Healthy Kidney Tips: किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह न केवल शरीर से टॉक्सिंस और अतिरिक्त तरल पदार्थ को बाहर निकालती है, बल्कि बल्ड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करती है। ये हमारे शरीर में खनिजों का संतुलन बनाए रखने और रेड ब्लड सेल्स के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हालांकि बढ़ती उम्र के साथ किडनी की कार्यक्षमता में बदलाव आ सकता है, लेकिन अच्छी बात यह है कि सही आदतों को अपनाकर हर उम्र में किडनी को स्वस्थ रखा जा सकता है। शालीमार बाग के फोर्टिस हॉस्पिटल, में नेफ्रोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. योगेश कुमार छाबड़ा से जानते हैं उम्र के अनुसार (Kidney Health By Age) किडनी की देखभाल के टिप्स।
20 से 30 की उम्र में कैसे रखें किडनी को फिट
20-30 की उम्र यानी युवावस्था वह समय है जब किडनी सामान्य रूप से सबसे बेहतर तरीके से काम करती है। इस उम्र में भविष्य की समस्याओं से बचने के लिए स्वस्थ लाइफस्टाइल अपनाना बेहद जरूरी है। जिसमें पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, ताजे फल और हरी सब्जियों से भरपूर बैलेंस डाइट लेना तथा डेली एक्सरसाइड करना किडनी की सेहत के लिए लाभकारी होता है।
डॉ. योगेश कुमार छाबड़ा के अनुसार इस उम्र में धूम्रपान और अत्यधिक शराब के सेवन से बचना चाहिए। इसके अलावा बिना डॉक्टर की सलाह के पेन किलर का बार-बार उपयोग भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना भी एक अच्छी आदत है, जिससे किसी समस्या का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बच्चों में सिकल सेल रोग के शुरुआती लक्षण, नजरअंदाज करने की न करें भूल
40 की उम्र के बाद कैसे रखें किडनी का ख्याल
डॉ. छाबड़ा के अनुसार, 40 साल की उम्र के बाद हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और मोटापे जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ने लगता है। ये सभी स्थितियां किडनी रोगों के प्रमुख कारण मानी जाती हैं। इसलिए इस उम्र में ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की नियमित जांच कराना बेहद आवश्यक हो जाता है।
एक्सपर्ट् की सलाह है कि 40 के बाद आप नमक का सेवन सीमित रखें और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाएं। इसके साथ ही डेली फिजिकल एक्टिविटी, वेट और स्ट्रेस कंट्रोल भी किडनी को लंबे समय तक हेल्दी रखने में मदद करते हैं। यदि परिवार में किसी को किडनी से जुड़ा रोग रहा हो तो अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
60 साल से ज्यादा उम्र में कैसे रखें किडनी का ख्याल
बढ़ती उम्र के साथ किडनी की कार्यक्षमता स्वाभाविक रूप से कुछ कम हो सकती है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और डॉक्टर की सलाह का पालन करना अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है। 60 साल की उम्र पार होने के बाद पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और शारीरिक रूप से सक्रिय रहना किडनी के लिए फायदेमंद होता है।
यदि किसी व्यक्ति को पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या हार्ट रोग है, तो दवाओं का नियमित सेवन और चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक है। इसके साथ ही किडनी की कार्यक्षमता जांचने वाले टेस्ट समय-समय पर कराते रहना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ऑटिज्म को समझने का समय, क्यों तेजी से बढ़े मामले और जानें कुछ प्रेरणादायी कहानियां
किडनी की सेहत को फिट रखने के टिप्स
आपको जान लेना चाहिए कि किडनी रोग अक्सर शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाते है। यही कारण है कि नियमित जांच और हेल्दी लाइफस्टाइल ही इनसे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। चाहे आपकी उम्र 25 वर्ष हो या 65 साल इन दो नियमों के अपनाकर ही आप अपनी किडनी को फिट बनाए रख सकते हैं।
किडनी की सेहत केवल एक अंग की नहीं, बल्कि पूरे शरीर की सेहत की कहानी है। इसलिए आज से ही छोटी-छोटी अच्छी आदतों को अपनाकर अपनी किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रखने का संकल्प लें।
