हैं कि जो लोग रोज बाइक, बस या मेट्रो से ऑफिस जाते हैं, उन्हें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होती है। अगर आप बाइक चलाते हैं, तो सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलें। धूप में ज्यादा देर खड़े रहने से बचें। कोशिश करें कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बहुत ज्यादा बाहर न रहना पड़े। अगर शरीर बहुत ज्यादा गर्म महसूस हो, तो थोड़ी देर छांव में आराम करना बेहतर रहता है।

शरीर कब देता है खतरे का संकेत

गर्मी में शरीर कई बार पहले से संकेत देने लगता है, लेकिन लोग उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। अगर ये लक्षण महसूस हों, तो सावधान हो जाना चाहिए:

  • बार-बार चक्कर आना
  • सिर दर्द
  • बहुत ज्यादा कमजोरी लगना
  • मुंह सूखना
  • दिल की धड़कन तेज लगना
  • जरूरत से ज्यादा थकान महसूस होना

डॉ. दिलीप गुडे के मुताबिक, ऐसे संकेत शरीर में पानी की कमी की तरफ इशारा कर सकते हैं। ऐसे में तुरंत पानी, ORS या कोई हाइड्रेटिंग ड्रिंक लेना चाहिए।

गर्मी की वजह से होने वाली दिक्कतों को अनदेखा न करें

गर्मी की वजह से होने वाली दिक्कतों को अनदेखा न करें

कब तुरंत डॉक्टर के पास जाना जरूरी है

अगर किसी व्यक्ति को तेज बुखार, उल्टी, बेहोशी या सांस लेने में परेशानी हो रही हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर्स के अनुसार, ये लक्षण गंभीर गर्मी या लू का संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी होता है।

आखिर में सबसे जरूरी बात

डॉक्टर मानते हैं कि हीटवेव अब सिर्फ मौसम की खबर नहीं रह गई है। यह रोज बाहर निकलने वाले लोगों की सेहत पर सीधा असर डाल रही है। खासकर ऑफिस जाने वालों के लिए थोड़ी तैयारी और सावधानी बहुत जरूरी है।

अगर आप सही चीजें अपने बैग में रखें, समय-समय पर पानी पीते रहें और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाएं, तो तेज गर्मी में भी खुद को काफी हद तक सुरक्षित रख सकते हैं।

End of Article